
मुर्गी पालन और बांस के फूलों का काम कर रहे ग्रामीणों से सीधे संवाद, योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश
धमतरी 1 अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज भरारी गांव का दौरा कर ग्रामीणों द्वारा किए जा रहे स्वरोजगार और आजीविका संबंधी गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनके काम, आमदनी, बाजार और शासन की योजनाओं से मिल रहे सहयोग की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री मिश्रा भरारी गांव में मुर्गी पालन का कार्य कर रहीं श्रीमती पिंगला देवांगन के फार्म हाउस पहुंचे। उन्होंने श्रीमती देवांगन से मुर्गी पालन की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली। श्रीमती देवांगन ने बताया कि वे वैष्णवी महिला समूह से जुड़ी हैं तथा उन्हें सीआईएफ के माध्यम से 60 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई है। कलेक्टर ने उनसे मुर्गियों की संख्या, पालन से होने वाली आय, बिक्री की व्यवस्था और बाजार से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उनकी गतिविधि को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर श्री मिश्रा ने गांव के ही श्री कमल कुमार के घर पहुंचकर उनके द्वारा तैयार किए जा रहे बांस के फूलों का अवलोकन किया। उन्होंने कमल कुमार से तैयार उत्पादों की बिक्री, आय और बाजार की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। कमल कुमार ने बताया कि जिला पंचायत से हाल ही में उन्हें बांस के फूलों का ऑर्डर मिला है। तैयार फूलों को वे प्रति नग करीब 200 से 250 रुपए की दर से बेचते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का लाभ मिला है।
कलेक्टर ने बांस से तैयार इन उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में चर्चा करते हुए अंगारमोती माता परिसर अथवा गंगरेल बांध के समीप चौपाटी में दुकान आवंटित करने की संभावना पर भी अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर तैयार ऐसे उत्पादों को उचित बाजार मिलने से ग्रामीणों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। कमल कुमार ने यह भी बताया कि उनकी पत्नी को आईएफसी योजना के तहत बकरी पालन के लिए आर्थिक सहयोग प्राप्त हुआ है। कलेक्टर ने ग्रामीण परिवारों द्वारा अलग-अलग आजीविका गतिविधियों को अपनाए जाने की सराहना करते हुए योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और बाजार से जोड़ने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री पीयूष तिवारी, जनपद पंचायत सीईओ सुश्री वर्षा रानी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।









