
– मां और बेटियों के पोषण व स्वास्थ्य को मिली मजबूती
राजनांदगांव 18 सितम्बर 2026। प्रधानमंत्री मातृवंदन योजना अंतर्गत गर्भवती माताओं को गर्भावस्था के दौरान उचित पोषण एवं प्रसव के बाद नवजात शिशु की देखभाल के लिए परिवार को अतिरिक्त आर्थिक सहयोग मिल रहा है। साथ ही यह योजना माताओं के लिए आर्थिक संबल का माध्यम बन रही है। प्रधानमंत्री मातृवंदन योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता से छुरिया विकासखंड के ग्राम चांदो निवासी श्रीमती आरती देवांगन को अपनी दोनों संतानों के पोषण और स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल करने में मदद मिली।
श्रीमती आरती देवांगन ने बताया कि पहली बार गर्भवती होने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने उनका पंजीयन आंगनबाड़ी केन्द्र में कराया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा समय-समय पर पौष्टिक आहार के सेवन की जानकारी दी गई। साथ ही आंगनबाड़ी केन्द्र में आयोजित चौपाल के माध्यम से गांव की अन्य गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं को भी पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई। उन्हें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना की जानकारी दी और योजना के तहत उनका पंजीयन कराया। पहली गर्भावस्था के दौरान उन्हें योजना के तहत दो किश्तों में कुल 5 हजार रूपए की सहायता राशि प्राप्त हुई। उन्होंने प्राप्त राशि का उपयोग स्वयं और अपने बच्चे के पोषण के लिए किया। उन्होंने दूसरी गर्भावस्था में पुत्री गुनाक्षी को जन्म दिया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा उनके एवं उनके बच्चे का सभी आवश्यक टीकाकरण पूर्ण कराया गया। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में दूसरी बालिका गुनाक्षी का पंजीयन कराया गया। पंजीयन के कुछ दिनों बाद 6 हजार रूपए की सहायता राशि प्राप्त हुई। उन्होंने प्राप्त राशि का उपयोग अपनी पुत्री के उचित पोषण और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने में किया।
श्रीमती आरती देवांगन ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा उनकी पुत्री की नियमित वृद्धि निगरानी और पोषण संबंधी सलाह दी जाती रही। वर्तमान में गुनाक्षी की आयु 6 माह है। उसका वजन 7.300 किलोग्राम और लंबाई 68 सेंटीमीटर है तथा वह सामान्य श्रेणी में है। उन्हें श्रम विभाग की मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत 20 हजार रूपए की आर्थिक सहायता मिली है। इस तरह विभिन्न शासकीय योजनाओं से मिली आर्थिक सहायता ने उन्हें अपनी दोनों संतानों के पोषण और स्वास्थ्य की बेहतर व्यवस्था करने में सहयोग दिया। श्रीमती आरती देवांगन ने बताया कि दोनों बच्चों के समय शासन की योजनाओं से मिली आर्थिक सहायता मेरे लिए बहुत उपयोगी रही। इससे मैं अपने और अपने बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य का बेहतर ध्यान रख पाई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दीदी ने समय-समय पर मुझे पोषण, टीकाकरण और बच्चे की वृद्धि के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं मिनी माता महतारी जतन योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु भैया को धन्यवाद दिया।









