
सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने कलेक्टर ने ली पीडब्ल्यूडी अधिकारियों व निर्माण इकाईयों की बैठक
दैनिक कार्ययोजना के साथ निर्माण कार्यों में लाएं तेजी -कलेक्टर
कोरबा, 29 नवम्बर 2026/
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने डीएमएफ अंतर्गत निर्मित की जा रही सड़कों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने और उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों एवं ठेकेदारों की बैठक ली। उन्होंने जिले में स्वीकृत एवं प्रगतिरत सड़क निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने, नियमित मॉनीटरिंग करने तथा कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्ण किए गए कार्यों का भुगतान समय पर सुनिश्चित करने को कहा। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग श्री जी आर जांगड़े, सहित अन्य विभागीय अधिकारी कर्मचारी एवं निर्माण इकाई प्रतिनिधि उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्री दुदावत ने निर्माण एजेंसियों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने जिले के दूरस्थ क्षेत्र कुदमुरा-श्यांग मार्ग के निर्माण की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए ठेकेदार को डब्ल्यूएमएम वर्क शीघ्र प्रारंभ करने एवं व्हीटी वर्क कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्य में मैनपावर बढ़ाने, प्रतिदिन की कार्ययोजना प्रस्तुत करने तथा उसके अनुरूप निर्माण कार्यों को गति देते हुए शीघ्र पूर्ण करने को कहा।
इसी प्रकार झगरहा-कोरकोमा-पसरखेत-चचिया मार्ग, घिनारा-खुटाकुंडा मार्ग, मुड़ापार-दादर -भालूसटका- रिस्दी बायपास, डोंगरी-मुढ़ाली, पनगांव-जलके, गिधौरी-चारपारा-मुड़ाभांठा-धनुवारपारा, ओढ़ाली-तिलईपारा, ओझियाईन-रामपुर, रामपुर-सिरली तथा पचरा-मातीन सहित अन्य सड़क मार्गों के निर्माण की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने सभी प्रगतिरत कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही उतरदा-रेकी, रंजना-लिटियाखार सहित विभाग अंतर्गत स्वीकृत अन्य सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को भी शीघ्र पूर्ण करने को कहा। कार्य पूर्ण होने पर उपयोगिता एवं पूर्णता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने को भी कहा।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि निर्माण कार्य लेकर उन्हें अधूरा छोड़ने की स्थिति को ध्यान रखते हुए जोनल टेंडर की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। सड़क निर्माण में भूमि संबंधी विवादों का शीघ्रता से निराकरण हेतु संबंधित विभागों से समन्वय करने की बात कही, ताकि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने कार्यों की प्रगति बढ़ाते हुए सभी निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा कार्य पूर्ण होने पर संबंधित ठेकेदारों का भुगतान समय पर करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री दुदावत ने कार्यपालन अभियंता, अनुविभागीय अधिकारियों एवं सब इंजीनियरों को निर्माण कार्यों की निरंतर मॉनीटरिंग करने, नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने और गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने ठेकेदारों को निर्माण कार्यों के मूल्यांकन के आधार पर शीघ्रता से ही भुगतान करने की बात कही। साथ ही कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी ठेकेदारों को स्वीकृत सड़क निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।









