
अम्बिकापुर 18 नवम्बर 2026/ प्रदेश सहित जिले में भी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत 15 नवम्बर से धान उपार्जन केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो गई है। कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने बुधवार को लखनपुर क्षेत्र अंतर्गत धान खरीदी केंद्र पुहपुटरा एवं लहपटरा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव भी मौजूद रहीं।
कलेक्टर श्री वसंत ने केंद्रों में बारदाना उपलब्धता, धान तौल, रकबा समर्पण, भौतिक सत्यापन, टोकन व्यवस्था, स्टेकिंग कार्य सहित संपूर्ण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि केंद्रों में पारदर्शिता, समयबद्धता और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। टोकन वितरण और भुगतान प्रक्रिया को और अधिक सुव्यवस्थित रखा जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं सुरक्षा मानकों, सीसीटीवी कैमरों, किसानों हेतु मूलभूत व्यवस्था आदि का अवलोकन कर आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने एसडीएम श्री रामराज सिंह को खरीदी केंद्रों की सतत निगरानी के निर्देश दिए तथा सहकारी समितियों के कर्मचारियों का प्रशिक्षण आयोजित करने निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी न हो, पात्र किसानों का धान खरीदा जाए।
हायर सेकेंडरी स्कूल पुहपुटरा का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था एवं शिक्षा की गुणवत्ता का किया अवलोकन, अधूरे भवन निर्माण कार्य को पूर्ण करने पुनरीक्षित प्राक्कलन तैयार करने दिए निर्देश
कलेक्टर श्री वसंत ने हायर सेकेंडरी स्कूल पुहपुटरा पहुंचकर शैक्षणिक व्यवस्था एवं शिक्षा की गुणवत्ता का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय परिसर की स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, मध्यान्ह भोजन, बिजली सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद किया तथा कड़ी मेहनत कर आगे बढ़ने प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवन का निर्माण कार्य आंशिक रूप से पूर्ण पाया गया, कलेक्टर ने शेष निर्माण कार्य हेतु प्राक्कलन तैयार कर प्रेषित करने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर श्री वसंत ने विद्यालय भवन के अधूरे निर्माण कार्य को पूर्ण करने पुनरीक्षित प्राक्कलन तैयार करने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया।
अम्बिकापुर 18 नवम्बर 2026/ भारत सरकार द्वारा नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग के ट्रैफिक ई-चालान के भुगतान के लिए ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराई गई है। अब वाहन चालक घर बैठे ही अपने मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से ई-चालान की जानकारी प्राप्त कर उसका भुगतान कर सकते हैं।
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए नागरिक परिवहन विभाग के आधिकारिक ई-चालान पोर्टल https://staging.parivahan.nic.
वाहन क्रमांक के माध्यम से जानकारी प्राप्त करने पर संबंधित वाहन से जुड़े मोबाइल नंबर पर ओटीपी प्राप्त होगा। ओटीपी का सत्यापन करने के बाद संबंधित वाहन के चालान का पूरा विवरण स्क्रीन पर प्रदर्शित होगा। नागरिक चालान के विवरण की जांच करने के पश्चात उपलब्ध भुगतान विकल्पों में से अपनी सुविधानुसार विकल्प का चयन कर ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं।
अम्बिकापुर 18 नवम्बर 2026/ राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले को कुष्ठ मुक्त बनाने के उद्देश्य से बुधवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ जे.एस.आर. सरूता के निर्देशानुसार एवं जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ.पी. के. सिन्हा के मार्गदर्शन में खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ ओ.पी.प्रसाद के समन्वय से विकासखंड लखनपुर ग्राम सलका में विशेष कुष्ठ जांच शिविर आयोजित की गई। शिविर में स्वयं संभागीय कार्यक्रम अधिकारी जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ.पी. के. सिन्हा (चर्म रोग विशेषज्ञ) के द्वारा विशेष रूप से ओपीडी सेवाएं दी गई, शिविर में 327 व्यक्तियों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ विशेष रूप से कुष्ठ जांच किया गया। कुष्ठ पॉजिटिव मरीजों को अपने सामने कुष्ठ की सुपरवाइजरी डोज खिलाया गया एवं उनके परिवार को सिंगल डोज रिफामपिसीन दी गई। जिला कुष्ठ अधिकारी ने बताया कि आगामी दिनों में जिले के ऐसे क्षेत्र जहां कुष्ठ प्रभावित है उन क्षेत्रों में लगातार शिविर लगाकर कुष्ठ के मरीजों की पहचान की जायेगी एवं ऐसे मरीज जिनको दिव्यांगता हो चुकी है और उन्हें सर्जरी कर ठीक किया जा सकता है उन्हें अगले माह सर्जरी कराया जाएगा। शिविर में जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी डॉ वी सी पैकरा, जिला कुष्ठ सलाहकार सुरजीत कुशवाहा, सरपंच धीरेन्द्र सिंह, उपसरपंच गुलावती गुप्ता, बीपीएम साधना लकड़ा, आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. एल एस मरकाम, फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. ऋतु सिंह सहित विकासखंड लखनपुर के सेक्टर लहपहटरा के समस्त स्वास्थ्य अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित थे।









