
अम्बिकापुर 27 नवम्बर 2026/ शासन की हितग्राही मूलक योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान मिलने से उनके सुरक्षित आवास का सपना साकार हो रहा है। वहीं महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान कर रही है।
ग्राम पंचायत खाला के आश्रित ग्राम कुबेरपुर की रहने वाली पहाड़ी कोरवा जनजाति की महिला सुखनी के जीवन में भी इन योजनाओं से खुशहाली आई है। उन्होंने बताया कि पहले उनका परिवार मिट्टी के कच्चे मकान में रहता था। बरसात सहित अन्य मौसमों में कच्चे मकान में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। परिवार में पांच सदस्य हैं। अब पक्का मकान मिलने से परिवार को सुरक्षित छत मिली है और उनकी पुरानी परेशानी दूर हो गई है।
महतारी वंदन योजना से घरेलू जरूरतें हो रहीं पूरी
सुखनी ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत उनके बैंक खाते में प्रतिमाह एक हजार रुपये की राशि प्राप्त हो रही है। इस राशि से वे तेल, साबुन, हल्दी-मसाला सहित रोजमर्रा की आवश्यक घरेलू सामग्री खरीदती हैं। इससे परिवार की छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने में उन्हें आर्थिक सहायता मिल रही है।
पक्का घर मिलने पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को दिया धन्यवाद
पक्का आवास मिलने से प्रसन्न सुखनी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पहले कच्चे मकान में रहने के दौरान बहुत परेशानी होती थी, लेकिन अब पक्का घर मिल गया है। इससे पूरा परिवार बहुत खुश है। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद दिया।
शासन की इन योजनाओं से पहाड़ी कोरवा जैसे विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। आवास की सुविधा और महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता मिलने से परिवारों को बेहतर जीवन जीने का अवसर मिल रहा है।







