
अम्बिकापुर 18 नवम्बर 2026/ अंबिकापुर शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने एवं शहर को अतिक्रमण मुक्त रखने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस एवं नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा बनारस रोड स्थित नो वेंडिंग जोन में अतिक्रमण एवं अवैध रूप से स्थापित गुमटियों को हटाने की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान नो वेंडिंग जोन में किए गए अवैध कब्जों को हटाकर आवागमन एवं यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने पहल की गई। नगर निगम द्वारा स्पष्ट किया गया है कि आगामी दिनों में प्रतीक्षा बस स्टैंड एवं स्कूल रोड स्थित नो वेंडिंग जोन में भी अतिक्रमण एवं अवैध गुमटियों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने सभी व्यवसायियों एवं नागरिकों से अपील किया है कि नो वेंडिंग जोन में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग प्रदान करें।
अम्बिकापुर 18 नवम्बर 2026/ धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता और किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संभागायुक्त सरगुजा श्री नरेंद्र दुग्गा ने आज संभाग के सुदूरवर्ती धान उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने खरीदी केंद्रों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संभागायुक्त श्री दुग्गा ने बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर तहसील अंतर्गत आदिम जाति सेवा सहकारी समिति वाड्रफनगर एवं बसंतपुर तथा सूरजपुर जिले की बिहारपुर-चांदनी तहसील अंतर्गत धान उपार्जन केंद्र नवगई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों में बारदाने की उपलब्धता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और ड्रेनेज सिस्टम सहित किसानों की सुविधा के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर उनके द्वारा लाए गए धान की जानकारी ली तथा खरीदी व्यवस्था के संबंध में उनका फीडबैक भी जाना। श्री दुग्गा ने धान के अवैध परिवहन को रोकने के लिए स्थापित बैरियर ग्राम चकोता में रुक कर पंजियो का अवलोकन किया. इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व वाड्रफनगर श्री तुलसीदास मरकाम सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने समिति प्रबंधकों एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों को सख्त हिदायत दी कि धान का उपार्जन पूरी पारदर्शिता के साथ केवल वास्तविक एवं पंजीकृत किसानों से ही किया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि कोचियों और बिचौलियों के माध्यम से धान खपाने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। यदि किसी भी केंद्र में इस तरह की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
संभागायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी की प्रत्येक प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखी जाए और शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी व्यवस्था का मूल उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता या बिचैलियों की भूमिका स्वीकार्य नहीं होगी।
अम्बिकापुर 18 नवम्बर 2026/ जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर में बुधवार को जनजातीय इतिहास, संस्कृति एवं साहित्य विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का शुभारंभ हुआ। सेमिनार का उद्देश्य जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं एवं साहित्य के संरक्षण और संवर्धन के साथ शोध की नई संभावनाओं को प्रोत्साहित करना है।
सेमिनार के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिक निगम अंबिकापुर की महापौर श्रीमती मंजूषा भगत उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री मनोज गुप्ता तथा अतिविशिष्ट अतिथि एवं आधार वक्ता के रूप में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एवं वरिष्ठ कवि-कथाकार डॉ. संजय अलंग शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सिन्हा ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
जनजातीय संस्कृति को जीवन व्यवहार में अपनाना आवश्यक-महापौर श्रीमती भगत
मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने अपने संबोधन में कहा कि जनजातीय संस्कृति एवं सभ्यता का संरक्षण तभी संभव है, जब हम उसकी परंपराओं और जीवन मूल्यों को अपने दैनिक जीवन एवं व्यवहार में आत्मसात करें। उन्होंने शोधार्थियों एवं इतिहासकारों से आह्वान किया कि जनजातीय इतिहास का अध्ययन जनजातीय दृष्टिकोण से किया जाए तथा इतिहास के उन महत्वपूर्ण पहलुओं को समाज के सामने लाया जाए, जिन्हें अब तक मुख्यधारा में पर्याप्त स्थान नहीं मिल पाया है।
विशिष्ट अतिथि श्री मनोज गुप्ता ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि जनजातीय नायकों के आदर्शों से प्रेरणा लेना तथा जनजातीय समाज के अधिकारों, सम्मान और गौरव के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध रहना ही जनजातीय गौरव की वास्तविक भावना है।
जनजातीय भाषाओं एवं साहित्य के संरक्षण में आधुनिक तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका-डॉ. संजय अलंग
डॉ. संजय अलंग ने जनजातीय संस्कृति की मौलिकता, परंपराओं एवं जीवन पद्धति के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अपनी मूल संस्कृति और परंपरागत जीवन मूल्यों का पालन करना जनजातीय संस्कृति का आधार है। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले समय में जनजातीय भाषाओं में संरक्षित साहित्य एवं ज्ञान परंपराओं के संरक्षण के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग अत्यंत आवश्यक होगा। स्थानीय भाषाओं में उपलब्ध साहित्य को समझने, उसका दस्तावेजीकरण करने तथा भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने की दिशा में गंभीर प्रयास किए जाने चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय सेमिनार ज्ञानवर्धन के साथ-साथ शोध एवं अध्ययन की नई दिशाएं प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजनों से जनजातीय इतिहास, संस्कृति एवं साहित्य के विभिन्न आयामों पर व्यापक विचार-विमर्श का अवसर मिलता है।
उद्घाटन सत्र में स्वागत उद्बोधन अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. एस.एन. पाण्डेय ने दिया। विषय प्रवेश सेमिनार के संयोजक श्री सुनील अजित कुमार केरकेट्टा ने कराया। कार्यक्रम का संचालन श्री संजीव कुमार लकड़ा तथा आभार प्रदर्शन डॉ. प्रदीप कुमार एक्का ने किया।
तकनीकी सत्रों में जनजातीय इतिहास एवं सामाजिक विषयों पर हुआ शोधपरक विमर्श
उद्घाटन सत्र के पश्चात आयोजित प्रथम तकनीकी सत्र में इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज से आए डॉ. जनार्दन गोंड मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। सत्र की अध्यक्षता प्रो. आर.पी. सिंह ने की। डॉ. गोंड ने जनजातीय इतिहास के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि जनजातीय समाज का संघर्षों में महत्वपूर्ण योगदान रहा है तथा उसका इतिहास अत्यंत प्राचीन एवं समृद्ध है। इस गौरवशाली इतिहास को सामने लाना शोधकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सत्राध्यक्ष प्रो. आर.पी. सिंह ने जनजातीय समाज के अंतर्विरोधों एवं सामाजिक प्रश्नों पर विचार व्यक्त किए। इस दौरान शोधार्थियों ने अपने शोधपत्र प्रस्तुत किए।
द्वितीय तकनीकी सत्र की अध्यक्षता प्रो. सुषमा भगत ने की। इस सत्र में 10 से अधिक शोधार्थियों ने जनजातीय इतिहास, संस्कृति एवं साहित्य से संबंधित विभिन्न विषयों पर शोधपत्र प्रस्तुत किए।
इसके अतिरिक्त समानांतर ऑनलाइन तकनीकी सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े शोधार्थियों ने सहभागिता करते हुए अपने शोधपत्र प्रस्तुत किए। ऑनलाइन सत्र का संयोजन श्री विनीत गुप्त तथा अध्यक्षता डॉ. अखिलेश कुमार द्विवेदी ने की।
आज होगा समापन, प्रतिभागियों को वितरित किए जाएंगे प्रमाणपत्र
दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार के दूसरे दिन 19 नवंबर को जनजातीय साहित्य एवं जनजातीय गौरव के विविध आयामों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके पश्चात समापन सत्र का आयोजन कर प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए जाएंगे।
सेमिनार के प्रथम दिवस महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, विभिन्न महाविद्यालयों से आए शिक्षाविद्, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनजातीय इतिहास, संस्कृति, साहित्य एवं परंपरागत ज्ञान के संरक्षण और संवर्धन के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
अम्बिकापुर 18 नवम्बर 2026/ जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर बुधवार को अम्बिकापुर के राजमोहिनी देवी ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज शामिल हुए।
सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस हमारे जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और वीरता को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। जनजातीय समाज ने देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सरगुजा के राजनीतिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक विकास में जनजातीय समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।भगवान बिरसा मुंडा, लरंग साय, गहिरा गुरु, माता राजमोहिनी देवी, वीर नारायण सिंह जैसे महापुरुष समाज के गौरव हैं। उन्होंने कहा जनजातीय समाज एकजुट रहें तथा महापुरुषों के आदर्शों पर चलकर अपनी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखें ।
लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज ने कहा जनजातीय समाज ने अपनी परंपराओं, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से क्षेत्र को विशिष्ट पहचान दी है। जनजातीय महापुरुषों के योगदान को स्मरण करते हुए हमें उनके आदर्शों को अपनाना चाहिए और समाज की उन्नति के साथ सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए। महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं एवं विरासत के सांस्कृतिक महत्व के बारे में बताया तथा कहा कि इनके संरक्षण और संवर्धन की विशेष आवश्यकता है, हम सभी को मिलकर इस ओर कार्य करना होगा। कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने कहा कि देश की आजादी और संस्कृति के संरक्षण में आदिवासी समुदाय का अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि आज का दिवस आदिवासी समाज के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए संचालित शासकीय योजनाओं की उपलब्धियों को याद करने तथा आदिवासी नायक-नायिकाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।
कार्यक्रम में लोक कलाकारों ने आकर्षक पारंपरिक लोक नृत्यों की प्रस्तुति देकर समारोह को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। इस दौरान जनजातीय विकास प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही, कार्यक्रम के दौरान जनजातीय समाज के शहीद परिवारों एवं समाज प्रमुखों का विशेष सम्मान किया गया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं एवं लोक नृत्य कलाकारों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देव नारायण यादव, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती दिव्या सिंह सिसोदिया, जिला पंचायत सदस्य श्री विजय अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव, स्थानीय जनप्रतिनिधी, अधिकारी, जनजातीय समाज के प्रतिनिधी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
जनजातीय विकास प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र-
समारोह में जिला स्तरीय जनजातीय विकास प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें जनजातीय समाज की समृद्ध कला, संस्कृति और परंपराओं का प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनी में क्राफ्ट, हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजन, वाद्य यंत्र, पारंपरिक रंग, शौर्य गाथाएं, औषधीय ज्ञान एवं पुस्तक मेले के माध्यम से जनजातीय विरासत की विविध झलक प्रस्तुत की गई।
लोक नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेता कलाकार हुए पुरस्कृत
कार्यक्रम में लोक नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेता कलाकार पुरस्कृत हुए। उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र लोक नृत्य महोत्सव (करमा महोत्सव) प्रतियोगिता में विकासखण्ड लखनपुर के जय शिव शरदा करमा पार्टी परसोड़ीकला को प्रथम स्थान,विकासखण्ड मैनपाट के सुपर स्टार एक्सप्रेस करमा समिति ग्राम पंचायत डांगबुड़ा को द्वितीय स्थान एवं विकासखण्ड अम्बिकापुर के ग्राम गोर्रापारा करमा दल ग्राम पंचायत रामपुर को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इसी प्रकार शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव प्रतियोगिता में विकासखण्ड बतौली के खुशबु करमा नृत्य दल ग्राम पंचायत नकना को प्रथम स्थान,विकासखण्ड मैनपाट के करमा नृत्य दल ग्राम पटेलपारा ग्राम पंचायत डांगबुड़ा को द्वितीय स्थान एवं विकासखण्ड अम्बिकापुर के शिवशक्ति करमा नृत्य दल द्वारा ग्राम पंचायत मेण्ड्राखुर्द ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।









