
उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत जिले के 247 केंद्रों में हुआ महापरीक्षा अभियान का आयोजन
सास-बहू, पति-पत्नी और वरिष्ठ नागरिकों ने भी दी परीक्षा, केंद्रीय जेल के 96 नवसाक्षर बंदी हुए शामिल
राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
अम्बिकापुर 27 सितम्बर 2026/ उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार को सरगुजा जिले में राज्यव्यापी महापरीक्षा अभियान का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कलेक्टर श्री अजीत वसंत के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रोमा श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित महापरीक्षा में जिले के 4198 नवसाक्षर शिक्षार्थियों ने भाग लिया। जिले में परीक्षा के लिए कुल 247 केंद्र बनाए गए थे।
राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण रायपुर के निर्देशानुसार जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण द्वारा सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा आयोजित की गई। जिले में महापरीक्षा के लिए 4306 परीक्षार्थियों का लक्ष्य निर्धारित था, जिसके विरुद्ध शाम 5 बजे तक 4198 शिक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। परीक्षा के व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण संचालन के लिए जिला, विकासखंड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर सतत मॉनिटरिंग की गई।
महापरीक्षा बनी उत्सव, परिवार के सदस्यों ने साथ बैठकर दी परीक्षा
महापरीक्षा को लेकर नवसाक्षरों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई परीक्षा केंद्रों में एक ही परिवार से सास-बहू, पति-पत्नी और देवरानी-जेठानी ने परीक्षा में भाग लिया। दिव्यांगजनों ने भी उत्साहपूर्वक अपनी सहभागिता दर्ज कराई। 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं ने भी परीक्षा देकर सीखने की कोई उम्र नहीं होती, इसका उदाहरण प्रस्तुत किया। कई महिलाएं अपने छोटे बच्चों को साथ लेकर परीक्षा केंद्र पहुंचीं। ग्रामीण क्षेत्रों में महापरीक्षा अभियान उत्सव जैसा नजर आया।
केंद्रीय जेल के 96 नवसाक्षर बंदियों ने दी महापरीक्षा
महापरीक्षा अभियान के तहत केंद्रीय जेल अम्बिकापुर में भी परीक्षा केंद्र बनाया गया। केंद्रीय जेल की वरिष्ठ परिवीक्षा एवं कल्याण अधिकारी श्रीमती वाणी मुखर्जी ने बताया कि यहां 35 महिला एवं 61 पुरुष बंदियों सहित कुल 96 नवसाक्षर बंदियों को महापरीक्षा में सम्मिलित कराया गया।
भारत सरकार शिक्षा मंत्रालय के उप सचिव श्री चरणजीत सिंह तनेजा, समग्र शिक्षा छत्तीसगढ़ के उप संचालक श्री डी.के. कौशिक, सहायक कार्यक्रम समन्वयक पीएमश्री श्री राजेश कुमार सिन्हा, राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण की सहायक संचालक श्रीमती स्वाती दास एवं डॉ. छन्दा बनर्जी, डॉ. कैताली मैथ्यू, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण सरगुजा संभाग डॉ. राजेश सिंह तथा जिला परियोजना अधिकारी जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण श्री गिरीश गुप्ता ने केंद्रीय जेल स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। केंद्राध्यक्ष श्री शरण मिंज तथा पर्यवेक्षक श्री दिगम्बर सिंह एवं फ्रिगा टोप्पो ने परीक्षा संचालन में सहयोग किया।
राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय दल ने अम्बिकापुर विकासखंड के कोटेया, टपरकेला तथा मैनपाट विकासखंड के अवराडांड स्थित उल्लास परीक्षा केंद्रों का भी निरीक्षण कर महापरीक्षा अभियान का अवलोकन किया। दल द्वारा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय अम्बिकापुर का भी अवलोकन किया गया। इस दौरान समग्र शिक्षा की सहायक परियोजना समन्वयक श्रीमती दीपमाला सिंह, श्री करुणेश श्रीवास्तव, डीपीओ श्री गिरीश गुप्ता, एपीसी स्टाफ सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
शिक्षा की मुख्यधारा से छूटे 15 वर्ष से अधिक आयु के शिक्षार्थी हुए शामिल
जिला परियोजना अधिकारी श्री गिरीश गुप्ता ने बताया कि महापरीक्षा में 15 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे शिक्षार्थियों को शामिल किया गया, जो शिक्षा की मुख्यधारा से वंचित रहे अथवा प्रारंभिक स्तर पर ही शाला छोड़ चुके थे। इसके साथ ही साक्षरता कक्षाओं में उल्लास प्रवेशिका के सात पाठ अथवा 200 घंटे की पढ़ाई पूरी करने वाले नवसाक्षरों ने भी परीक्षा दी।
अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण कर बढ़ाया नवसाक्षरों का उत्साह
महापरीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी विकासखंडों में अधिकारियों द्वारा मॉनिटरिंग की गई। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा ने उदयपुर विकासखंड के सुखरीभण्डार एवं कुमदेवा परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर नवसाक्षर शिक्षार्थियों का उत्साहवर्धन किया। डाइट प्राचार्य श्री के.सी. गुप्ता ने बतौली, जिला मिशन समन्वयक श्री सर्वजीत पाठक ने लखनपुर, सहायक संचालक शिक्षा श्री रविशंकर तिवारी ने उदयपुर, सहायक संचालक शिक्षा श्रीमती पूनम पाण्डेय ने लुण्ड्रा, सहायक जिला परियोजना अधिकारी आरएमएसए श्री सुनील तिवारी ने मैनपाट तथा सहायक परियोजना समन्वयक श्री करुणेश श्रीवास्तव ने अम्बिकापुर विकासखंड में महापरीक्षा की मॉनिटरिंग की।
राज्यव्यापी महापरीक्षा के सफल क्रियान्वयन में जन शिक्षण संस्थान सरगुजा के निदेशक श्री एम. सिद्दीकी, बीपीओ श्री कमलेश कुमार वर्मा, श्रीमती इंदू मिश्रा, श्री सत्यनारायण भगत, जिला स्तरीय अधिकारियों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों एवं जिले के समस्त संकुल शैक्षिक समन्वयकों का सहयोग रहा। कंट्रोल रूम प्रभारी श्री रजनीश मिश्रा एवं श्री अभिलाष खरे द्वारा परीक्षा में सम्मिलित शिक्षार्थियों की जानकारी समय-समय पर राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण को प्रेषित की गई।









