
अम्बिकापुर 13 अक्टूबर 2026/ कार्यालय जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, सरगुजा द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अम्बिकापुर में राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज के प्रचार-प्रसार एवं विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज के उद्देश्य, महत्व तथा इसमें सहभागिता की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं में नवाचार के प्रति रुचि विकसित करना, नवीन विचारों और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करना तथा उद्यमशीलता की भावना को बढ़ावा देना है। इस पहल के माध्यम से नवाचार में रुचि रखने वाले प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा एवं नए विचारों को प्रस्तुत करने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने तथा ऑनलाइन आवेदन करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही महाविद्यालय स्तर पर भी योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया गया।
उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, सरगुजा के प्रबंधक श्री अश्विनी शुक्ला एवं सहायक प्रबंधक श्री सूर्योदय कुमार साहू ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई), प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी), औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के अंतर्गत मिलने वाले अनुदान, छूट एवं रियायतों, स्टार्टअप तथा राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज के बारे में विद्यार्थियों को अवगत कराया। अधिकारियों ने युवाओं को उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर स्वरोजगार एवं उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की ओर से डॉ. उमेश पाण्डेय, सहायक प्राध्यापक हिंदी, डॉ. ब्रजेश कुमार, सहायक प्राध्यापक विधि, डॉ. रश्मित कौर, सहायक प्राध्यापक वाणिज्य, डॉ. तरुण कुमार राय, सहायक प्राध्यापक विधि तथा डॉ. शंपू तिर्की, सहायक प्राध्यापक वाणिज्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 200 से 250 छात्र-छात्राओं के साथ महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं अन्य कर्मचारी भी शामिल हुए।
इस जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नवाचार के नए अवसरों से परिचित कराते हुए उनके विचारों को उद्यमिता एवं स्वरोजगार से जोड़ने और राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज में उनकी सहभागिता बढ़ाने का प्रयास किया
अम्बिकापुर 13 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर एवं जिला मिशन समन्वयक (समग्र शिक्षा) के मार्गदर्शन तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं जिला परियोजना संचालक (समग्र शिक्षा) के निर्देशन में समग्र शिक्षा की समावेशी शिक्षा अंतर्गत एलिम्को के सहयोग से सरगुजा जिले के 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के दिव्यांग बच्चों के लिए विकासखंड स्तरीय आंकलन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविर का उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, उनकी आवश्यकताओं का निर्धारण, दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं यूनिक दिव्यांगता पहचान पत्र (यूडीआईडी) बनाना तथा दिव्यांगता आधारित मूल्यांकन एवं परीक्षण करना है।
जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा श्री सर्वजीत पाठक ने बताया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 13 अक्टूबर को सीतापुर विकासखंड के बीआरसी भवन में आंकलन शिविर आयोजित किया गया। इसमें सीतापुर एवं मैनपाट विकासखंड के 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के दिव्यांग बालक-बालिकाओं को संबंधित शिक्षकों एवं अभिभावकों द्वारा शिविर में लाया गया। यहां बच्चों का परीक्षण कर उन्हें मेडिकल प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड एवं सहायक उपकरणों के लिए चिन्हांकित किया गया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं संबंधित विशेषज्ञों द्वारा दिव्यांग बच्चों का परीक्षण किया गया। जिला चिकित्सालय से आए विशेषज्ञों ने 40 चयनित दिव्यांग बच्चों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए तथा आवश्यकतानुसार सर्जरी के लिए भी चिन्हांकन किया। वहीं, एलिम्को की टीम द्वारा उचित माप एवं परीक्षण के आधार पर 63 बच्चों को सहायक उपकरण प्रदान करने के लिए चिन्हांकित किया गया। इनमें हियरिंग एड, कैलिपर्स, ट्राईसाइकिल सहित अन्य आवश्यक सहायक सामग्री शामिल हैं।
शिविर में सीतापुर विकासखंड से 103 दिव्यांग बच्चे एवं 71 अभिभावक तथा मैनपाट विकासखंड से 44 दिव्यांग बच्चे एवं 44 अभिभावक शामिल हुए। इस प्रकार दोनों विकासखंडों से कुल 147 दिव्यांग बच्चों एवं 115 अभिभावकों ने सहभागिता की। शिविर में शामिल दिव्यांग बच्चों एवं उनके साथ आए अभिभावकों के लिए समग्र शिक्षा विभाग द्वारा भोजन की व्यवस्था भी की गई।
इस अवसर पर जिला कार्यालय से जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा श्री सर्वजीत पाठक, एपीसी श्री दिनेश शर्मा, विकासखंड स्रोत समन्वयक श्री रमेश सिंह, बीआरपी श्री नरेंद्र पांडे एवं बीआरपी श्रीमती मीना गुप्ता उपस्थित रहे।
’लखनपुर में कल 14 अक्टूबर को आयोजित होगा शिविर’
आंकलन शिविरों की निर्धारित समय-सारणी के अनुसार 14 अक्टूबर 2026 को विकासखंड लखनपुर के सामुदायिक भवन में शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें लखनपुर एवं उदयपुर विकासखंड के दिव्यांग बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, दिव्यांगता का आंकलन तथा आवश्यकता के अनुसार प्रमाण पत्र एवं सहायक उपकरणों के लिए चिन्हांकन किया जाएगा।









