
अम्बिकापुर 30 सितम्बर 2026/ स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में कार्यरत बहुउद्देशीय पर्यवेक्षक-पुरुष/पुरुष पर्यवेक्षक (मेल सुपरवाईजर) एवं बहुउद्देशीय पर्यवेक्षक-महिला/एल.एच.व्ही. (फिमेल सुपरवाईजर) संवर्ग के कर्मचारियों की 01 अप्रैल 2026 की स्थिति में अनंतिम (प्रावधिक) वरिष्ठता सूची प्रकाशित कर दी गई है। जिला स्तरीय कार्यालय से प्राप्त जानकारी एवं उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर तैयार की गई इस सूची को संबंधित कार्यालयों एवं स्वास्थ्य संस्थाओं के माध्यम से कर्मचारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार संबंधित सेवा संवर्ग की अनंतिम वरिष्ठता सूची की प्रति जिले के अंतर्गत संचालित समस्त स्वास्थ्य संस्थाओं तथा संबंधित संवर्ग में कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी को विकासखण्ड स्तर से उपलब्ध कराई जाएगी। सूची में किसी कर्मचारी का नाम दर्ज होने से छूट गया हो, तब भी संबंधित कर्मचारी तक सूची की जानकारी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित कर्मचारियों को सूची में उनके नाम के सामने दर्ज सभी प्रविष्टियों का सूक्ष्मता से अवलोकन करने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से वरिष्ठता सूची के कॉलम क्रमांक 02, 03, 05 एवं 06 में दर्ज जानकारी का मूल सेवा पुस्तिका एवं व्यक्तिगत नस्ती में संधारित अभिलेखों से मिलान करने कहा गया है। यदि किसी प्रविष्टि में त्रुटि हो, जानकारी दर्ज होने से छूट गई हो, किसी कर्मचारी का नाम सूची में शामिल नहीं हुआ हो अथवा अन्य कोई विसंगति हो, तो संबंधित कर्मचारी स्व-प्रमाणित एवं स्पष्ट आवेदनध्अभ्यावेदन प्रस्तुत कर सुधार अथवा नाम जोड़ने का दावा कर सकते हैं।
दावा-आपत्ति सूची के प्रकाशन की तिथि से 15 कार्यालयीन दिवस के भीतर उचित माध्यम से संबंधित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत की जा सकेगी। निर्धारित अवधि में प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का परीक्षण कर आवश्यक सुधार के पश्चात अंतिम वरिष्ठता सूची के प्रकाशन की प्रक्रिया की जाएगी।
इसके साथ ही यदि सूची में शामिल कोई कर्मचारी सेवानिवृत्त हो चुका है, त्यागपत्र दे चुका है, ऐच्छिक सेवानिवृत्ति ले चुका है, स्थानांतरित हो चुका है, उसकी मृत्यु हो चुकी है अथवा किसी अन्य कारण से वर्तमान में संबंधित पद पर कार्यरत नहीं है, तो ऐसे मामलों की स्थिति का उल्लेख करते हुए आवश्यक सुधार एवं सुझाव सहित प्रस्ताव निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में संबंधित कर्मचारी द्वारा दावा-आपत्ति प्रस्तुत नहीं किए जाने अथवा संबंधित कार्यालय से एकजाई सुधार प्रस्ताव समय-सीमा में प्राप्त नहीं होने की स्थिति में प्रकाशित अनंतिम वरिष्ठता सूची को अंतिम मानते हुए अंतिम वरिष्ठता सूची प्रकाशित करने की कार्यवाही की जाएगी। ऐसी स्थिति में सूची में रह जाने वाली विसंगतियों के लिए संबंधित कर्मचारी अथवा संबंधित जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की जिम्मेदारी होगी।
अनंतिम वरिष्ठता सूची को जिला प्रशासन की वेबसाइट www.surguja.gov.in पर भी अपलोड कराया जा रहा है। संबंधित कर्मचारी वेबसाइट के माध्यम से सूची का अवलोकन एवं डाउनलोड कर सकते हैं।









