
*सेवा संकल्प अभियान*
राजनांदगांव 05 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती पर सेवा संकल्प अभियान के तहत पंडित शिव कुमार शास्त्री कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र सुरगी द्वारा स्वच्छता ही सेवा का संदेश देते हुए एनसीसी एवं एनएसएस इकाई द्वारा स्वच्छता जागरूकता रैली तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता करने का प्रयास किया गया। जिसमें एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों एवं छात्र-छात्राओं सहभागिता रही। हाथों में स्वच्छता संबंधी संदेशों वाली तख्तियां लेकर विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिसर से ग्राम सुरगी के विभिन्न मार्गों तक रैली निकाली। इस दौरान स्वच्छता संबंधी नारों के माध्यम से लोगों को अपने घरों एवं आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा कचरे का उचित निपटान करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम अंतर्गत रंगोली एवं भाषण सहित विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण पर आधारित आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों, स्वच्छ भारत की अवधारणा तथा समाज में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में अधिष्ठाता डॉ. विनम्रता जैन, एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. डीकेश्वर निषाद, महाविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।









