
*- छुरिया में राईस मिल सील*
*- अवैध धान के 4 प्रकरणों में 284.40 क्विंटल धान एवं एक वाहन जप्त*
*- जिले में अब तक 42 प्रकरणों में 3 हजार 639.70 क्विंटल धान एवं 6 वाहन जप्त*
*- कोचियों एवं बिचौलियों को सहयोग करने वालों के विरूद्ध भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई*
राजनांदगांव 28 नवम्बर 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान अवैध धान के भंडारण, परिवहन एवं उपार्जन केन्द्रों में अवैध धान खपाने के प्रयासों पर रोक लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा अवैध धान के कारोबार में संलिप्त कोचियों, बिचौलियों एवं उन्हें सहयोग करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में आज छुरिया स्थित एक राईस मिल को सील करने की कार्रवाई की गई। साथ ही जिले में अवैध धान के 4 प्रकरण दर्ज कर कुल 674 कट्टा (284.40 क्विंटल) धान एवं एक वाहन जब्त किया गया।
राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा छुरिया स्थित मेसर्स एआर राईस इंडस्ट्री के संबंध में शिकायत प्राप्त होने पर राईस मिल का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान राईस मिल बंद पाई गई। मिल संचालक को जांच कराने के निर्देश दिए जाने के बावजूद उनके द्वारा जांच में आवश्यक सहयोग नहीं किया गया। जांच दल द्वारा अनियमितता की आशंका के मद्देनजर आगामी आदेश पर्यन्त राईस मिल को सील कर दिया गया है। मिल संचालक द्वारा नियमानुसार जांच कराए जाने के पश्चात ही राईस मिल खोलने के संबंध में सक्षम अधिकारी द्वारा निर्णय लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि उक्त राईस मिल के विरूद्ध गत वर्ष भी कोचियों एवं बिचौलियों को अवैध रूप से धान विक्रय करने संबंधी मामले में कार्रवाई की गई थी। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में राईस मिल द्वारा धान उपार्जन केन्द्रों से 27 हजार 906.57 क्विंटल धान का उठाव किया गया था। जिसके विरूद्ध 18 हजार 772.07 क्विंटल चावल जमा किया जाना था। मिल द्वारा अब तक केवल 6 हजार 691.80 क्विंटल चावल जमा किया गया है तथा 12 हजार 80.27 क्विंटल चावल जमा करना शेष है। निर्धारित समय पर शेष चावल जमा नहीं किए जाने से कस्टम मिलिंग कार्य के प्रति मिल संचालक की उदासीनता भी सामने आई है। अन्य राज्यों से जिले में अवैध धान के प्रवेश को रोकने के लिए अंतर्राज्यीय सीमा पर स्थापित जांच नाकों में सघन जांच की जा रही है। डोंगरगढ़ के बोरतलाव जांच नाका में जांच के दौरान महाराष्ट्र से अवैध रूप से धान का परिवहन करते पाए जाने पर एक वाहन सहित 420 कट्टा (183.40 क्विंटल) धान जप्त किया गया। इसी तरह मंडी डोंगरगढ़ द्वारा लालबहादुर नगर में 38 कट्टा (15 क्विंटल) तथा मंडी राजनांदगांव द्वारा मलपुरी राजनांदगांव स्थित एक पोहा मिल से 216 कट्टा (86 क्विंटल) धान जप्त किया गया। लाइसेंस की निर्धारित सीमा से अधिक धान का संग्रहण करने एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने के कारण जब्ती की कार्रवाई की गई।
जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में अब तक अवैध धान के 42 प्रकरण दर्ज कर कुल 8 हजार 539 कट्टा (3 हजार 639.70 क्विंटल) धान एवं 6 वाहन जप्त किए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा अवैध धान के भंडारण, परिवहन एवं विक्रय में संलिप्त व्यक्तियों एवं संस्थाओं के विरूद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभागों द्वारा निरंतर निगरानी की जा रही है।









