
रायपुर,16 सितंबर 2026/ रक्तदान महादान एक ऐसा पुण्य कार्य है जो किसी ज़रूरतमंद को नया जीवन दे सकता है क्योंकि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प लैब में नहीं बनाया जा सकता। आपके द्वारा दिए गए 1 यूनिट रक्त से अधिकतम तीन लोगों की जान बचाई जा सकती है।
जन-स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने और सामाजिक सरोकार की भावना को जगाने के उद्देश्य से जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर को विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।स्वास्थ्य विभाग ने इस महा-अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह विशेष शिविर प्रातः 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक एक साथ तीन प्रमुख स्थलों जिला चिकित्सालय सारंगढ़, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलाईगढ़ और बरमकेला में आयोजित होगा।
‘रक्तदान करें – जीवन बचाएं’ और ‘सुरक्षित रक्त, सुरक्षित जीवन’ का संदेश देते हुए सीएमएचओ ने कहा कि इस पहल का मुख्य ध्येय आपातकालीन स्थितियों और गंभीर मरीजों के लिए समय पर सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है, ताकि किसी की जिंदगी सिर्फ रक्त के अभाव में न थमे।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने जिले के युवाओं, समाजसेवियों तथा प्रबुद्ध नागरिकों से दिल खोलकर आगे आने का आह्वान किया है। उन्होंने अपील की है कि 17 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचकर अपना रक्तदान करें और मानवता की सेवा के इस पावन संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाएं।









