
*’नमो सेवा’ मंच पर जीवंत हुईं जनकल्याणकारी योजनाएं, नक्सल मुक्त विकास का भी दिया संदेश*
रायपुर,05 अक्टूबर 2026/
सुदूर अंचल की बेटियां अब न केवल शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम गढ़ रही हैं, बल्कि सामाजिक जागरूकता की सशक्त ध्वजवाहक बनकर भी उभर रही हैं। नारायणपुर स्थित कन्या शिक्षा परिसर में आयोजित ‘नमो सेवा: अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और जीवंत अभिनय से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की एक अनुठी पहल की। कला, संवाद और सामाजिक जिम्मेदारी के इस अद्भुत संगम में विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जटिल योजनाओं को रोजमर्रा के उदाहरणों में ढालकर बेहद सरल और आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया।
मंच पर छात्राओं ने स्वच्छता को केवल अभियान न मानकर दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया, वहीं ‘पीएम-सूर्य घर योजना’ के जरिए स्वच्छ ऊर्जा अपनाकर भविष्य को रोशन करने का संदेश दिया। स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में ‘आयुष्मान भारत’ और ‘प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना’ को गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए संकट का सच्चा साथी बताया गया। इसके साथ ही, ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ के तहत पक्की छत के सपने और ‘पीएम स्वनिधि योजना’ के माध्यम से छोटे व्यापारियों एवं स्ट्रीट वेंडर्स को मिलने वाले वित्तीय संबल को भी संजीदगी से रेखांकित किया गया।
इस आयोजन का सबसे महत्वपूर्ण और भावनात्मक पहलू नारायणपुर को नक्सल मुक्त बनाने का संकल्प रहा। छात्राओं ने अपनी कला के जरिए यह संदेश दिया कि शांति, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं का विकास ही क्षेत्र की वास्तविक प्रगति का आधार है। उन्होंने युवाओं से हिंसा का रास्ता छोड़ विकास की मुख्यधारा से जुड़ने की अपील की। कन्या शिक्षा परिसर की इस सार्थक पहल ने यह साबित कर दिया कि जब योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचती है, तभी जनभागीदारी से एक सशक्त और समृद्ध समाज का निर्माण होता है।









