
1587 पदों के लिए 17 प्रतिष्ठित निजी कंपनियों ने की सहभागिता, 28 अभ्यर्थियों का मौके पर अंतिम चयन

धमतरी, 16 सितंबर 2026/ जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र धमतरी द्वारा जिला परियोजना लाईवलीहुड कॉलेज में आज संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा शिक्षित एवं रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। रोजगार मेले में कुल 1587 रिक्त पदों के विरूद्ध 2005 आवेदकों ने ऑनलाइन आवेदन किया।
मेले में 17 निजी क्षेत्र की कंपनियों ने सहभागिता की। इनमें महाराष्ट्र सहित राज्य के बाहर तथा रायपुर संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से आए नियोजक शामिल रहे। सेवा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, सौर ऊर्जा एवं वित्तीय क्षेत्र सहित विभिन्न सेक्टरों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।
हर अवसर को आगे बढ़ने की सीढ़ी बनाएं : कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा
रोजगार मेले में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने उपस्थित शिक्षित बेरोजगार युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि जीवन में मिलने वाले प्रत्येक अवसर को आगे बढ़ने के एक बड़े अवसर के रूप में देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि सफलता किसी एक स्थान, पद या परिस्थिति की मोहताज नहीं होती। व्यक्ति जहां से शुरुआत करता है, वहीं से अपने अनुभव, कौशल और सीख को निरंतर आगे बढ़ाते हुए नई ऊंचाइयां हासिल कर सकता है।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने भी विभिन्न स्थानों पर कार्य एवं भ्रमण के दौरान अनेक अनुभव प्राप्त किए हैं। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों या छोटे स्थान से शुरुआत करना आगे बढ़ने में बाधा नहीं है। छोटे से छोटे कार्य को भी सीखने और स्वयं को बेहतर बनाने के अवसर के रूप में स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से कहा कि रोजगार की तलाश के साथ-साथ अपने कौशल को लगातार विकसित करें और बदलते समय के अनुरूप नई क्षमताएं अर्जित करें।
उन्होंने विभिन्न कौशल विकास योजनाओं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ उठाने तथा अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर तलाशने की बात कही। उन्होंने कहा कि संघर्ष और निरंतर प्रयास सफलता की यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव हैं। युवाओं को असफलता से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने उपस्थित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रोजगार मेले को केवल नौकरी पाने का माध्यम न मानें, बल्कि इसे अपने करियर की नई दिशा तय करने के अवसर के रूप में देखें।
140 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन, 28 का मौके पर अंतिम चयन
रोजगार मेले में ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों में से 251 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार में भाग लिया। इनमें 140 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया है। इन अभ्यर्थियों का अंतिम चयन नियोजकों द्वारा निर्धारित द्वितीय चरण की चयन प्रक्रिया के उपरांत किया जाएगा। वहीं मेले के दौरान ही 28 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया। शेष अभ्यर्थियों के चयन की प्रक्रिया संबंधित नियोजकों द्वारा पृथक से पूर्ण की जाएगी तथा इसकी सूचना सीधे संबंधित आवेदकों को दी जाएगी।
नियोजकों और रोजगार विभाग की टीम का किया सम्मान
संभागीय रोजगार मेले को सफल एवं प्रभावी बनाने में सहभागी सभी नियोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा युवाओं को निजी क्षेत्र से जोड़ने में नियोजकों के योगदान की सराहना की गई।
इस अवसर पर रोजगार मेले के आयोजन एवं कार्य संपादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले रायपुर संभाग के रोजगार विभाग के कर्मचारियों का भी उत्साहवर्धन किया गया। डॉ. (श्रीमती) शशिकला अतुलकर, उपसंचालक रोजगार द्वारा कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
संभागीय रोजगार मेले ने जिले एवं संभाग के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठित नियोजकों से सीधे जुड़ने, अपनी योग्यता एवं कौशल प्रदर्शित करने तथा रोजगार की संभावनाओं को तलाशने के लिए एक उपयोगी मंच प्रदान किया।









