
– अवैध धान परिवहन एवं कोचियों पर कड़ी कार्रवाई करने के दिए निर्देश*
*- कलेक्टर ने अटल मॉनिटरिंग पोर्टल के माध्यम से विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की*
*- कलेक्टर ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं विकास कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश*
राजनांदगांव 12 नवम्बर 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि जिले में 15 नवम्बर 2026 से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ हो रही है। धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने धान उपार्जन केन्द्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा धान खरीदी की तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिले में अन्य क्षेत्रों से होने वाले अवैध धान परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने तथा धान के अवैध कारोबार में संलिप्त कोचियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को धान खरीदी व्यवस्था की सतत निगरानी करने तथा किसानों को सुगमता एवं पारदर्शिता के साथ धान विक्रय की सुविधा उपलब्ध कराने कहा।
कलेक्टर ने अटल मॉनिटरिंग पोर्टल के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों एवं निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप उपलब्धियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को पोर्टल में योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति से संबंधित जानकारी नियमित रूप से अद्यतन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पोर्टल में दर्ज जानकारी तथ्यात्मक, सटीक एवं अद्यतन होनी चाहिए, ताकि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रभावी निगरानी एवं समीक्षा की जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए कार्यों में तेजी लाने तथा लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने कहा।
कलेक्टर ने राजनांदगांव शहर में निर्माणाधीन स्टेशनपारा रेलवे अंडरब्रिज की प्रगति की जानकारी लेते हुए पुशिंग कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की प्रतिदिन जानकारी उपलब्ध कराने तथा कार्य को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने कहा। कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग के सर्विस लेन के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना अथवा जनहानि की स्थिति निर्मित न हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने शासकीय कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन एवं कार्यप्रणाली में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही राजगामी की जमीन का ऑडिट कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा। कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्य पूर्ण कर चुके ठेकेदारों के लंबित भुगतान का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के बिजली व्यय में कमी लाने तथा स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। योजना के अंतर्गत जिले में अब तक 16 हजार 492 आवेदन प्राप्त हुए हैं तथा 8 हजार 396 हितग्राहियों के घरों में रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं। इससे हितग्राही बिजली के उपभोक्ता होने के साथ-साथ स्वयं ऊर्जा उत्पादक भी बन रहे हैं। कलेक्टर ने शेष आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाते हुए पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना की जानकारी अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाने तथा सोलर पैनल स्थापना के कार्यों में तेजी लाने कहा।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने मुख्यमंत्री जनदर्शन, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, पीजी पोर्टल एवं कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को प्राप्त आवेदनों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर श्री प्रेमप्रकाश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।








