अम्बिकापुर 27 नवम्बर 2026/ पी एम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय अम्बिकापुर में कक्षा छठवीं में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा 2027 का आयोजन 28 नवंबर 2026 को किया जाएगा। परीक्षा प्रातः 10ः30 बजे से दोपहर 1ः30 बजे तक जिले के कुल 13 परीक्षा केन्द्रों में आयोजित होगी। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन तथा नकल एवं अन्य अनैतिक गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा सात उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया है। उड़नदस्ता दल निर्धारित तिथि को अपने-अपने परीक्षा केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण करेंगे तथा परीक्षा के दौरान शासन के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराएंगे।
सात विकासखंडों के लिए अलग-अलग उड़नदस्ता दल गठित-
अम्बिकापुर विकासखंड के लिए गठित प्रथम उड़नदस्ता दल में तहसीलदार सुश्री चित्ररेखा के. चन्द्रवंशी को प्रभारी बनाया गया है। दल में नायब तहसीलदार अम्बिकापुर श्री लोकेश्वर प्रसाद सिदार एवं पुलिस बल शामिल रहेंगे। यह दल शासकीय मल्टीपरपज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्कूल रोड अम्बिकापुर परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण करेंगे।
लखनपुर विकासखंड के लिए द्वितीय उड़नदस्ता दल में नायब तहसीलदार लखनपुर श्री सर्वेश कुमार पटेल को प्रभारी बनाया गया है। दल में नायब तहसीलदार दरिमा श्री कृष्ण कुमार कच्छार एवं पुलिस बल शामिल रहेंगे। यह दल पी.एम.श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट स्कूल लखनपुर तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लखनपुर परीक्षा केन्द्रों की निगरानी करेंगे।
उदयपुर विकासखंड के लिए तृतीय उड़नदस्ता दल में तहसीलदार उदयपुर श्रीमती तारा सिदार को प्रभारी नियुक्त किया गया है। दल में नायब तहसीलदार उदयपुर श्री संजय कुमार एवं पुलिस बल शामिल रहेंगे। यह दल शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उदयपुर, स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट स्कूल उदयपुर तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सलका परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण करेंगे।
लुण्ड्रा विकासखंड के लिए चतुर्थ उड़नदस्ता दल में तहसीलदार लुण्ड्रा श्रीमती ममता रात्रे को प्रभारी बनाया गया है। दल में नायब तहसीलदार लुण्ड्रा श्री मोईनुद्दीन खान एवं पुलिस बल शामिल रहेंगे। यह दल शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लुण्ड्रा तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लुण्ड्रा परीक्षा केन्द्रों की निगरानी करेंगे।
बतौली विकासखंड के लिए पांचवें उड़नदस्ता दल में नायब तहसीलदार बतौली श्री अजय कुमार गुप्ता एवं पुलिस बल को शामिल किया गया है। यह दल स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल बतौली परीक्षा केन्द्र का निरीक्षण करेंगे।
मैनपाट विकासखंड के लिए छठवें उड़नदस्ता दल में नायब तहसीलदार मैनपाट श्री निखिल श्रीवास्तव एवं पुलिस बल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह दल स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल राजापुर परीक्षा केन्द्र की निगरानी करेंगे।
सीतापुर विकासखंड के लिए सातवें उड़नदस्ता दल में तहसीलदार सीतापुर श्रीमती रूपाली मेश्राम को प्रभारी बनाया गया है। दल में नायब तहसीलदार सीतापुर श्री राजेश यादव एवं पुलिस बल शामिल रहेंगे। यह दल शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीतापुर तथा स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भूसू परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण करेंगे।