Ro no D15139/23

( अम्बिकापुर समाचार) अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर सियानगुड़ी में सम्मान समारोह आयोजित वृद्धजन परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर है, उनके जीवन का अनुभव समाज के लिए महत्वपूर्ण -मंत्री राजेश अग्रवाल

अम्बिकापुर 01 अक्टूबर 2026/   अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को सियानगुड़ी में वृद्धजनों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री अग्रवाल ने उपस्थित वृद्धजनों को शॉल श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि वृद्धजन परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर है। उनके जीवन का अनुभव समाज के लिए महत्वपूर्ण है। वृद्धजनों के सम्मान और गरिमा की रक्षा करना परिवार के साथ-साथ समाज की भी जिम्मेदारी है। माता-पिता और वृद्धजनों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। ये हमारे देश के संस्कार हैं कि आज बच्चे अपने माता-पिता, बड़े बुजुर्गों का सम्मान करते हैं।  उन्होंने कहा कि परिवार में माता-पिता का सम्मान और उनकी सेवा करने से परिवार में आपसी प्रेम, संस्कार और सद्भाव की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि शासन एवं विभिन्न संस्थाओं द्वारा वृद्धजनों के हित में संचालित योजनाओं और सुविधाओं का लाभ उन्हें मिलना चाहिए।

इस दौरान उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने उद्बोधन में  वृद्धजनों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ, सुखी और सम्मानजनक जीवन की कामना की। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अपने माता-पिता का सम्मान करें और वृद्धजनों की भावनाओं को समझते हुए उनका साथ दें। कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान गीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं गई। उपसंचालक समाज कल्याण ने विभाग द्वारा वृद्धजनों के  लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी।

इस दौरान सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज, लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मण्डल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंहदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरुपा सिंह, महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, सभापति श्री हरमिंदर सिंह टिन्नी, नगर निगम आयुक्त श्री विनय कुमार अग्रवाल, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक श्री व्ही.के. उके, स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन-

वृद्धजनों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य जांच एवं नेत्र जांच शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में वृद्धजनों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा नेत्र संबंधी समस्याओं की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। स्वास्थ्य जांच शिविर के माध्यम से बुजुर्गों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के प्रति भी जागरूक किया गया।

 
 
कृषि विज्ञान केंद्र सरगुजा को मिला ‘बेस्ट केवीके अवार्ड’, राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा सरगुजा का मान
भोपाल में आयोजित ‘फार्म एन फूड कृषि सम्मान अवार्ड’ में कृषि विज्ञान केंद्र सरगुजा सम्मानित
सरगुजा की मशरूम उत्पादक कृषक श्रीमती सुरबिल दास को ‘बेस्ट फीमेल फार्मर’ और श्री अम्बिकेश्वर राजवाड़े को ‘बेस्ट मधुमक्खी पालक कृषक’ का सम्मान
किसानों की आय वृद्धि, उन्नत कृषि तकनीक, प्राकृतिक एवं टिकाऊ खेती और कृषि उद्यमिता को बढ़ावा देने के प्रयासों को मिली पहचान


अम्बिकापुर 01 अक्टूबर 2026/  
 कृषि के क्षेत्र में नवाचार, उन्नत तकनीकों के प्रसार और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के लिए कृषि विज्ञान केंद्र सरगुजा को ‘बेस्ट केवीके अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित आईसीएआर-सीआईएई संस्थान में 30 सितम्बर को दिल्ली प्रेस की कृषि पत्रिका ‘फार्म एन फूड’ द्वारा आयोजित ‘राज्य स्तरीय फार्म एन फूड कृषि सम्मान अवार्ड’ समारोह में कृषि विज्ञान केंद्र सरगुजा को यह सम्मान प्रदान किया गया। केंद्र की ओर से वैज्ञानिक श्री सूर्य प्रकाश गुप्ता ने पुरस्कार ग्रहण किया।

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के 300 से अधिक किसान और कृषि वैज्ञानिक शामिल हुए। कृषि में नवाचार, तकनीक के उपयोग और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लगभग 40 किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन तथा कृषि विज्ञान केंद्रों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया।

100 से अधिक नामांकनों में चयन, चार सदस्यीय जूरी ने किया मूल्यांकन
विभिन्न पुरस्कार श्रेणियों के लिए मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के कृषि विज्ञान केंद्रों और कृषि संस्थानों की अनुशंसा सहित 100 से अधिक नामांकन प्राप्त हुए थे। प्राप्त नामांकनों का चार सदस्यीय जूरी द्वारा मूल्यांकन किया गया, जिसके बाद विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर पुरस्कार के लिए चयन किया गया। इसी क्रम में कृषि विज्ञान केंद्र सरगुजा को ‘बेस्ट केवीके अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।

सरगुजा के किसानों ने भी बढ़ाया मान
सम्मान समारोह में सरगुजा जिले के किसानों की उपलब्धियों को भी विशेष पहचान मिली। जिले की मशरूम उत्पादक कृषक श्रीमती सुरबिल दास को ‘बेस्ट फीमेल फार्मर’ अवार्ड तथा श्री अम्बिकेश्वर राजवाड़े को ‘बेस्ट मधुमक्खी पालक कृषक’ अवार्ड से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश शासन के उद्यान विज्ञान एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाहा एवं विशिष्ट अतिथि कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री श्री गौतम टेटवाल ने पुरस्कार प्रदान किए। कृषि विज्ञान केंद्र के साथ जिले के दो कृषकों को अलग-अलग श्रेणियों में मिले सम्मान से कृषि क्षेत्र में सरगुजा में किए जा रहे नवाचारों और किसानों की सक्रिय भागीदारी को पहचान मिली है।

किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास-डॉ. संदीप शर्मा

कृषि विज्ञान केंद्र सरगुजा के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. संदीप शर्मा ने सम्मान मिलने पर कहा कि केंद्र किसानों की आय में वृद्धि, उन्नत कृषि तकनीकों के प्रसार, प्राकृतिक एवं टिकाऊ खेती, फसल विविधीकरण, मूल्य संवर्धन तथा कृषि उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। किसानों तक नवीन कृषि तकनीकों और वैज्ञानिक जानकारी को पहुंचाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार केवल कृषि विज्ञान केंद्र का सम्मान नहीं, बल्कि केंद्र के वैज्ञानिकों, कर्मचारियों, कृषक मित्रों और उन सभी किसानों के परिश्रम का सम्मान है, जिन्होंने वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर कृषि एवं ग्रामीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

सम्मान के साथ बढ़ी जिम्मेदारी, किसानों तक और प्रभावी ढंग से पहुंचाएंगे नवीन तकनीक
डॉ. शर्मा ने कहा कि यह सम्मान कृषि विज्ञान केंद्र के लिए नई प्रेरणा के साथ जिम्मेदारी भी लेकर आया है। केंद्र का प्रयास रहेगा कि नवीनतम कृषि तकनीकों और वैज्ञानिक जानकारियों को किसानों तक और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए तथा खेती को लाभकारी और आत्मनिर्भर बनाने में किसानों को निरंतर तकनीकी सहयोग दिया जाए।

उन्होंने ‘बेस्ट केवीके अवार्ड’ की उपलब्धि का श्रेय इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल एवं निदेशक विस्तार डॉ. एस.एस. टुटेजा के निर्देशन एवं मार्गदर्शन के साथ कृषि विज्ञान केंद्र की पूरी टीम और सरगुजा जिले के कृषकों को दिया।

 
 
गांव की जरूरत और ग्रामीणों की भागीदारी से बनेगी विकास की रूपरेखा
ग्राम पंचायत स्तर पर कार्ययोजना तैयार करने जी-राम-जी के तकनीकी अमले की एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला संपन्न

अम्बिकापुर 01 अक्टूबर 2026/ विकसित भारत रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण)-जी राम जी के अंतर्गत गांव की वास्तविक जरूरतों और ग्रामीणों की सहभागिता के आधार पर विकसित ग्राम पंचायत प्लान तैयार किया जाएगा। इसके तहत ग्राम पंचायतों में उपलब्ध संसाधनों, स्थानीय आवश्यकताओं, रोजगार सृजन तथा आजीविका संवर्धन की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए गांव के विकास की कार्ययोजना बनाई जाएगी।

कलेक्टर सरगुजा के निर्देशानुसार एवं
जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में बुधवार को जिला पंचायत सरगुजा के सभाकक्ष में ग्राम पंचायत स्तर पर कार्ययोजना निर्माण के संबंध में कार्यक्रम अधिकारियों, सहायक प्रोग्रामरों, तकनीकी सहायकों एवं सीएसओ के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विकसित ग्राम पंचायत प्लान तैयार करने की पूरी प्रक्रिया, विभिन्न चरणों और समय-सीमा की विस्तार से जानकारी दी गई।

2 अक्टूबर की ग्राम सभा में ग्रामीण तय करेंगे विकास की प्राथमिकताएं
कार्यशाला में बताया गया कि आगामी वर्ष के लिए विकसित ग्राम पंचायत प्लान तैयार करने की प्रक्रिया 2 अक्टूबर को आयोजित ग्राम सभा से आगे बढ़ेगी। इसमें ग्रामीण अपने गांव की जरूरतों, समस्याओं, उपलब्ध संसाधनों, रोजगार एवं आजीविका के अवसरों की पहचान करते हुए विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करने में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। ग्राम पंचायत स्तर की कार्ययोजना में स्थानीय आवश्यकता और ग्रामीणों की मांग को प्रमुखता दी जाएगी।

जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव ने प्रशिक्षण में शामिल प्रतिभागियों से कहा कि कार्यशाला में दी जा रही महत्वपूर्ण जानकारियों को मैदानी स्तर तक पहुंचाया जाए और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार 2 अक्टूबर को ग्राम सभाओं के माध्यम से योजना निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। उन्होंने कार्ययोजना निर्माण में विभागीय अभिसरण पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए, जिससे उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए गांव के संतुलित विकास की रूपरेखा तैयार की जा सके।

उन्होंने कहा कि योजना निर्माण में ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित हो। ग्रामीण स्वयं गांव की जरूरतों तथा रोजगार और आजीविका के अवसरों की पहचान करें और समस्याओं एवं विकास की प्राथमिकताओं को निर्धारित करने में अपनी भूमिका निभाएं।

पांच चरणों में तैयार होगा विकसित ग्राम पंचायत प्लान

कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर एवं सहायक परियोजना अधिकारी रवि गुप्ता ने पीपीटी के माध्यम से वीजीपीपी प्लान के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि विकसित ग्राम पंचायत प्लान तैयार करने की प्रक्रिया को पांच चरणों में समयबद्ध रूप से पूरा किया जाएगा।

प्रथम चरण में ग्राम सभा पूर्व गतिविधियों के तहत आवश्यक आंकड़ों के संकलन एवं क्षमता निर्माण का कार्य किया जाएगा। द्वितीय चरण में 2 अक्टूबर को आयोजित ग्राम सभा में ग्रामीणों की सहभागिता से आवश्यक कार्यों की योजना तैयार की जाएगी। तृतीय चरण में अक्टूबर से नवंबर के बीच प्रस्तावित कार्यों पर परामर्श एवं उनका मानकीकरण किया जाएगा। चतुर्थ चरण में दिसंबर माह में तैयार प्रारूप को ग्राम सभा के समक्ष प्रस्तुत कर अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद पांचवें चरण में 15 जनवरी तक पंचायत स्तर पर सभी योजनाओं का संकलन कर समेकित प्लान तैयार किया जाएगा।

सशक्तिकरण, अभिसरण और संतुलित विकास पर रहेगा जोर
प्रशिक्षण के दौरान मैदानी कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों की मांग और स्थानीय आवश्यकता के अनुरूप श्रममूलक कार्यों को कार्ययोजना में शामिल किया जाए। विकसित ग्राम पंचायत प्लान तैयार करने में सशक्तिकरण, अभिसरण और संतुलित विकास को प्रमुख आधार बनाया जाएगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत के अधिकारी, जनपद पंचायतों के कार्यक्रम अधिकारी, सहायक प्रोग्रामर, तकनीकी अमला, सीएसओ तथा बड़ी संख्या में मैदानी कर्मचारी उपस्थित रहे।

 
 
2 अक्टूबर से गांव-गांव में ‘रिफॉर्म उत्सव’, ग्राम सभा बनाएगी विकास का रोडमैप
सरगुजा की सभी 439 ग्राम पंचायतों में शुरू होगा विकसित ग्राम पंचायत प्लान, ग्रामीण तय करेंगे प्राथमिकताएं

अम्बिकापुर 01 अक्टूबर 2026/  सरगुजा जिले में गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर से ‘रिफॉर्म उत्सव’ के साथ विकसित ग्राम पंचायत प्लान (VGPP) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू होगी। कलेक्टर श्री अजीत वसंत के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में जन योजना अभियान (PPC) के साथ जिले की सभी 439 ग्राम पंचायतों में यह प्रक्रिया संचालित की जाएगी।

ग्राम सभा को गांव के विकास की प्राथमिकताएं तय करने का प्रमुख मंच बनाया गया है। ग्रामीण गांव की जरूरतों, उपलब्ध संसाधनों, विकास की कमियों, रोजगार और आजीविका के अवसरों तथा जरूरी कार्यों की पहचान करेंगे। इन्हीं सुझावों के आधार पर पंचायत की आगामी विकास योजना तैयार की जाएगी।

125 दिवस रोजगार सहित 8 बिंदुओं पर होगा संवाद
ग्राम सभाओं में विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) गारंटी (VB-G RAM G) अधिनियम 2025 के तहत 125 दिवस रोजगार की वैधानिक गारंटी, 15 दिन में रोजगार, समय पर मजदूरी भुगतान तथा गांव की जरूरत के अनुरूप 375 अनुमेय कार्यों की जानकारी दी जाएगी।

जल सुरक्षा, ग्रामीण अधोसंरचना, आजीविका एवं आपदा न्यूनीकरण के कार्यों के साथ विभिन्न योजनाओं के अभिसरण पर चर्चा होगी। लखपति दीदी एवं अन्य आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने, संतृप्ति आधारित योजना तैयार करने और पंचायतों में लगाए गए क्यूआर कोड के माध्यम से जानकारी के प्रसार पर भी जोर रहेगा। ग्राम सभा में पंचायत प्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

दिसंबर में अनुमोदन, 15 जनवरी तक समेकित होगा प्लान
2 अक्टूबर की ग्राम सभा में योजना की प्रक्रिया, आधारभूत आंकड़ों, GIS मैप और 375 अनुमेय कार्यों की जानकारी देने के साथ मौजूदा परिसंपत्तियों का जमीनी सत्यापन किया जाएगा। अक्टूबर-नवंबर में वार्ड और बसाहट स्तर पर सहभागी ग्रामीण मूल्यांकन (PRA), परामर्श एवं स्थल सत्यापन होगा।

दिसंबर में VGPP का प्रारूप ग्राम सभा में अनुमोदन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद ब्लॉक एवं जिला स्तर पर योजनाओं का समेकन कर 15 जनवरी 2027 तक प्लान को VB-G RAM G Soft पर अपलोड किया जाएगा।

जिला पंचायत द्वारा सभी जनपद पंचायत सीईओ, कार्यक्रम अधिकारियों, सचिवों, रोजगार सहायकों एवं तकनीकी सहायकों को पूरी प्रक्रिया के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया है।

  • Related Posts

    (अम्बिकापुर समाचार) कम समय, कम खर्च और आसान प्रक्रिया-साविता ने महसूस किया पंजीयन सेवाओं में बदलाव महिलाओं को पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत की राहत, रजिस्ट्री के साथ नामांतरण भी हुआ आसान एक ही प्रक्रिया में पंजीयन, तत्काल नामांतरण और मोबाइल पर मिली रजिस्ट्री की प्रति

    अम्बिकापुर 01 अक्टूबर 2026/    कभी संपत्ति की रजिस्ट्री के लिए अधिक समय लगना और उसके बाद नामांतरण के लिए अलग से प्रक्रिया पूरी करना नागरिकों के लिए परेशानी का…

    Read more

    ’’स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026” के तहत दरिमा में विविध स्वच्छता गतिविधियां आयोजित

    अम्बिकापुर 01 अक्टूबर 2026/   ’’स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026” के तहत गुरुवार को जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर विशेष स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत “एक…

    Read more

    NATIONAL

    मलाइका से काजल राघवानी तक तेजू भैया के फैन, परिवार-पार्टी से हुए बाहर, अब सहवाग के शो में छाए… रियलिटी शो से कैसे बने ‘कमबैक किंग’?

    मलाइका से काजल राघवानी तक तेजू भैया के फैन, परिवार-पार्टी से हुए बाहर, अब सहवाग के शो में छाए… रियलिटी शो से कैसे बने ‘कमबैक किंग’?

    174 लोगों की जान बचाने वाले कैप्टन स्मित मच्छार को पीएम मोदी-नेतन्याहू का सलाम, बोले- ‘हीरो हैं’

    174 लोगों की जान बचाने वाले कैप्टन स्मित मच्छार को पीएम मोदी-नेतन्याहू का सलाम, बोले- ‘हीरो हैं’

    ट्रंप का दावा- अमेरिका ने की होर्मुज स्ट्रेट से तेल की रिकॉर्डतोड़ निकासी

    ट्रंप का दावा- अमेरिका ने की होर्मुज स्ट्रेट से तेल की रिकॉर्डतोड़ निकासी

    डोनाल्ड ट्रंप ने सुंदर पिचाई को कहा- ‘मॉन्स्टर’, गूगल सीईओ ने ऐसे किया रिएक्ट

    डोनाल्ड ट्रंप ने सुंदर पिचाई को कहा- ‘मॉन्स्टर’, गूगल सीईओ ने ऐसे किया रिएक्ट

    उपचुनाव के लिए वोटिंग से पहले बोले शुभेंदु अधिकारी- मैं नंदीग्राम का वोटर, मुख्यमंत्री के साथ रहेगी जनता

    उपचुनाव के लिए वोटिंग से पहले बोले शुभेंदु अधिकारी- मैं नंदीग्राम का वोटर, मुख्यमंत्री के साथ रहेगी जनता

    नीतीश कुमार के INDIA ब्लॉक छोड़ने पर CWC में मतभेद, सोनिया गांधी और दिग्विजय सिंह की राय अलग

    नीतीश कुमार के INDIA ब्लॉक छोड़ने पर CWC में मतभेद, सोनिया गांधी और दिग्विजय सिंह की राय अलग