
जशपुरनगर 19 सितंबर 2026/ सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से माई भारत (MY Bharat), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत जशपुर जिले की टीम द्वारा जिला अस्पताल, जशपुर में रक्तदान किया गया।
यह रक्तदान शिविर रेड क्रॉस सोसायटी एवं जिला प्रशासन, जशपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। शिविर में माई भारत जशपुर के जिला युवा अधिकारी एवं राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों (NYVs) ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए अपना योगदान दिया।
इस अवसर पर माई भारत टीम ने युवाओं एवं आम नागरिकों से भी रक्तदान के लिए आगे आने और जरूरतमंदों की सहायता करने की अपील की। रक्तदान को मानव जीवन बचाने वाली महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा बताते हुए युवाओं को समाजहित एवं जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत माई भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जिले में विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें युवाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।









