
बेटी की आगे की पढ़ाई के लिए पूर्णिमा को मिली सहायता
मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना से मिले 20 हजार रुपये, परिवार ने जताया आभार
कोरबा, 02 अक्टूबर 2026/बेटी की पढ़ाई जारी रखने की इच्छा हर माता-पिता की होती है। पं. रविशंकर नगर, कोरबा निवासी पूर्णिमा वर्मा और उनके पति अशोक कुमार वर्मा भी अपनी बेटी को आगे पढ़ाना चाहते हैं। अशोक कुमार रेजा-कुली का काम करते हैं। ऐसे में बेटी की शिक्षा के लिए मिली आर्थिक सहायता उनके परिवार के लिए सहारा बनी है।
पूर्णिमा वर्मा छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत श्रमिक हैं। उनका पंजीयन 08 अगस्त 2025 को हुआ था। श्रम विभाग से उन्हें मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना की जानकारी मिली। योजना के तहत उनकी पहली बेटी के लिए 20 हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई, जिसका उपयोग उन्होंने बेटी की आगे की पढ़ाई में किया।
पूर्णिमा कहती हैं कि इस सहायता से उन्हें बेटी की शिक्षा का खर्च उठाने में मदद मिली। उन्होंने सहयोग के लिए श्रम विभाग कोरबा और छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।़
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से बोधराम पटेल को खेती में मिला सहारा
समय पर बीज और खाद खरीदने में मिल रही मदद
कोरबा, 02 अक्टूबर 2026/ग्राम मुढ़ूनारा के वनखेता निवासी किसान बोधराम पटेल के लिए खेती की तैयारी के समय बीज और खाद का इंतजाम करना कठिन होता था। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से मिलने वाली सहायता ने उन्हें इस काम में सहारा दिया है।
बोधराम पटेल ने बताया कि योजना के तहत उन्हें सालाना छह हजार रुपये मिलते हैं। इस राशि का उपयोग वे खेती के लिए आवश्यक बीज और खाद खरीदने में करते हैं। सहायता मिलने से समय पर कृषि कार्य शुरू करने में सुविधा हुई है।
उन्होंने कहा कि योजना से खेती के खर्च में मदद मिली है और परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आया है।
’बिजली बिल की चिंता से राहत, सौर ऊर्जा से जुड़ा अंकित मारू का घर’
’प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से बढ़ी बचत की उम्मीद’
कोरबा, 02 अक्टूबर 2026/
पाली के बाजार पारा निवासी अंकित मारू के लिए घर का बिजली बिल एक नियमित आर्थिक चिंता थी। स्वरोजगार से जुड़े अंकित के परिवार को घरेलू खर्च के साथ बिजली बिल का भुगतान भी करना पड़ता था। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी मिलने पर उन्होंने अपने घर में सौर ऊर्जा प्रणाली लगवाने की पहल की।
अंकित बताते हैं कि बिजली विभाग से योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्हें इसका लाभ प्राप्त हुआ। अब उनके घर की बिजली जरूरतों का एक हिस्सा सौर ऊर्जा से पूरा हो रहा है। इससे बिजली बिल का आर्थिक भार कम करने में मदद मिली है और परिवार की बचत की उम्मीद बढ़ी है।
अंकित का कहना है कि योजना ने उन्हें बिजली खर्च घटाने के साथ ऊर्जा के स्वच्छ स्रोत से जुड़ने का अवसर दिया है। उनके अनुसार, सौर ऊर्जा अपनाना परिवार की आर्थिक आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उपयोगी कदम है।
डीएमएफ की पहल से रिस्दी चौक रोशन, रात में राहगीरों और वाहन चालकों को मिली सुविधा
भारी वाहनों की आवाजाही वाले रिस्दी चौक को मिला सोलर हाईमास्ट का उजाला
रिस्दी चौक में सौर रोशनी से आसान हुआ रात का आवागमन, दुर्घटना की आशंका हुई कम
कोरबा 02अक्टूबर 2026/रात के समय लगातार दौड़ते भारी वाहन, चारों दिशाओं से जुड़ता व्यस्त मार्ग और चौक पर छाया अंधेरा, रिस्दी चौक से गुजरने वाले लोगों के लिए यह स्थिति लंबे समय से सावधानी की मांग करती थी।
कोरबा शहर को झगरहा-उरगा, रजगामार और बालको क्षेत्र से जोड़ने वाले इस प्रमुख मार्ग पर भारी वाहनों सहित बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। खासकर रात के समय सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से राहगीरों और वाहन चालकों को आगे की स्थिति समझने में कठिनाई होती थी। इससे आवागमन में असुविधा के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी।
इस आवश्यकता को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) से उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से क्रेडा विभाग के सहयोग से रिस्दी चौक में सोलर हाईमास्ट लाइट स्थापित की गई है। सौर ऊर्जा आधारित यह प्रकाश व्यवस्था अब रात में चौक और आसपास के मार्ग को रोशन कर रही है। हाईमास्ट की रोशनी से सड़क, चौक और वाहनों की आवाजाही अधिक स्पष्ट दिखाई देती है, जिससे पैदल चलने वाले लोगों, दोपहिया वाहन चालकों तथा अन्य राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिल रही है। बैटरी बैकअप की सुविधा से मौसम खराब होने या विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में भी प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलती है।
रिस्दी निवासी भोला, जो चौक के पास स्थित पेट्रोल पंप में कार्य करते हैं, बताते हैं कि यह मार्ग दिन-रात व्यस्त रहता है। बालको की ओर से आने-जाने वाले भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण रात में सड़क पर अतिरिक्त सावधानी की जरूरत होती है। पहले अंधेरे के कारण सड़क की स्थिति और वाहनों की दिशा स्पष्ट समझना कठिन होता था। अब हाईमास्ट की रोशनी से चौक का क्षेत्र साफ दिखाई देता है और लोगों के आवागमन में सुविधा बढ़ी है।
भोला बताते हैं कि रिस्दी चौक की रोशनी का असर रात में गुजरने वाले हर व्यक्ति की सुविधा और सुरक्षा पर दिखाई देता है। भारी वाहनों की आवाजाही के बीच अब सड़क और आसपास का क्षेत्र स्पष्ट नजर आता है, जिससे आवागमन अधिक सहज महसूस होता है। वे कहते हैं, “रात का सफर तभी सहज लगता है, जब रास्ता साफ दिखाई दे और मन में सुरक्षा का भरोसा हो। रिस्दी चौक पर सोलर हाईमास्ट से यही भरोसा लोगों को मिला है। इस रोशनी से राहगीरों, वाहन चालकों और आसपास के लोगों को सुविधा मिली है। क्षेत्र की जरूरत को समझते हुए मिली इस सार्वजनिक सुविधा के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति क्षेत्रवासियों की ओर से कृतज्ञता व्यक्त करते हैं।”
वृद्धजन सम्मान कार्यक्रम में नोनी बाई को मिला सहारे का संबल
श्रवण यंत्र से सुनने में सहूलियत, छड़ी से मिला चलने का सहारा
कोरबा 02 अक्टूबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर वरिष्ठ एवं वृद्धजनों के सम्मान के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जरूरतमंद वरिष्ठजनों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सहायक उपकरण भी प्रदान किए गए। इसी क्रम में कोरबा नगर के स्नेह सदन वृद्धाश्रम में निवासरत नोनी बाई को श्रवण यंत्र एवं छड़ी प्रदान की गई।
नोनी बाई ने बताया कि उम्र बढ़ने के साथ उनकी सुनने की क्षमता धीरे-धीरे कम हो गई थी। लोगों से बातचीत करने और आसपास की बातें सुनने में उन्हें परेशानी होती थी। इसके साथ ही चलने-फिरने में भी कठिनाई का सामना करना पड़ता था। ऐसे में श्रवण यंत्र और छड़ी उनके लिए बेहद उपयोगी साबित होगी।
उन्होंने कहा कि श्रवण यंत्र मिलने से अब उन्हें सुनने में काफी सहूलियत होगी, वहीं छड़ी चलने-फिरने में उनका सहारा बनेगी। इससे उनकी रोजमर्रा की जिंदगी पहले की अपेक्षा अधिक सहज और सुविधाजनक होगी।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर उनका और अन्य वरिष्ठजनों का सम्मान किया जाना उनके लिए भावुक और सुखद अनुभव रहा। सम्मान के साथ मिली यह सहायता उनके लिए विशेष महत्व रखती है।
महतारी वंदन योजना से मीना बाई को मिला आर्थिक संबल, बच्चों की पढ़ाई के साथ भविष्य की भी कर रहीं तैयारी
हर माह मिल रहे एक हजार रुपये से बच्चों की पढ़ाई और पालन-पोषण को मिल रहा सहयोग – मीना बाई
कोरबा 30 सितम्बर 2026/घर की रोजमर्रा की जरूरतों के साथ बच्चों की पढ़ाई और उनके बेहतर भविष्य की चिंता हर मां के मन में रहती है। नियमित आर्थिक सहयोग मिलने से यह जिम्मेदारी कुछ आसान हो जाए, तो छोटी-छोटी बचत भी भविष्य की मजबूत तैयारी बन जाती है। कोरबा विकासखंड के ग्राम बरबसपुर निवासी श्रीमती मीना बाई के लिए महतारी वंदन योजना से मिलने वाली हर माह एक हजार रुपये की सहायता परिवार की जरूरतों को संभालने और बच्चों के भविष्य के लिए बचत करने का आधार बनी है।
मीना बाई बताती हैं कि पहले घर के खर्चों के बीच बच्चों की पढ़ाई और पालन-पोषण के लिए राशि का प्रबंध करना कई बार कठिन हो जाता था। रोजमर्रा की आवश्यकताओं के साथ बच्चों की शिक्षा से जुड़े खर्च भी लगातार बने रहते थे। ऐसे में नियमित रूप से मिलने वाली आर्थिक सहायता उनके परिवार के लिए उपयोगी सहारा बनी।
महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने उनके खाते में एक हजार रुपये की राशि प्राप्त होती है। मीना बाई इस राशि का उपयोग सोच-समझकर करती हैं। प्राप्त राशि का एक हिस्सा बच्चों के पालन-पोषण, पढ़ाई और उनकी आवश्यकताओं पर खर्च करती हैं। शेष राशि को बचाकर अपनी बेटी के भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में जमा कर रही हैं। इससे वर्तमान जरूरतों के साथ आने वाले समय के लिए भी आर्थिक तैयारी हो रही है।
अपने अनुभव के बारे में मीना बाई कहती हैं, “महतारी वंदन योजना से हर महीने एक हजार रुपये मेरे खाते में आते हैं। इस राशि से बच्चों की पढ़ाई और पालन-पोषण से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है। जो राशि बच जाती है, उसे मैं सुकन्या समृद्धि योजना में जमा करती हूं, ताकि बेटी के भविष्य के लिए कुछ राशि सुरक्षित रहे। पहले घर के खर्चों के बीच अलग से बचत करना आसान नहीं था। अब हर महीने मिलने वाली राशि से बच्चों की जरूरतें पूरी करने के साथ थोड़ी बचत भी कर पा रही हूं। इससे बच्चों के भविष्य को लेकर मेरा भरोसा बढ़ा है। महिलाओं को आर्थिक सहारा देने वाली इस योजना के लिए मैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी को धन्यवाद देती हूं।”
क्रमांक 1258/सुरजीत/फोटो क्रमांक 6,
//सेवा की कहानी//
सिंघिया के सेवा सेतु शिविर में हितग्राहियों तक पहुंचे योजनाओं के लाभ
किसानों को बीज व किसान क्रेडिट कार्ड, महिलाओं को स्वावलंबन के लिए ऋण; आवास, पेंशन और स्वरोजगार योजनाओं के दस्तावेज भी मिले
कोरबा, 02 अक्टूबर 2026/
सेवा संकल्प अभियान के तहत पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम सिंघिया में आयोजित सेवा सेतु शिविर में विभिन्न विभागों ने हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया। किसी किसान को खेती के लिए बीज मिला तो किसी को किसान क्रेडिट कार्ड। महिलाओं के स्व-सहायता समूहों को ऋण स्वीकृति पत्र दिए गए। शिविर में आवास योजना की चाबी और पेंशन स्वीकृति आदेश भी प्रदान किए गए।
कृषि विभाग ने मान सिंह और राय सिंह, निवासी कोरबी तथा चंचल डिक्सेना, चम्पा बाई, धन सिंह, विपत बाई, हरियर सिंह, सरोज डिक्सेना और इतवार सिंह, निवासी सिंघिया को किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ दिया। वहीं, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी की सूची के अनुसार भांवर के अमृत सिंह, जवाहर सिंह, अमर सिंह, परदेशी सिंह और प्रभुदयाल तथा डोंगरतराई के दयानंद, हरदयाल सिंह, मनमोहन सिंह, गीता प्रसाद और विजय मरकाम को स्वायल हेल्थ कार्ड वितरित किए गए।
आजीविका से जुड़ी योजनाओं में कर्णी स्व-सहायता समूह, सिंघिया को ₹3 लाख, जय मां सर्वमंगला स्व-सहायता समूह, कोरबी को ₹6 लाख और सर्वमंगला स्व-सहायता समूह, भांवर को ₹3 लाख के बैंक ऋण स्वीकृति पत्र दिए गए। समूहों की ओर से क्रमशः सावित्री, संतोषी, सुमित्रा राठौड़, सुमिता कुई और सविता यादव, मीरा बाई के नाम सूची में दर्ज हैं। कोरबी की संजू गोंड को स्वरोजगार के लिए ₹1 लाख ऋण का स्वीकृति पत्र मिला।
महिला कोष की सूची में नगोंई बछेरा की उषा बाई के लिए ₹1.20 लाख का प्रकरण स्वीकृत है। त्रिवेणी स्व-सहायता समूह, अंचानकपुर और लक्ष्मी स्व-सहायता समूह, सुतर्रा को ₹2-2 लाख तथा ज्योति स्व-सहायता समूह, पसान को ₹1 लाख ऋण स्वीकृति का लाभ मिला।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पोड़ी-उपरोड़ा की जैतराम राठिया और उर्मिला राठिया तथा लखनपुर की सतनंद और कच्चरा बाई को आवास संबंधी चाबी एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। शिविर में मुख्यमंत्री पेंशन योजना के अंतर्गत राजकुंवर और अंतकुंवर सहित सूचीबद्ध हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति आदेश दिए गए। इस तरह एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं मिलने से ग्रामीणों को अपने आवेदनों और योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा हुई।
सेवा सेतु शिविर में 22 हितग्राहियों को मिले प्रमाण पत्र और डिजिटल किसान किताब
छुरीकला में नागरिकों को राजस्व विभाग की सेवाओं और आवेदन प्रक्रिया की दी गई जानकारी
कोरबा, 02 अक्टूबर 2026/
नगर पंचायत छुरीकला में आयोजित सेवा सेतु शिविर में मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पदमनी प्रीतम देवांगन और उपाध्यक्ष श्री हीरानंद पंजवानी की उपस्थिति में हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। शिविर में 12 हितग्राहियों को आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र तथा 10 हितग्राहियों को डिजिटल किसान किताब वितरित की गई।
शिविर के प्रारंभ में राजस्व विभाग के अधिकारियों ने नागरिकों को भू-अभिलेख एवं डिजिटल रिकॉर्ड से जुड़ी सेवाओं की जानकारी दी। साथ ही स्वामित्व योजना के अंतर्गत आबादी पट्टा तथा नामांतरण (दाखिल-खारिज) की प्रक्रिया और लाभों के बारे में बताया।
एक ही स्थान पर राजस्व सेवाओं की जानकारी और आवश्यक दस्तावेज मिलने से हितग्राहियों को सुविधा हुई।
छुरीकला में सेवा सेतु शिविर आयोजित, नागरिकों को योजनाओं की दी गई जानकारी
आवास निर्माण के अनुज्ञा पत्र और किसान ऋण पुस्तिकाओं का वितरण
कोरबा, 02 अक्टूबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पंचायत छुरीकला में शुक्रवार को बस स्टैंड स्थित सांस्कृतिक मंच पर सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने नागरिकों को शासकीय योजनाओं की जानकारी दी और उनकी मांगों एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पद्मिनी प्रीतम देवांगन ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए त्वरित कार्रवाई की जाएगी तथा शासन की योजनाओं का लाभ नगर के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के स्वीकृत हितग्राहियों को आवास निर्माण के अनुज्ञा पत्र प्रदान किए गए। साथ ही किसान ऋण पुस्तिकाओं और विभिन्न विभागों के प्रशस्ति पत्रों का वितरण किया गया तथा अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित हुआ।
शिविर में नगर पंचायत उपाध्यक्ष श्री हीरानंद पंजवानी, मंडल महामंत्री श्री अभिषेक गर्ग, श्री डेकरांत देवांगन, श्री करुणा शंकर देवांगन, श्री श्याम कुमार साहू, श्री सुभाष जोशी, श्रीमती गायत्री श्रीवास्तव, श्रीमती जागेश्वरी साहू, श्री राकेश प्रताप सिंह सहित पार्षदगण और एल्डरमेन उपस्थित थे। आयोजन में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री मोहरलाल गहरवरिया, उप अभियंता श्री अनिल राम, आवास इंजीनियर श्री पीयूष साहू, स्वच्छता इंजीनियर श्री ओमप्रकाश भारद्वाज, कार्यक्रम अधिकारी श्री अवधेश देवांगन, श्री दीना देवांगन, श्रीमती उर्मिला साहू, नगर पंचायत के कर्मचारियों और स्वच्छता दीदियों ने सहयोग किया।
दीपका के सेवा सेतु शिविर में मिले 72 आवेदन, अधिकांश का मौके पर निराकरण
गांधी जयंती पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण; एक ही स्थान पर मिलीं विभिन्न विभागों की सेवाएं
कोरबा, 02 अक्टूबर 2026/गांधी जयंती के अवसर पर नगर पालिका परिषद दीपका में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद नगर पालिका परिषद के समीप सामुदायिक भवन में सेवा सेतु अभियान ‘सरकार आपके द्वार’ के तहत शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 72 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश का मौके पर निराकरण किया गया।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, विद्युत, राजस्व, कृषि, पशुधन विकास, उद्यानिकी, राशन कार्ड, पेंशन, जन्म-मृत्यु पंजीयन, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, लोक निर्माण और सौर ऊर्जा सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों और कर्मचारियों ने नागरिकों को योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी।
विधायक श्री प्रेमचंद पटेल ने परिवार सहायता योजना और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। शिविर में राशन कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। तहसीलदार श्री अभिजीत राजभानु एवं नायब तहसीलदार की उपस्थिति में पात्र हितग्राहियों को जाति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री नेतराम रत्नेश की उपस्थिति में सफाईकर्मियों को पीपीई किट वितरित की गई।
कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती संगीता साहू, श्री योगेश जैन, श्री धर्मेंद्र शुक्ला, श्रीमती प्रीति स्वर्णकार, श्री हरीश थड़वानी, श्री बीडी शर्मा, श्री अंकित चौधरी, श्री राजू प्रजापति, श्रीमती संतोषी दीवान, पार्षद श्री अरुणीश तिवारी, श्रीमती सविता कंवर, श्रीमती ज्योति तिवारी और श्रीमती सुनीता रोहित जायसवाल उपस्थित थे। एल्डरमैन श्री पवन अग्रवाल, श्री आनंद चौकसे, श्रीमती सुभद्रा यादव और श्री मनोज कुमार दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
गांधी जयंती पर सतरेंगा पर्यटन स्थल में स्वच्छता अभियान, पौधे भी रोपे गए
कोरबा, 02 अक्टूबर 2026/स्वच्छता ही सेवा एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गांधी जयंती पर आज जनपद पंचायत कोरबा की ग्राम पंचायत सतरेंगा स्थित पर्यटन स्थल में स्वच्छता अभियान चलाया गया। सुबह 9 बजे से आयोजित अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वच्छाग्रहियों ने श्रमदान कर परिसर की सफाई की तथा पौधे रोपे।
इस अवसर पर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती कौशल्या कंवर, जनपद पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संजय कुमार राय, मत्स्य, वन एवं पशुधन विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सरपंच, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक और स्वच्छाग्रही उपस्थित रहे।
मंत्री लखनलाल देवांगन ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण
कोरबा, 02 अक्टूबर 2026/उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने आज महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने बुधवारी बाजार स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा और कोसाबाड़ी चौक स्थित लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
मंत्री श्री देवांगन ने इस अवसर पर महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के विचारों तथा लाल बहादुर शास्त्री के ‘जय जवान-जय किसान’ संदेश का स्मरण किया।
कार्यक्रमों में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत,श्री गोपाल मोदी, पूर्व महापौर श्री जोगेश लांबा, एमआईसी सदस्य श्री हितानंद अग्रवाल, पार्षद श्री लक्ष्मण श्रीवास और श्री पंकज देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा बैठक आज
कोरबा, 02 अक्टूबर 2026/
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए किसान पंजीयन और धान खरीदी की प्रारंभिक तैयारियों की समीक्षा बैठक 3 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे कलेक्टर सभाकक्ष में होगी। बैठक कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी।
बैठक में राजस्व, खाद्य, सहकारिता, कृषि विभाग और विपणन संघ के संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जानकारी के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
वरिष्ठजनों हेतु जागरूकता शिविर एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का हुआ आयोजन
कोरबा 02 अक्टूबर 2026/वरिष्ठजनों के कल्याण, स्वास्थ्य एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से 01 अक्टूबर 2026 को स्नेह सदन वृद्धा आश्रम में वरिष्ठजनों हेतु जागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा द्वारा समाज कल्याण विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से किया गया। शिविर में उपस्थित वरिष्ठजनों को उनके अधिकारों, शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, वृद्धावस्था पेंशन, निःशुल्क विधिक सहायता तथा वरिष्ठ नागरिकों के संरक्षण से संबंधित प्रावधानों की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा वरिष्ठजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में उपस्थित वृद्धजनों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित आहार लेने एवं स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी गई। कार्यक्रम में वरिष्ठजनों की समस्याओं को सुना गया तथा उनके निराकरण हेतु संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही किए जाने के संबंध में जानकारी दी गई। इस शिविर में सचिव जिला विधिकसेवा प्राधिकरण कोरबा, कु0 डिम्पल, एच.एम.ओ, डॉ. श्रीराम राठिया, ए.एम.ओ, डॉ.सपना मिश्रा, फिजियोथेरेपिस्ट डॉ.वर्षा पटेल, फार्मासिस्ट श्रीमती संतोषी पैंकरा, फार्मासिस्ट श्रीमती भारती कटकवार,औषधीय सेवक श्री बिजेन्द्र कुमार टंडन, नर्स स्टाफ, कु0संजु चौहान, सरिता, पैरा लिगल वॉलंटियर, श्री रमाकांत दुबे व चिकित्सा विभाग के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
गांधी जयंती के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बालिका गृह में मानसिक स्वच्छता का पढ़ाया पाठ
कोरबा 02 अक्टूबर 2026/02 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के अवसर पर बालिका गृह कोरबा में विधिक जागरूकता का आयोजन किया गया, उक्त शिविर मे सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा द्वारा बालिका गृह में आवासित बालिकाओं को जागरूक एवं सशक्त बनाने तथा समाज में न्याय एवं समानता की भावना को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। कु. ग्रेसी सिंह द्वारा अपने उद्बोधन में बच्चों के पढ़ाई पर विषेश ध्यान देने हेतु प्रोत्साहित किया गया तथा उनके द्वारा बताया गया कि 2 अक्टूबर का दिन हम सभी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। गांधी जी के सत्य और अहिंसा के बताये मार्ग को अपने जीवन में उतारने का महत्वपूर्ण दिन है देश को स्वतंत्र कराने के संघर्ष में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह संदेश दिया है कि बिना हिंसा का सहारा लिए भी बड़े से बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है। सच्चाई के रास्ते पर चलने के लिए साहस, दूसरों को क्षमा करने के लिए उदारता और अपनी गलतियों को स्वीकार करके स्वयं में सुधार करने के लिए आत्मबल होना चाहिए। उपरोक्त कार्यक्रम में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा एवं कु.ग्रेसी सिंह न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी कोरबा, कु. त्रिप्ति अग्रवाल द्वितीय व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी कोरबा, कु. प्रिया सोमावार, प्रथम व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी के न्यायालय के द्वितीय अतिरिक्त न्यायाधीश कोरबा बालिका गृह की अधिक्षिका, समस्त स्टाफ एवं 50 बालिकाए उपस्थित रहे ।
गांधी जयंती के अवसर पर बालक गृह में विधिक जागरूकता शिविर एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
कोरबा 02 अक्टूबर 2026/02 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के अवसर पर विधिक जागरूकता शिविर एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया उपरोक्त कार्यक्रम में कु. ग्रेसी सिंह न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी कोरबा के द्वारा उपस्थित बच्चों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी प्रकार की समस्या अथवा कठिनाई होने पर उचित माध्यम से सहायता प्राप्त करने के संबंध में बताया गया। कार्यक्रम में बालक गृह के बच्चों द्वारा महात्मा गांधी जी के विचारों, सत्य, अहिंसा एवं शांति के संदेश पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए उपस्थितजनों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को महात्मा गांधी जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा अच्छे संस्कारों, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा के द्वारा बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास एवं रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना था । उपरोक्त कार्यक्रम में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा, कु. ग्रेसी सिंह न्यायिक मजिस्ट्रे प्रथम श्रेणी कोरबा, बालक गृह के अधीक्षक समस्त स्टॉफ एवं 33 बच्चे उपस्थित रहे। पैरालीगल वॉलेण्टियर्स श्री रमाकांत दुबे उपस्थित रहे।
न्यायाधीशों ने बंदियों को बताये आत्मसुधार, सकारात्मक सोच और जीवन परिवर्तन के मंत्र
कोरबा 02 अक्टूबर 2026/02 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के अवसर पर उप जेल कटघोरा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम के दौरान बंदियों को उनके विधिक अधिकारों, उपलब्ध विधिक सहायता एवं न्यायिक प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर बंदियों द्वारा रंगोली बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया गया। रंगोली कार्यक्रम के माध्यम से बंदियों में सकारात्मक सोच, रचनात्मकता एवं आपसी सद्भाव को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में बंदियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा महात्मा गांधी जी के सत्य, अहिंसा एवं शांति के आदर्शों को आत्मसात करने का अवसर प्रदान किया । निर्मित रंगोलियों का न्यायाधीशों द्वारा निरीक्षण किया गया तथा बंदियों द्वारा प्रस्तुत रचनात्मक गतिविधि की सराहना की गई। उपरोक्त कार्यक्रम में श्री शीलू सिंह द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश कटघोरा, श्री हेमंत रात्रे तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश, श्री लोकेश पटले प्रथम व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी, कुव रंजू वैष्णव प्रथम व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी, न्यायाधीश प्रेरणा वर्मा प्रथम व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी, एवं अधिवक्ता श्री खेमचंद नामदेव सहायक जेल अधीक्षक श्रीमती सीमा उराव एवं पैरालीगल वॉलेण्टियर्स श्री तलवीर सिंह उपस्थित रहे ।
‘‘अपराधों से प्रयाश्चित, निराशा से संकल्प तक‘‘, जेल में न्यायाधीशों ने बताये जीवन बदलने के मंत्र
कोरबा 02 अक्टूबर 2026/
आज दिनांक 02.10.2026 को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा द्वारा जिला जेल कोरबा में न्यायाधीशों की उपस्थिति में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्रीमती गरिमा शर्मा, तृतीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्री सुनील कुमार नंदे एवं जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश एफ. टी. सी सुश्री सीमा प्रताप चन्द्रा की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित हुआ । प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्रीमती गरिमा शर्मा, ने अपने उद्बोधन में जेल में निरूद्ध बंदियों को संबोधित करते हुए बताया कि जेल में रहने के दौरान या जेल से बाहर जाने के पश्चात आपके मन को धैर्य विवेक संग सही ढंग से नियंत्रण में रखना आवश्यक है । महात्मा गांधी के जीवन से यह सीखने योग्य है कि गलतियां करना मनुष्य का स्वाभाव है परंतु उससे सीख लेना बहुत ही आवश्यक है क्योकि आपका परिवार बहुत ही आशा के साथ आपका इंतजार करता है तथा आप अपने सकारात्मक विचारों एवं संकल्प के साथ जीवन की नई शुरूवात करते हैं। आज का यह दिवस एक संकल्प की ओर इंगित करता है। संकल्प यह है कि जो गलती हो गई है उसे सुधार कर सही दिशा में सकारात्मक कार्य की ओर अग्रसर होना है। तृतीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्री सुनील कुमार नंदे ने अपने प्रेरक उदबोधन में निरूद्ध बंदियों को आचरण व व्यवहार में सुधार करने हुए प्रेरित करते हुए कहा कि जिससे वे समाज में पुनः सशक्त व आत्मनिर्भर बन सके तथा आगे के जीवन को अच्छा बनाने के संबंध सोच कर रखिये। मान लिजिए यहां पर हम अपनी गलती से आये है और प्रायश्चित करने के तुरंत बाद जब हम बाहर जायेंगें तो समाज हमको उसी रूप में स्वीकार कर लेगा । जैसे हम पहले थे । यहां रहते हुए ये मत सोचिए कि आज हम जिस अपराध में आए है आगे उससे बड़ा अपराध करके आएगें। अपराध का यही त्याग कीजिए। गलती का प्रायश्चित किजिए और आगे बढ़िये ।
कु. डिंपल सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिरण कोरबा ने गांधी जी को सादगी त्याग व कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक बताते हुए कहा सत्य व अहिंसा के मार्ग में चल कर देश को स्वतंत्रता दिलानें में उन्होने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सहायक जेल अधीक्षक जिला जेल कोरबा श्री अमितेश साहू ने बंदियों को अपराध न करने का संकल्प दिलाते हुए मुख्य धारा से जोड़ने हेतु प्रेरित किया। इसके साथ कुछ शिक्षित कैदियों ने प्राचीन काल की जेल यातनाओं मे हुए कमित सुधार न्यायालय के न्यायाधीशों के प्रेरणाओं से अपराध मुक्त जीवन जीने पर सह कैदियों को जोर दिया ।
इस अवसर पर श्रीमती सोनी तिवारी प्रथम व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी के न्यायालय के प्रथम अतिरिक्त न्यायाधीश, कु. कुमुदिनी गर्ग प्रथम व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी, कु. ग्रेसी न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कु. त्रिप्ति अग्रवाल द्वितीय व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी, कु. प्रिया सोमावर प्रथम व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी के न्यायालय के द्वितीय अतिरिक्त व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी कोरबा, सहायक जेल अधीक्षक अमितेश साहू, श्री विक्रम सिह राठौर असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस कॉसिल कोरबा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारीगण, श्री रमाकांत दुबे पैरालीगल वॉलिटियर व जेल के कर्मचारीगण उपस्थित रहे ।
सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कोरबा 02 अक्टूबर 2026/भारत सरकार द्वारा सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जागरूकता सत्र अंतर्गत सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 का जागरूकता कार्यक्रम मिनीमाता कन्या महाविद्यालय कोरबा में आयोजित किया गया। उक्त जागरूकता कार्यक्रम में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज हेतु आवेदन की प्रक्रिया एवं पंजीयन के साथ-साथ सेवा संकल्प अभियान से संबंधित विस्तृत जानकारी उद्योग विभाग, कोरबा के अधिकारियों के द्वारा दिया गया।
उक्त सेवा संकल्प अभियान जागरूकता कार्यक्रम में मिनीमाता कन्या महाविद्यालय कोरबा के 150 छात्राएं एवं शिक्षकगणों की सहभागिता रही।
ढेलवाडीह में श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश, स्वच्छता दीदियों का हुआ सम्मान
गांधी जयंती पर कचरा छंटाई शेड और साप्ताहिक बाजार की सफाई, पौधरोपण भी किया गया
कोरबा, 02 अक्टूबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गांधी जयंती पर जनपद पंचायत कटघोरा की ग्राम पंचायत ढेलवाडीह में ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026’ के तहत स्वच्छता श्रमदान, पौधरोपण और स्वच्छाग्रहियों का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और ग्रामीणों ने कचरा छंटाई शेड तथा साप्ताहिक बाजार में श्रमदान कर साफ-सफाई की और पौधरोपण किया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती झूल बाई कंवर एवं अन्य अतिथियों ने स्वच्छता दीदियों को श्रीफल, साड़ी और गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत कटघोरा के पूर्व उपाध्यक्ष श्री गोविंद सिंह कंवर, जनपद सदस्य श्री भागवत साहू, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री के.के. श्रीवास, सरपंच श्रीमती कौशिल्या कंवर, कार्यक्रम अधिकारी श्री योगेश चंद्रा, सहायक विकास विस्तार अधिकारी श्री आर.के. शिवालय एवं श्री शिवशंकर मरकाम, एनआरएलएम क्षेत्रीय समन्वयक श्री कमलकांत कश्यप, पंचायत सचिव श्री पवन गुप्ता, उपसरपंच श्री मुकेश सिंह तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के ब्लॉक समन्वयक उपस्थित थे।
सेवा संकल्प अभियान के तहत कोरबा एवं करतला में विशेष शिविर का आयोजन आज
कोरबा, 02 अक्टूबर 2026/राज्य शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत आम नागरिकों तक विभिन्न शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से नगरीय निकाय एवं जनपद पंचायत क्षेत्रों में 01 अक्टूबर से विशेष शिविर आयोजित किए जा रहें।
इसी क्रम में 03 अक्टूबर को नगर पालिक निगम कोरबा के अंतर्गत टीपी नगर स्थिति निगम कार्यालय एवं जनपद पंचायत करतला अंतर्गत हायर सेकेण्डरी स्कूल फरसवानी में शिविर आयोजित किए जाएंगे। आम नागरिकों से अपील की गई है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिविर का लाभ उठायें।
सेवा संकल्प अभियान के तहत 08 विद्यालयों में नुक्कड़ नाटक का आयोजन आज
कोरबा, 02 अक्टूबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 3 अक्टूबर को पीएमश्री सेजेस बालको, करतला, तिलकेजा एवं पोड़ी-उपरोड़ा, सेजेस अंग्रेजी माध्यम पाली, सेजेस कन्या साड़ा तथा शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भैसमा एवं सरगबुंदिया में नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित संस्थाओं को निर्धारित स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
रामपुर और कोरबा विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ को दिया गया चुनावी साक्षरता क्लब का प्रशिक्षण
मतदान केंद्र स्तर पर मतदाता जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश
कोरबा, 02 अक्टूबर 2026/भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में 20-रामपुर और 21-कोरबा विधानसभा क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) का चुनावी साक्षरता क्लब (ईएलसी) संबंधी प्रशिक्षण 01 अक्टूबर को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में कोरबा एवं करतला विकासखंड के बीएलओ शामिल हुए।
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती माधुरी सोम ठाकुर ने बीएलओ को अपने मतदान केंद्रों में ईएलसी गठित कर स्वीप कार्ययोजना के अनुरूप मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गतिविधियों का संचालन भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाए।
सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी श्री सतीश प्रकाश सिंह ने कहा कि मतदाता जागरूकता में बीएलओ की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने 14 से 17 वर्ष आयु के भावी मतदाताओं, 18 से 25 वर्ष के युवा मतदाताओं तथा महिला, दिव्यांग, बुजुर्ग और थर्ड जेंडर मतदाताओं सहित सभी वर्गों तक चुनावी प्रक्रिया की जानकारी पहुंचाने को कहा। उन्होंने मतदाता पंजीकरण, मतदाता सेवाओं, मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों के बारे में मतदान केंद्र स्तर पर जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही ‘कोई भी मतदाता पीछे न छूटे’ के सिद्धांत के अनुरूप सभी पात्र मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
प्रशिक्षण में तहसीलदार श्री सत्यपाल रॉय एवं श्री राहुल पांडेय, नायब तहसीलदार श्रीमती जानकी काठले, श्री मधुसूदन साहू, श्री दीपक पटेल एवं श्री चंद्रभूषण चंद्रा, दोनों विधानसभा क्षेत्रों के मास्टर ट्रेनर्स, जिला निर्वाचन कार्यालय के सुपरवाइजर तथा बीएलओ उपस्थित थे।
गांधी जयंती पर औद्योगिक क्षेत्र कोरबा में लगाए गए लगभग 100 पौधे
मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने पौधरोपण कर संरक्षण का दिया संदेश
कोरबा, 02 अक्टूबर 2026/गांधी जयंती के अवसर पर जिला उद्योग संघ द्वारा आज औद्योगिक क्षेत्र कोरबा में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वाणिज्य एवं उद्योग, श्रम तथा आबकारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने फलदार पौधा लगाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने की। इस अवसर पर औद्योगिक क्षेत्र में लगभग 100 पौधे लगाए गए।
मंत्री श्री देवांगन ने उपस्थित लोगों को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल कर उसे संरक्षित रखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष श्री श्रीकांत बुधिया, सचिव श्री संतोष खरे, संरक्षक श्री मुरलीधर माखिजा, श्री भाटिया, वार्ड पार्षद तथा औद्योगिक क्षेत्र की इकाइयों के संचालक एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, कोरबा के महाप्रबंधक ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रदर्शनी के माध्यम से नागरिकों को दी गई शासकीय योजनाओं की जानकारी
कोरबा, 02 अक्टूबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा शहर में घंटाघर चौपाटी परिसर में शिविर सह प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य शासन की योजनाओं और जिले में हुए विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाना था।
प्रदर्शनी में जिले की विकास योजनाओं, उपलब्धियों और विभिन्न विकास कार्यों से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की गई। नागरिकों को महत्वपूर्ण शासकीय सूचनाएं दी गईं तथा शासन द्वारा प्रकाशित जनमन पत्रिका का वितरण किया गया।
फोटो क्रमांक 44, 45









