
राजनांदगांव 05 अक्टूबर 2026। एक्सटेंशन रिफॉम्र्स आत्मा योजना अंतर्गत डोंगरगांव एवं डोंगरगढ़ विकासखंड के प्रगतिशील कृषकों को 6 दिवसीय अंतर्राज्यीय कृषक प्रशिक्षण सह भ्रमण कार्यक्रम के तहत मध्यप्रदेश के नीमच स्थित औषधि एवं जड़ी-बूटियों की एशिया की प्रमुख मंडी तथा कृषि विज्ञान केन्द्र का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान कृषकों को औषधि फसलों की उन्नत खेती, उत्पादन तकनीक एवं बाजार में विक्रय की व्यवस्था के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। भ्रमण के दौरान कृषकों ने नीमच की औषधि एवं जड़ी-बूटी मंडी का अवलोकन किया। विशेषज्ञों द्वारा किसानों को औषधि फसलों के उत्पादन, फसल प्रबंधन, उपज की गुणवत्ता, बाजार की मांग तथा उचित मूल्य पर विक्रय की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। इसके साथ ही कृषकों को कृषि विज्ञान केन्द्र नीमच का भ्रमण कर कृषि क्षेत्र में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों एवं नवाचारों से अवगत कराया गया। प्रगतिशील कृषकों ने नीमच के किसानों द्वारा की जा रही औषधि फसलों की खेती का भी अवलोकन किया। उन्होंने खेतों में अपनाई जा रही उन्नत कृषि पद्धतियों, फसल प्रबंधन एवं विपणन व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की।
कृषकों ने कहा कि अंतर्राज्यीय कृषक प्रशिक्षण सह भ्रमण कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें औषधि फसलों की खेती एवं बाजार व्यवस्था के संबंध में नई और उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि जिले में फसल परिवर्तन के तहत औषधि फसलों की खेती की व्यापक संभावनाएं हैं। प्रशिक्षण एवं भ्रमण के दौरान प्राप्त जानकारी को अपने आसपास के अन्य किसानों के साथ साझा करेंगे तथा फसल परिवर्तन को बढ़ावा देते हुए क्षेत्र में औषधि फसलों की उन्नत खेती प्रारंभ करने के लिए प्रयास करेंगे।









