
कोरबा 27 नवंबर 2026/जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कोरबा के द्वारा 04 दिसंबर को संभाग स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन लाईवलीहुड कॉलेज कोरबा में प्रातः 10ः00 बजे से दोपहर 03ः00 बजे तक किया जा रहा है जिसमें 19 नियोजकों द्वारा विभिन्न्ा पदों पर भर्ती की जाएगी।
रिक्तियों का विवरण इस प्रकार है – सेफ्टी ऑफिसर, सुपरवाईजर, हेल्पर, ड्राईवर, सर्विस इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल/मैकेनिकल), सेल्स एक्जक्यूटिव, सेविंग मशीन ऑपरेटर, कस्टमर सर्विस रिप्रेजेन्टटिव, वेल्डर, सी.एन.सी. टर्निंग मशीन ऑपरेटर, कटर मशीन ऑपरेटर, फिटर, कांउसलर, टेलीकॉलर, ह्यूमन रिसोर्स प्लेसमेंट मैनेजर, एक्सपेंषन मैनेजर, ऑफिस अटेंडेंट महिला, फस्टएड ट्रेनर, सिक्योरिटी गार्ड, एच.आर.एक्जक्यूटिव, केयर टेकर/असिस्टेंट नर्स, बेबी सिटर, मार्केटिंग एक्जक्यूटिव, इलक्ट्रिक मीटर टेक्निशियन, एग्रीकल्चर ऑफिसर (एरिया सेल्स ऑफिसर), सेल्स ऑफिसर, डिवाटरिंग ऑपरेटर, रिसेप्शनिष्ट, स्टोर मैनेजर (स्टोर इंचार्ज), एकाउंटेंट, विडियो एडिटर, सर्विस सुपरवाईजर, सेल्स रिप्रेजेन्टेटिव, ट्रेनी डेल्फि टी.वी.एस., एसोसियेट स्टेंलटिस, फिल्ड ऑफिसर, होटड मैनेजर, सोलर पी.वी. इंस्टॉलर, बीमा सखी, रूरल कैरियर एजेंट, सीटी कैरियर एजेंट, रिलेशनशिप मैनेजर हेतु कुल पद – 1355, योग्यता – 8वी, 10वीं, 12वी, स्नातक, स्नातकोत्तर, आई.टी.आई, डिप्लोमा इंजीनियरिंग, बी.एस.सी एग्रीकल्चर/नर्सिंग एम.बीए ए.एन.एम./जी.एन.एम. आयुसीमा- 18-45 वर्ष तक एवं वेतनमान रूपये – 8,000 से 40,000 तक नियोजक द्वारा निर्धारित किया गया है। रोजगार मेला में महिला अभ्यर्थियां भी सम्मिलित हो सकती हैं।
रोजगार मेला में सम्मिलित होने के लिए वेबसाईट www.erojgar.cg.gov.in/ Chhattisgarh Rojgar App आवेदक/आवेदिकाओं का रोजगार पंजीयन होना अनिवार्य है। साथ ही उक्त रोजगार मेला हेतु इच्छुक रिक्त पदों में ऑनलाईन अप्लाई किया जाना आवश्यक है। जिन आवेदकों/ आवेदिकाओं ने रोजगार पंजीयन नहीं किया है वे वेबसाईट www.erojgar.cg.gov.in में अपना रोजगार पंजीयन करवा सकते हैं। रोजगार मेला में सम्मिलित होने हेतु अपना समस्त शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र और रोजगार पंजीयन, अनुभव प्रमाण पत्र इत्यादि दस्तावेजों के साथ निर्धारित स्थल में उपस्थित हो सकते हैं। संभाग स्तरीय रोजगार मेला की जानकारी www.erojgar.cg.gov.in/ Chhattisgar Rojgar App हैं में देख सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय कोरबा का दूरभाष नं.- 07759-222069 में संपर्क किया जा सकता है।
कोरबा, 27 नवम्बर 2026/गोढ़ी-पंडरीपानी राखड़ डेम से राखड़ परिवहन में अनियमितता के संबंध में प्राप्त शिकायत की जांच के दौरान अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग का मामला सामने आने पर संबंधित विद्युत संयंत्र के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई है। संयुक्त जांच दल की जांच में अनियमितता पाए जाने पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह, कोरबा पूर्व पर 19 लाख 15 हजार 500 रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई है।
कार्यालय कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी, कोरबा द्वारा प्राप्त शिकायत के संदर्भ में जांच के लिए गठित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), कोरबा, जिला परिवहन अधिकारी, कोरबा एवं क्षेत्रीय अधिकारी, छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल, कोरबा के संयुक्त जांच दल ने मामले की जांच की। जांच में ग्राम-बोईदा में राखड़ भराव के लिए अनुमति प्राप्त स्थल पर राखड़ का वास्तविक भराव नहीं पाया गया। संयंत्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऐश डाइक से ग्राम-बोईदा स्थित अनुमति प्राप्त स्थल के लिए कुल 43 ट्रिप राखड़ का परिवहन किया जाना बताया गया था। किंतु मौके पर निरीक्षण के दौरान अनुमति प्राप्त स्थल पर राखड़ का वास्तविक भराव नहीं पाया गया।
इस गंभीर अनियमितता को दृष्टिगत रखते हुए 1277 टन राखड़ की मात्रा के आधार पर संबंधित विद्युत संयंत्र पर 19 लाख 15 हजार 500 रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई है।
क्षेत्रीय अधिकारी द्वारा बताया गया कि कलेक्टर के मार्गदर्शन में अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग की रोकथाम के लिए क्षेत्रीय कार्यालय, कोरबा द्वारा निरंतर निगरानी एवं निरीक्षण किया जा रहा है। साथ ही अवैध रूप से राखड़ का परिवहन एवं डंपिंग करने वाले वाहनों को पकड़ने की कार्रवाई भी की जा रही है। पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन कर अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग करने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी तथा जिम्मेदार व्यक्तियों की जवाबदेही निर्धारित की जाएगी।
कोरबा, 27 नवम्बर 2026/स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के लिए चयनित संविदा शिक्षकों की पदस्थापना प्रक्रिया के तहत आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष के प्रथम तल में काउंसलिंग आयोजित की गई। काउंसलिंग के माध्यम से अभ्यर्थियों को विद्यालयों में रिक्त पदों के अनुसार स्थल चयन का अवसर दिया गया तथा उपस्थित 71 अभ्यर्थियों को पदस्थापना आदेश जारी किए गए।
उल्लेखनीय है कि राज्य कार्यालय द्वारा पूर्व में 82 अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई थी। इन सभी अभ्यर्थियों के शैक्षणिक अभिलेखों का सत्यापन 25 नवम्बर 2026 को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में किया गया था। सत्यापन के लिए 82 में से 76 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 6 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। उपस्थित अभ्यर्थियों में से 74 को पात्र पाया गया तथा 2 अभ्यर्थी अपात्र पाए गए।
पात्र पाए गए 74 अभ्यर्थियों के लिए आज सुबह 10 बजे से काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू हुई। इसमें 71 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। सभी उपस्थित अभ्यर्थियों ने बारी-बारी से अपनी पसंद के अनुसार रिक्त पदों के लिए विद्यालयों का चयन किया। काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद अनुपस्थित रहे 3 पात्र अभ्यर्थियों के लिए भी शेष रिक्त पदों में से लॉटरी के माध्यम से स्थल का चयन कर उनके नाम से नियुक्ति आदेश तैयार किए गए। इस दौरान काउंसलिंग में उपस्थित सभी 71 अभ्यर्थियों को पदस्थापना आदेश जारी किए गए।
कोरबा 27 नवंबर 2026/जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य सुचारू रूप से संचालित है। जिले के 60 सहकारी समितियों के 73 धान उपार्जन केन्द्रो में माध्यम से किसानों से धान उपार्जन किया जाएगा। जिला खाद्य अधिकारी श्री जी एस कंवर ने बताया कि 15 नवम्बर से आज दिनांक तक जिले में कुल 20400.40 क्विंटल धान की खरीदी की गई। शुक्रवार 27 नवम्बर को कुल 4092.80 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया है। समितियों में 30 नवम्बर सोमवार को 6367.20 क्विंटल धान खरीदी हेतु टोकन जारी किया गया है।
उन्होंने बताया कि धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सहूलियत हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है। धान विक्रय हेतु आए किसानो ने पारदर्शी एवं त्वरित धान प्रकिया के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए समर्थन मूल्य में धान की बिक्री होने पर खुशी जाहिर की है।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने धान खरीदी कार्य सफलतापूर्वक संपन्न करने हेतु पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए है। खरीदी केन्द्रों में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुद्ध पेजयल, छांव, बैठक, शौचालय आदि की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही राजस्व, खाद्य, मंडी सहित अन्य विभागों की संयुक्त टीम का गठन कर खरीदी केंद्रों में अवैध धान के आवक पर रोक लगाने हेतु सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।









