
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठ नागरिकों का किया गया सम्मान
*- खेल-कूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित*
राजनांदगांव 01 अक्टूबर 2026। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा भगवान महावीर समता वृद्धाश्रम में वरिष्ठ नागरिक खेल-कूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 111 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों, पेंशनरों, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों का सम्मान किया गया। अतिथियों ने वरिष्ठ नागरिकों को शॉल, श्रीफल एवं पुष्पमाला भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी श्री कोमल सिंह राजपूत शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा चंद्राकर ने की। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती देवकुमारी साहू, समाजसेवी एवं संरक्षक श्री गौतम पारख, श्रीमती रत्ना ओस्तवाल, श्री गौतम कांकरिया एवं श्री शत्रुघ्न सिंह राजपूत, उप संचालक समाज कल्याण श्रीमती श्रीमती वैशाली मरडवार उपस्थित रहे।
उप संचालक समाज कल्याण श्रीमती वैशाली मरडवार ने वरिष्ठ नागरिक दिवस के महत्व एवं उनके अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने केंद्र एवं राज्य शासन की पेंशन योजनाओं, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना एवं रामलला दर्शन योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्र नागरिकों को प्रेरित किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सुश्री अनुज्ञा मिश्रा ने वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों एवं न्यायालयीन प्रक्रिया की जानकारी दी। इस अवसर पर वृद्धाश्रम में निवासरत वरिष्ठ नागरिकों के लिए खेल-कूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता गेंदबाई, ज्ञानीराम, जीआर साहू, श्रीमती शोभा एवं श्री शर्मा को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के समापन पर नशामुक्त भारत अभियान एवं वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल संबंधी संकल्प का वाचन किया गया। कार्यक्रम में डॉ. उत्तम कोठारी, श्री रामअवतार साहू सहित समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









