
अम्बिकापुर 30 सितम्बर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “सेवा मेरा योगदान” की भावना के साथ स्वास्थ्य विभाग द्वारा आस्था निकुंज में निवासरत वृद्धजनों के लिए मानसिक स्वास्थ्य एवं फिजियोथेरेपी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम एवं फिजियोथेरेपिस्ट द्वारा वृद्धजनों को मानसिक तनाव से राहत तथा बढ़ती उम्र के कारण चलने-फिरने, जोड़ों एवं शरीर में होने वाले दर्द से संबंधित आवश्यक परामर्श और सेवाएं प्रदान की गईं।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य दल ने वृद्धजनों से संवाद कर उनकी मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली। मानसिक तनाव के प्रबंधन के लिए काउंसलिंग करते हुए उन्हें दैनिक जीवन में तनाव कम करने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही तनाव प्रबंधन एवं मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी वाले पैंफलेट भी वितरित किए गए।
’जोड़ों और शरीर के दर्द के लिए फिजियोथेरेपी’
बढ़ती उम्र के साथ वृद्धजनों में चलने-फिरने में होने वाली परेशानी, जोड़ों में दर्द तथा शरीर के विभिन्न हिस्सों में होने वाले दर्द को ध्यान में रखते हुए शिविर में फिजियोथेरेपी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। फिजियोथेरेपिस्ट द्वारा वृद्धजनों की समस्याओं के अनुरूप आवश्यक अभ्यास एवं फिजियोथेरेपी संबंधी मार्गदर्शन दिया गया।
’टेली-मानस के टोल फ्री नंबर 14416 की दी जानकारी’
जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम ने वृद्धजनों को टेली-मानस सेवा के संबंध में भी जागरूक किया। उन्हें बताया गया कि मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित परामर्श एवं सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 14416 के माध्यम से सेवा प्राप्त की जा सकती है।
शिविर का उद्देश्य वृद्धजनों को शारीरिक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहयोग उपलब्ध कराना तथा तनाव प्रबंधन के प्रति जागरूक करना रहा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वृद्धजनों को मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य का ध्यान रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में डॉ. सपना, डॉ. बिमल चंद पैकरा, श्रीमती पूजा जायसवाल, श्रीमती सृष्टि चैरसिया, सुश्री प्रीति दास, श्रीमती अरनी, श्रीमती सुमित्रा बुनकर एवं सुश्री मीना चैधरी ने सेवाएं प्रदान कीं।









