
नियमित आर्थिक सहायता से घरेलू खर्चों के प्रबंधन में मिली राहत, सरिता ने जताया प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार
रायपुर, 14 अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के तहत मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता महिलाओं को अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ ही परिवार की जिम्मेदारियों के निर्वहन में भी मदद कर रही है। बेमेतरा जिले के ग्राम खुदमुड़ी निवासी श्रीमती सरिता निषाद भी इस योजना से लाभान्वित होकर आर्थिक संबल प्राप्त कर रही हैं।
श्रीमती सरिता निषाद बताती हैं कि परिवार की रोजमर्रा की जरूरतों के साथ कई छोटे-बड़े खर्चों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता राशि उनके लिए उपयोगी साबित हो रही है। इस राशि का उपयोग वे घरेलू आवश्यकताओं और परिवार से जुड़े खर्चों को पूरा करने में करती हैं। नियमित आर्थिक सहायता मिलने से उन्हें घरेलू बजट के प्रबंधन में सुविधा हुई है और आर्थिक चिंताओं से कुछ राहत मिली है।
सरिता का कहना है कि पहले छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी परिवार की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखना पड़ता था, लेकिन अब योजना से मिलने वाली राशि से वे अपनी आवश्यकताओं को पूरा करने में स्वयं योगदान दे पा रही हैं। इससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना ने महिलाओं को आर्थिक सहायता के साथ आत्मसम्मान और स्वावलंबन की नई अनुभूति भी कराई है।
श्रीमती सरिता निषाद ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की सरकार द्वारा महिलाओं के हित में संचालित महतारी वंदन योजना उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। नियमित आर्थिक सहायता से महिलाओं को परिवार की जरूरतों को पूरा करने में सहयोग मिल रहा है और आर्थिक निर्णयों में उनकी भागीदारी भी बढ़ रही है।
योजना का लाभ मिलने पर श्रीमती सरिता निषाद ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के लिए केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं, बल्कि सम्मान, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। सरिता निषाद की यह कहानी दर्शाती है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं किस प्रकार महिलाओं के जीवन में आर्थिक संबल प्रदान कर उनके परिवारों को भी सशक्त बना रही हैं।









