
राजनांदगांव 06 नवम्बर 2026। छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक शाखा तुमड़ीबोड़ के क्षेत्रीय कार्यालय राजनांदगांव द्वारा डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम ढाबा के पंचायत परिसर में वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान अंतर्गत विशेष जागरूकता एवं जनभागीदारी शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय रिजर्व बैंक रायपुर के डीजीएम श्री प्रदीप गोंधुले उपस्थित थे। शिविर में 100 से अधिक ग्रामीणों एवं हितग्राहियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न वित्तीय समावेशन योजनाओं एवं बैंकिंग सुविधाओं के प्रति जागरूक किया गया। शिविर में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, रे-केवायसी एवं सीकेवायसी, मनी म्यूल से संबंधित साइबर वित्तीय जागरूकता, बैंक खातों में नॉमिनेशन की आवश्यकता एवं महत्व सहित अन्य शासकीय सामाजिक सुरक्षा योजनाएं एवं बैंकिंग सुविधाएं की जानकारी दी गई। शिविर में ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं से अधिकाधिक जुडऩे, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठाने, अपने बैंक खातों की केवायई पूर्ण रखने तथा सुरक्षित डिजिटल लेनदेन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक क्षेत्रीय कार्यालय राजनांदगांव के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री आशीष सिंह, क्षेत्रीय कार्यालय से एफआई (वित्तीय समावेशन) मैनेजर श्री अरविंद द्विवेदी एवं श्री अनिल रजक, शाखा प्रबंधक तुमड़ीबोड़ ग्रामीण बैंक श्री अमित कुमार एवं अधिकारी श्री मयंक कुमार, ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, अन्य जनप्रतिनिधि तथा बैंककर्मी उपस्थित थे।









