
अम्बिकापुर 03 नवम्बर 2026/ सरगुजा जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026-27 का शुभारंभ आज गांधी स्टेडियम, अम्बिकापुर में किया गया। जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग, सरगुजा के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज के मुख्य आतिथ्य में हुआ। खेल का शुभारंभ विधायक श्री मिंज ने फुटबाल को किक मारकर किया। प्रतियोगिता का आयोजन 03 से 05 नवम्बर तक किया जा रहा है। इसका शुभंकर ‘गजरू’ बनाया गया है। सरगुजा के खेल इतिहास में पहली बार फ्लड लाइट की रोशनी में फुटबॉल मैच का आयोजन भी विशेष आकर्षण रहेगा।
इस प्रतियोगिता में जिले के सातों विकासखंडों अम्बिकापुर, उदयपुर, बतौली, मैनपाट, लखनपुर, लुण्ड्रा एवं सीतापुर के लगभग 1800 खिलाड़ी, कोच एवं मैनेजर शामिल हो रहे हैं। प्रतियोगिता के प्रथम दिवस लगभग 1000 जूनियर बालक एवं बालिका खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
उल्लेखनीय है कि ’’खेले बार आघू आबो सरगुजा के मान बढ़ाबो’’ के स्लोगन के साथ खिलाड़ी सरगुजा ओलंपिक में हो रहे शामिल। इस ओलंपिक प्रतियोगिता में तीरंदाजी, रस्साकसी महिला, फुटबॉल, एथलेटिक, बास्केटबाल, बॉलीबाल, कुश्ती, कराटे, कब्बडी , खो-खो एवं बैडमिंटन खेल शामिल हैं।
मुख्य अतिथि श्री प्रबोध मिंज ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी टीम में स्थान बनाने के लिए निरंतर मेहनत और अनुशासन जरूरी है। खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने के लिए नियमित अभ्यास करना चाहिए। उन्होंने अपने स्कूल एवं कॉलेज के दिनों के खेल अनुभव साझा करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि सरगुजा ओलंपिक जिले के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्रदान कर रहा है। सभी खिलाड़ी खेल भावना एवं नियमों का पालन करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करें तथा संभाग, राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन करें।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना, खेल के नियमों के पालन तथा अपने जिले के गौरव एवं सम्मान को बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से खेलने की शपथ दिलाई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी खिलाड़ियों को संबोधित कर उनका उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
88 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन
सरगुजा ओलंपिक के प्रति जिले के खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला है। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में 01 अगस्त से 15 सितम्बर 2026 तक ऑनलाइन एवं ऑफलाइन पंजीयन कराया गया, जिसमें जिले के सातों विकासखंडों से कुल 88,509 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया। इनमें 36,319 पुरुष एवं 52,190 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। सर्वाधिक 48,626 खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स विधा के लिए पंजीयन कराया।
विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन 01 से 10 अक्टूबर 2026 तक जिले के सभी सात विकासखंडों में किया गया। इसमें नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विकासखंड स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र, मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले खिलाड़ियों के लिए आवागमन एवं भोजन की व्यवस्था भी प्रशासन द्वारा की गई।
खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार से किया जाएगा सम्मानित
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार, प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। व्यक्तिगत खेल विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 2,000 रुपये, द्वितीय स्थान पर 1,500 रुपये तथा तृतीय स्थान पर 1,000 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। वहीं दलगत खेल विधाओं में प्रथम स्थान के लिए 4,000 रुपये, द्वितीय स्थान के लिए 3,000 रुपये तथा तृतीय स्थान के लिए 2,000 रुपये निर्धारित किए गए हैं।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी 15 से 20 नवम्बर 2026 तक संभाग मुख्यालय अम्बिकापुर में प्रस्तावित संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम में नगर निगम सभापति श्री हरमिंदर सिंह टिन्नी, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्वविजय सिंह तोमर, श्री भरत सिंह सिसोदिया ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए बेहतर खेल के लिए शुभकामनाएं दी।
इस दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती रोमा श्रीवास्तव, सहायक संचालक खेल श्री रामकुमार सिंह, खेल अधिकारी, अन्य जनप्रतिनिधि, खेलप्रेमी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
अम्बिकापुर 03 नवम्बर 2026/ छत्तीसगढ़ शासन, गृह विभाग (विभागीय परीक्षा प्रकोष्ठ), मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर द्वारा विभागीय परीक्षा माह जनवरी 2027 की सूचना एवं कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। परीक्षा का आयोजन 27 जनवरी से 03 फरवरी 2027 तक किया जाएगा।
अपर कलेक्टर ने जिले के समस्त कार्यालय प्रमुखों को पत्र जारी कर विभागीय परीक्षा में शामिल होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के आवेदन पत्र 15 दिसंबर 2026 तक कलेक्ट्रेट की वित्त शाखा में जमा कराने के निर्देश दिए हैं।
विभागीय परीक्षा में शामिल होने वाले अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के परीक्षार्थियों को उत्तीर्ण होने के लिए 10 प्रतिशत अंकों तक की छूट का प्रावधान है। इसके लिए संबंधित परीक्षार्थियों को आवेदन पत्र के साथ अपना जाति प्रमाण पत्र भी अनिवार्य रूप से जमा करना होगा।









