
*जल जन चौपाल एवं ग्राम जल सुरक्षा संवाद के जरिए ग्रामीणों को किया जागरूक*
*ग्रामीणों ने लिया जल स्रोतों को स्वच्छ रखने और जल संरक्षण का संकल्प*
रायपुर, 2 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जीपीएम जिले में ग्राम पंचायत तराईगांव में जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं पंचायत विभाग के संयुक्त तत्वावधान में तराईगांव जलाशय एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता और जल संरक्षण पर केंद्रित जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के तहत जलाशय एवं नदी घाट स्वच्छता अभियान, जल जन चौपाल, जनसंपर्क, ग्रामीण पेयजल स्रोत जांच तथा ग्राम जल सुरक्षा संवाद जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान जलाशय एवं आसपास के जल स्रोतों की साफ-सफाई कर ग्रामीणों को स्वच्छ एवं सुरक्षित जल स्रोतों के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
जल जन चौपाल में ग्रामीणों को बताया गया कि जल संरक्षण केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है और जल की प्रत्येक बूंद भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। ग्रामीणों को वर्षा जल संचयन, उपलब्ध जल के विवेकपूर्ण उपयोग, प्राकृतिक एवं पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण तथा उनके आसपास नियमित स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
ग्राम जल सुरक्षा संवाद के माध्यम से ग्रामीणों को पेयजल स्रोतों की नियमित देखरेख, जल की गुणवत्ता बनाए रखने तथा जल संरक्षण एवं संवर्धन में जनभागीदारी के महत्व की जानकारी दी गई। ग्रामीणों से जल स्रोतों के आसपास गंदगी एवं कचरा नहीं फैलाने और जल का अनावश्यक अपव्यय रोकने की अपील भी की गई।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उन्होंने जल का अपव्यय रोकने, जल स्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने तथा जल संरक्षण एवं संवर्धन के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी निभाने का सामूहिक संकल्प लिया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम ने स्वच्छता के साथ जल संरक्षण के प्रति सामुदायिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी का संदेश दिया।









