
सांसद की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक संपन्न*
*- जनप्रतिनिधियों के प्रश्नों पर समय-सीमा में जानकारी उपलब्ध कराने के दिए निर्देश*
राजनांदगांव 18 सितम्बर 2026। सांसद श्री संतोष पाण्डेय की अध्यक्षता में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केन्द्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, जिले में संचालित विकास कार्यों एवं नवाचारों के क्रियान्वयन तथा प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में डोंगरगढ़ विधायक श्रीमती हर्षिता बघेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव, पुलिस अधीक्षक श्रीमती अंकिता शर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी सहित समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने कहा कि दिशा समिति की बैठक जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच समन्वय का महत्वपूर्ण माध्यम है। बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन विषयों में अतिरिक्त जानकारी एवं आंकड़ों की आवश्यकता है, उनकी जानकारी समिति के सदस्यों को समय-सीमा में उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विषयों का प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सांसद श्री पाण्डेय ने युवाओं को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने तथा रोजगार एवं कौशल विकास से जुड़े विषयों पर आवश्यक पहल करने कहा। उन्होंने वन क्षेत्र से होकर गुजरने वाली सड़कों से संबंधित विषयों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर व्यावहारिक समाधान तलाशने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुविधा के अभाव में ग्रामीणों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, ऐसे में आवश्यक अनुमति एवं वैकल्पिक माध्यमों से सड़क निर्माण एवं मरम्मत की दिशा में कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के समन्वय और सक्रिय सहभागिता से जिले के विकास कार्यों को गति मिलेगी।
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने बताया कि जिले में प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के लिए चिन्हांकित गर्भवती माताओं का पात्रतानुसार श्रमिक विभाग में भी पंजीयन कराया जा रहा है, ताकि उन्हें दोनों योजनाओं का लाभ मिल सके। जिले में प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के अंतर्गत 4 हजार 194 महिलाएं पंजीकृत हैं। उन्होंने बताया कि सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत 971 खाते खोले गए हैं। दिव्यांगजनों के लिए पृथक कार्ड बनाकर उन्हें मेट के रूप में कार्य उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उन्हें गांव में ही रोजगार के अवसर मिल सकें। कलेक्टर ने बताया कि पिछले वर्ष धान खरीदी से वंचित वन अधिकार पट्टाधारी एवं संस्थागत किसानों का चिन्हांकन किया गया है। कुल 379 चिन्हांकित किसानों में से 333 किसानों का एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीयन कराया जा चुका है तथा शेष किसानों का शीघ्र पंजीयन कराया जाएगा। उन्होंने गिरदावरी के दौरान किसानों के रकबे एवं अभिलेखों का विशेष परीक्षण करने तथा धान खरीदी से संबंधित समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा करते हुए पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाने तथा जिन किसानों की राशि किसी कारण से लंबित है, उनके प्रकरणों का कारणवार परीक्षण कर निराकरण करने की जानकारी दी। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के शेष आवासों का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने बताया कि जिले में गर्भवती माताओं के पंजीयन एवं संस्थागत प्रसव की नियमित निगरानी की जा रही है। उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को आवश्यकता अनुसार नि:शुल्क सोनोग्राफी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत निजी क्षेत्र के स्त्री रोग विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य केन्द्रों में सेवाएं दी जा रही हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत विभिन्न पदों पर भर्ती की प्रक्रिया भी पूर्ण की गई है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान एवं आयुष्मान वय वंदना योजना से शेष पात्र लोगों को जोडऩे के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए ग्राम पंचायतों में अभियान संचालित किया जा रहा है तथा टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने के लिए निजी संस्थाओं एवं सीएसआर के माध्यम से सहयोग लिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस कार्यक्रम के तहत मेडिकल कॉलेज में चालू वित्तीय वर्ष में 2 हजार से अधिक नि:शुल्क डायलिसिस सत्र आयोजित किए जा चुके हैं। आगामी समय में ब्लॉक स्तर तक डायलिसिस सुविधा के विस्तार का प्रयास किया जाएगा। बैठक में समिति सदस्य जिला पंचायत सदस्य श्रीमती देवकुमारी साहू, नगर निगम आयुक्त श्री जीआर मरकाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।







