
रायपुर, 18 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में जिले में संचालित स्मृति पुस्तकालय योजना जनभागीदारी का प्रेरक उदाहरण बनती जा रही है। इस पहल के माध्यम से लोग स्वेच्छा से पुस्तकें और इलेक्ट्रोनिक्स गैजेट दान कर युवाओं के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में योगदान दे रहे हैं।
इसी क्रम में तिल्दा नेवरा की पार्षद रानी जैन एवं उनके पति श्री सौरभ जैन ने कलेक्टर डॉ गौरव सिंह को प्रतियोगी परीक्षा, इंजीनियरिंग, गणित, फिजिक्स से सबंधी पुस्तकें दान की।
कलेक्टर डॉ. सिंह ने श्रीमती रानी जैन एवं श्री सौरभ जैन के सराहनीय कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि स्मृति पुस्तकालय योजना के तहत अब तक करीब 19 हजार से अधिक पुस्तकें और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स दान किए जा चुके हैं। इन संसाधनों का लाभ लेकर अनेक विद्यार्थी अपनी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को नई दिशा दे रहे हैं।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे भी इस पुनीत पहल से जुड़कर ज्ञान के दान में भागीदार बनें और युवाओं के सपनों को साकार करने में सहयोग दें। पुस्तक अथवा इलेक्ट्रॉनिक गैजेट दान करने के इच्छुक नागरिक 94060 49000 एवं 94255 02970 से संपर्क कर सकते हैं।









