
‘व्यापार से बाजार तक’ संगोष्ठी में सीए सौरभ केला ने साझा किए व्यवसाय को ब्रांड बनाने के गुर
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने उद्यमिता और रोजगार सृजन पर दिया जोर
धमतरी, 18 नवंबर 2026। बदलते कारोबारी दौर में केवल उत्पाद तैयार करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी बाजार में पहचान बनाना, ग्राहकों का भरोसा जीतना और आधुनिक तकनीक के साथ कारोबार का विस्तार करना भी जरूरी है। इसी सोच को केंद्र में रखकर जिला प्रशासन एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा बुधवार को ‘व्यापार से बाजार तक’ विषय पर विशेष संगोष्ठी आयोजित की गई। स्व. संतोष नेताम महानदी सभागार, कम्पोजिट बिल्डिंग में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के 50 से अधिक व्यापारियों, उद्यमियों, नवउद्यमियों और युवाओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने की, जबकि लेखक एवं व्यवसाय प्रशिक्षक सीए सौरभ केला मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कारोबारियों को व्यवसाय की सामान्य गतिविधियों से आगे बढ़कर उसे एक मजबूत पहचान वाले ब्रांड के रूप में स्थापित करने के व्यावहारिक तरीके बताए।
बाजार की मांग समझना ही कारोबार की सफलता की कुंजी
मुख्य वक्ता सीए सौरभ केला ने कहा कि किसी भी व्यवसाय की सफलता के लिए बाजार की जरूरतों और ग्राहकों की पसंद को समझना बेहद जरूरी है। सही विपणन, प्रभावी बिक्री रणनीति, ग्राहक संतुष्टि और वित्तीय प्रबंधन किसी कारोबार को आगे बढ़ाने के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने व्यवसाय संचालन में होने वाली सामान्य गलतियों और उनसे बचने के उपायों को उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने जोर दिया कि कारोबारियों को अपने उत्पाद की गुणवत्ता के साथ उसकी पहचान और बाजार में विश्वसनीयता बनाने पर भी काम करना चाहिए।
कृत्रिम बुद्धिमत्ता से आसान होगा विपणन, बढ़ेंगे कारोबार के अवसर
संगोष्ठी में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के व्यावसायिक उपयोग पर विशेष चर्चा हुई। सीए केला ने बताया कि इस तकनीक के माध्यम से बाजार का विश्लेषण, ग्राहकों की पसंद और व्यवहार का अध्ययन, डिजिटल विपणन, विज्ञापन तैयार करने तथा बिक्री बढ़ाने की रणनीति बनाने में मदद ली जा सकती है। आधुनिक तकनीक का सही उपयोग छोटे व्यापारियों और लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए भी नए बाजारों तक पहुंचने का प्रभावी माध्यम बन सकता है।
पुस्तक के जरिए बताए कारोबार को ब्रांड बनाने के सूत्र
इस अवसर पर सीए सौरभ केला ने अपनी पुस्तक ‘व्यापार से बाजार तक’ के महत्वपूर्ण व्यावसायिक सूत्रों और अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया कि पुस्तक में व्यवसाय शुरू करने से लेकर उसकी बाजार में पहचान बनाने, ब्रांड निर्माण, ग्राहक व्यवहार, विपणन, बिक्री, वित्तीय प्रबंधन और कारोबार के विस्तार तक के पहलुओं को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
युवा नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाले बनें : कलेक्टर
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जिले के औद्योगिक और व्यावसायिक विकास के लिए स्थानीय उद्यमियों को बाजार की बदलती जरूरतों, आधुनिक तकनीक और बेहतर व्यवसाय प्रबंधन की जानकारी देना आवश्यक है। इस तरह के आयोजन स्थानीय कारोबार को नई दिशा देने के साथ उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने में सहायक होंगे। उन्होंने जिले में संचालित उद्यमिता, कौशल विकास, प्रशिक्षण और नवउद्यम प्रोत्साहन कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए युवाओं से स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को केवल नौकरी तलाशने तक सीमित न रहकर रोजगार सृजित करने वाला बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक लोकपाल खंडेकर, प्रबंधक प्रशांत चंद्राकर, सीजीएस नेटवर्क के मार्गदर्शक उमेश महिलानी, जिला संसाधन व्यक्ति, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के उपाध्यक्ष दिनेश रोहरा, धमतरी संभाग के श्री कुकरेजा, राइस मिल एसोसिएशन नगरी के अध्यक्ष अनिल वाधवानी, एस.पी. गोस्वामी सहित लघु एवं मध्यम उद्योगों के प्रतिनिधि, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजना के हितग्राही तथा युवा एवं महिला उद्यमी उपस्थित रहे









