
*- सीईओ जिला पंचायत ने जिले के सभी 122 धान उपार्जन केन्द्रों के प्रभारियों एवं समिति प्रबंधकों की ली समीक्षा बैठक*
*- किसानों के पंजीयन संबंधी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के दिए निर्देश*
*- किसानों एवं हमालों को स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए करें प्रेरित*
*- जिले में अब तक 50 हजार 195.48 मीट्रिक टन धान की खरीदी*
राजनांदगांव 28 नवम्बर 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देश पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में जिले के सभी 122 धान उपार्जन केन्द्रों के प्रभारियों एवं समिति प्रबंधकों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रगति एवं उपार्जन केन्द्रों में की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुव्यवस्थित ढंग से धान खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी उपज का विक्रय करने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। किसानों के पंजीयन संबंधी समस्याओं का प्राथमिकता से त्वरित निराकरण कराएं।
सीईओ जिला पंचायत ने सभी धान उपार्जन केन्द्रों एवं भंडारण स्थलों में धान को पृथक-पृथक एवं निर्धारित आकार में स्टैकिंग कर रखने के निर्देश दिए, ताकि उपलब्ध स्थान का समुचित उपयोग हो सके। उन्होंने कहा कि निर्धारित मानक से अधिक नमी वाले धान की खरीदी नहीं की जाए तथा नमी परीक्षण का विधिवत रिकॉर्ड संधारित किया जाए। सभी धान उपार्जन केन्द्रों में निर्धारित बैनर लगाकर धान खरीदी की तिथि, टोकन एवं हेल्पलाइन नंबर संबंधी जानकारी अद्यतन रखी जाए, ताकि किसानों को आवश्यक जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके। सीईओ जिला पंचायत ने धान उपार्जन केन्द्रों में किसानों एवं हमालों के लिए आयोजित किए जा रहे स्वास्थ्य जांच शिविरों के संबंध में आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपार्जन केन्द्रों में आने वाले किसानों एवं हमालों को नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए प्रेरित करें। साथ ही किसानों को कृषक उन्नति योजना के प्रावधानों एवं इससे मिलने वाले लाभ के संबंध में विस्तार से जानकारी दें।
*जिले में अब तक 50 हजार 195.48 मीट्रिक टन धान की खरीदी*
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 अंतर्गत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से जारी है। खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के धान उपार्जन केन्द्रों में अब तक कुल 50 हजार 195.48 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। जिसमें 19 हजार 834.16 मीट्रिक टन मोटा धान, 25 हजार 277.56 मीट्रिक टन पतला धान एवं 5 हजार 83.76 मीट्रिक टन सरना धान शामिल है।
आगामी धान खरीदी दिवस 30 नवम्बर 2026 को धान विक्रय के लिए जिले के 122 धान उपार्जन केन्द्रों में कुल 1 हजार 874 टोकन जारी किए गए हैं। जारी टोकन के अनुसार 8 हजार 317.67 मीट्रिक टन धान विक्रय के लिए पंजीकृत है। जिला प्रशासन द्वारा किसानों से टोकन में निर्धारित तिथि पर ही अपना साफ-सुथरा एवं सूखा धान लेकर संबंधित धान उपार्जन केन्द्र में पहुंचने की अपील की गई है।









