
अम्बिकापुर 29 सितम्बर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 266 आंगनबाड़ी केंद्रों में अंगना मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों की सहभागिता को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकता आधारित गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास से जुड़े विषयों की जानकारी देकर समुदाय की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों के लिए मेहंदी, क्विज, चित्रकला और पोषण आधारित रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से पोषण एवं स्वास्थ्य से जुड़े संदेशों को सरल और रचनात्मक तरीके से लोगों तक पहुंचाया गया।
’पोषण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक’
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं ग्रामीणजनों को पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास से संबंधित विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई। उन्हें परिवार एवं समुदाय स्तर पर पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं समुचित विकास में सामूहिक सहभागिता के महत्व से अवगत कराया गया।
’उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित’
अंगना मिलन सेवा कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों को उनके सराहनीय योगदान के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही महतारी वंदन एवं मातृ वंदन योजना से जुड़ी हितग्राहियों तथा उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं को भी प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस सम्मान के माध्यम से जमीनी स्तर पर महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और कल्याण के लिए कार्य कर रहे लोगों का उत्साहवर्धन किया गया।
’सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल’
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणजनों ने अंगना मिलन सेवा कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे महिला एवं बाल विकास, पोषण जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं, बच्चों, विभागीय अमले और समुदाय को एक मंच पर जोड़ते हुए स्वास्थ्य एवं पोषण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।









