
टीवी इंडस्ट्री संचिता उगले ने आत्महत्या कर ली. ‘कुमकुम भाग्य’ और ‘वागले की दुनिया’ जैसे सीरियल्स में काम कर चुकी संचिता सिर्फ 22 साल की थी. परिवार के अनुसार, 14 जून 2026 को उनका शव मुंबई के नालासोपारा स्थित घर में मिला था. पुलिस फिलहाल इस मामले की जांच रही है. हालांकि, मौत के पीछे की वजह अभी तक सामने नहीं आई है. इस बीच उनके भाई आकाश उगले ने मनोरंजन इंडस्ट्री में काम करने वाले कलाकारों पर पड़ने वाले दबाव को लेकर कई सवाल उठाए हैं.
भाई आकाश ने इंडस्ट्री के दबाव को बताया बड़ी वजह
संचिता उगले के निधन के बाद उनके भाई आकाश उगले ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि उनकी बहन काफी समय से कई तरह की परेशानियों का सामना कर रही थी. उन्होंने कहा, “इंडस्ट्री का दबाव जरूर था. संचिता भी कई तरह की परेशानियों से गुजर रही थी. यह कुछ हद तक वैसा ही है जैसा सुशांत सिंह राजपूत के साथ हुआ था. वह भी बेहद प्रतिभाशाली एक्टर थे और उन्होंने भी काफी दबाव झेला था.”
सुशांत सिंह राजपूत को लेकर क्या बोले आकाश?
उन्होंने आगे कहा, “इन मामलों पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है. हर साल कई लोग बड़े सपने लेकर मुंबई आते हैं, लेकिन इंडस्ट्री का दबाव और राजनीति कई बार उन सपनों पर भारी पड़ जाती है.” आकाश ने यह भी कहा कि संचिता का निधन 14 जून को हुआ, जो एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मृत्यु की तारीख भी है. उन्होंने इसे एक बेहद दुखद संयोग बताया.
पुलिस की जांच जारी
इंडस्ट्री के दबाव को लेकर आकाश की ओर से लगाए गए आरोप उनके पर्सनल हैं. पुलिस या जांच एजेंसियों ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि संचिता की मौत के पीछे मनोरंजन जगत का दबाव कोई कारण था. अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए तथ्यों की पड़ताल की जा रही है.









