
*विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी जांच एवं उपचार संबंधी सलाह, 13 मरीजों को आईपीडी में भर्ती कर उपचार प्रक्रिया शुरू*
बिलासपुर, 18 सितंबर 2026/
छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर में सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत कैंसर रोग विभाग द्वारा गैर-संचारी रोगों एवं कैंसर की रोकथाम, समय पर पहचान तथा उपचार के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।
कैंसर रोग विभाग द्वारा आयोजित यह विशेष परामर्श शिविर प्रत्येक शुक्रवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित किया जा रहा है। शुक्रवार को आयोजित शिविर में कुल 35 मरीजों का परीक्षण किया गया। परीक्षण के दौरान मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति का चिकित्सकीय मूल्यांकन कर आवश्यक जांच, आगे के उपचार तथा नियमित चिकित्सकीय निगरानी के संबंध में सलाह दी गई। इनमें से 13 मरीजों को बेहतर उपचार एवं आगे की चिकित्सकीय प्रक्रिया के लिए आईपीडी में भर्ती किया गया, जहां उनकी आवश्यकतानुसार उपचार एवं जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
शिविर का उद्देश्य ऐसे मरीजों को समय पर चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराना है, जिनमें कैंसर से संबंधित लक्षण दिखाई दे रहे हैं अथवा जिन्हें आगे की जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श की आवश्यकता है। शिविर के माध्यम से मरीजों को रोग की प्रारंभिक पहचान, उपचार की उपलब्ध सुविधाओं तथा नियमित फॉलोअप के महत्व की जानकारी भी दी गई।
शिविर में सिम्स अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति, कैंसर रोग विभागाध्यक्ष डॉ. चंद्रहास ध्रुव, डॉ. हेमू टंडन, डॉ. ऋचा अग्रवाल, डॉ. शिवम सोन थालिया एवं डॉ. एरिक केरकेट्टा सहित विभाग के अन्य चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी सरिता बहादुर उज्वला दाश एवं सहयोगी स्टाफ उपस्थित रहे। चिकित्सकों एवं स्टाफ ने मरीजों की जांच, परामर्श तथा आवश्यक उपचार संबंधी प्रक्रियाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।
इस अवसर पर कैंसर रोग विभागाध्यक्ष डॉ. चंद्रहास ध्रुव ने कहा कि कैंसर का प्रारंभिक अवस्था में पता चलने पर उसका उपचार अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि लोगों को तंबाकू, गुटखा, बीड़ी-सिगरेट एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहना चाहिए।
संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता कैंसर की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। शरीर में किसी भी प्रकार की असामान्य गांठ, लगातार दर्द, बिना कारण वजन कम होना, लंबे समय तक ठीक न होने वाला घाव अथवा अन्य असामान्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार ही गंभीर स्थिति से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
सिम्स में कैंसर रोगियों के निदान एवं उपचार के लिए आवश्यक आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं।
सिम्स अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य आम जनता तक गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। कैंसर जैसे गंभीर रोग के प्रति समाज में जागरूकता उत्पन्न करना और मरीजों को प्रारंभिक स्तर पर विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराना इस अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि सिम्स प्रबंधन का निरंतर प्रयास है कि किसी भी मरीज को उपचार के अभाव में परेशानी न हो। संस्थान में कैंसर मरीजों के लिए कीमोथेरेपी, रेडियोथेरेपी परामर्श, सर्जरी तथा आवश्यक जांच एवं उपचार सुविधाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि मरीजों को बेहतर उपचार के लिए अन्यत्र जाने की आवश्यकता कम से कम पड़े।
शिविर में पहुंचे मरीजों ने सिम्स प्रबंधन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श, आवश्यक जांच की सलाह तथा भर्ती की सुविधा मिलने से उन्हें उपचार प्रक्रिया में काफी सहूलियत हुई है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत इस प्रकार के नियमित शिविरों से कैंसर रोग की समय पर पहचान एवं उपचार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।







