Ro no D15139/23

(कोरबा समाचार ) मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना से शीतल की शिक्षा को मिला संबल

कोरबा 13 अक्टूबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दर्री नगर जोन में आयोजित सेवा सेतु शिविर में प्रगति नगर निवासी श्रीमती प्रमिला निर्मलकर की पुत्री सुश्री शीतल को मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत 20 हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई।
श्रीमती निर्मलकर ने बताया कि उनकी बेटी आईटीआई की पढ़ाई कर रही है। योजना से प्राप्त राशि का उपयोग वे बेटी की पढ़ाई से संबंधित आवश्यकताओं को पूरा करने में करेंगी। इस आर्थिक सहायता से बेटी की शिक्षा को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी और परिवार को भी आर्थिक संबल प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना श्रमिक परिवारों की बेटियों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनकी शिक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य की दिशा में सहयोग कर रही है। सेवा सेतु शिविर के माध्यम से हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना शासन की जनकल्याणकारी पहल को साकार कर रहा है।

डेयरी व्यवसाय से मजबूत हुई प्रमेन्द्र सिंह के परिवार की आजीविका
कोरबा 13 अक्टूबर 2026/सीमित आमदनी में परिवार की जरूरतें पूरी करना मेहनतकश परिवारों के लिए बड़ी चुनौती होती है। कोरबा जिले के प्रमेन्द्र सिंह का परिवार भी पहले मुख्य रूप से मजदूरी पर निर्भर था। छह सदस्यों वाले परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी और नियमित आय का साधन नहीं था।
पशुधन विकास विभाग की डेयरी उद्यमिता विकास योजना की जानकारी मिलने पर प्रमेन्द्र सिंह ने योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया। योजना के सहयोग से उन्होंने गाय-भैंस पालन और दुग्ध उत्पादन का काम शुरू किया। इससे परिवार को आजीविका का एक नियमित साधन मिला और आर्थिक स्थिति में सुधार का रास्ता खुला।
डेयरी व्यवसाय से होने वाली आय ने परिवार की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में मदद की। अब प्रमेन्द्र सिंह पशुपालन को आगे बढ़ाकर अपनी आमदनी मजबूत करने की दिशा में प्रयासरत हैं। उनके अनुसार, पशुधन और डेयरी से जुड़ी यह योजना परिवार के लिए लाभकारी साबित हुई है।
सरकारी योजनाओं का उचित लाभ मिलने पर पशुपालन ग्रामीण परिवारों के लिए आय और आत्मनिर्भरता का प्रभावी माध्यम बन सकता है।

शासकीय तालाब के पट्टे से जय मां संतोषी समूह को मिला आजीविका का नया सहारा
कोरबा 13 अक्टूबर 2026/जिले के करतला विकासखंड के ग्राम बीरतराई का जय मां संतोषी स्व-सहायता समूह आज मत्स्य पालन के माध्यम से आय अर्जित कर रहा है। समूह की महिलाओं के लिए पहले मत्स्य पालन का काम नया था और इस व्यवसाय को शुरू करने के लिए जरूरी जानकारी तथा संसाधनों का अभाव था।
मत्स्य पालन विभाग की योजना के तहत समूह को ग्राम पंचायत के शासकीय तालाब का 10 वर्षीय पट्टा मिला। मत्स्य पालन शुरू करने के लिए समूह को जाल और आइस बॉक्स जैसे आवश्यक संसाधन भी प्राप्त हुए। वर्ष 2023 से समूह ने तालाब में मछली पालन का काम शुरू किया। इससे महिलाओं को सामूहिक रूप से काम करने और अपनी आजीविका बढ़ाने का अवसर मिला।
आज समूह मत्स्य पालन से सालाना लगभग डेढ़ से ढाई लाख रुपये तक की आय अर्जित कर रहा है। इस आय से समूह की आर्थिक स्थिति बेहतर हुई है और महिलाओं को गांव में ही रोजगार का अवसर मिला है। जय मां संतोषी समूह की यह पहल बताती है कि शासकीय संसाधनों और योजनाओं का लाभ लेकर महिलाएं मिलकर आजीविका का मजबूत साधन विकसित कर सकती हैं।

पीएम किसान सम्मान निधि से राजकुमार कंवर को खेती के समय मिला आर्थिक संबल
सम्मान निधि से आसान हुई खेती की राह, समय पर जुट रहे खाद-बीज और जुताई के संसाधन
कोरबा 13 अक्टूबर 2026/खेती की सफलता मेहनत के साथ समय पर संसाधनों की उपलब्धता पर भी निर्भर करती है। छोटे किसानों के लिए जुताई, खाद-बीज और रासायनिक उर्वरक की व्यवस्था फसल की तैयारी का जरूरी हिस्सा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से मिलने वाली वित्तीय सहायता इन कृषि जरूरतों को पूरा करने में किसानों का सहयोग कर रही है।
कोरबा जिले के करतला विकासखंड के ग्राम टोंडा निवासी श्री राजकुमार कंवर, पिता श्री धन साय कंवर छोटे किसान हैं। योजना का लाभ मिलने से पहले खेती के जरूरी खर्चों की व्यवस्था करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण था। जुताई, खाद-बीज और उर्वरक के लिए कई बार उन्हें दूसरों से उधार लेना पड़ता था। खेती की तैयारी के साथ राशि जुटाने की चिंता भी बनी रहती थी।
किसान सम्मान निधि का लाभ मिलने के बाद राजकुमार अपनी कृषि जरूरतों की व्यवस्था अधिक सहजता से कर पा रहे हैं। समय-समय पर मिलने वाली राशि से वे खेत की जुताई, खाद-बीज, रासायनिक उर्वरक और अन्य आवश्यक कृषि कार्यों का खर्च संभाल रहे हैं। इससे उधार पर निर्भरता कम हुई है और खेती के काम समय पर करने में सुविधा मिल रही है।
हितग्राही श्री राजकुमार कंवर ने बताया कि, “खेती मेरी आजीविका का मुख्य साधन है। पहले फसल की तैयारी के समय सबसे बड़ी चिंता यही रहती थी कि जुताई, खाद-बीज और उर्वरक के लिए पैसे कहां से जुटाऊंगा। जरूरत पड़ने पर दूसरों से उधार लेना पड़ता था। अब किसान सम्मान निधि की राशि मिलने से मुझे अपने खेत की जरूरतों के लिए समय पर पैसा मिल जाता है। मैं इस राशि का उपयोग खेती के जरूरी कामों में करता हूं और जुताई से लेकर खाद-बीज की व्यवस्था समय पर कर लेता हूं। इससे खेती का काम पहले की तुलना में आसान हुआ है और उधार की चिंता भी कम हुई है। छोटे किसान के लिए समय पर मिलने वाली यह सहायता बहुत उपयोगी है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी  और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को मैं दिल से धन्यवाद देता हूं कि किसानों की खेती को आगे बढ़ाने में यह सहायता मिल रही है।”

महतारी वंदन योजना से बढ़ी आर्थिक भागीदारी, घर की जरूरतें पूरी करने में योगदान दे रहीं नंदनी’
घरेलू खर्च और बच्चों की पढ़ाई में कर रहीं सहयोग
कोरबा 13 अक्टूबर 2026/
घर की छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने और बच्चों की पढ़ाई के लिए परिवार पर निर्भरता कम करने में नियमित आर्थिक सहायता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। छत्तीसगढ़ शासन की महतारी वंदन योजना से ग्राम खरवानी, जिला कोरबा निवासी श्रीमती नंदनी बरेठ को हर महीने एक हजार रुपये की सहायता मिल रही है, जिससे वे घरेलू जिम्मेदारियों में अपना योगदान देने के साथ बच्चों की शिक्षा संबंधी आवश्यकताओं को भी पूरा कर पा रही हैं।
श्रीमती नंदनी बरेठ बताती हैं कि योजना का लाभ मिलने से पहले घर के रोजमर्रा के सामान और बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी जरूरतों के लिए उन्हें परिवार पर निर्भर रहना पड़ता था। घरेलू खर्चों में स्वयं सहयोग करने और जरूरत के समय बच्चों के लिए शैक्षणिक सामग्री खरीदने के लिए उनके पास अलग से राशि उपलब्ध नहीं रहती थी।

वे कहती हैं, “अब महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने एक हजार रुपये मेरे खाते में आते हैं। इस राशि से मैं घर के जरूरी सामान खरीदने में सहयोग करती हूं और बच्चों की पढ़ाई के लिए कॉपी, पेन जैसी आवश्यक चीजें भी ले पाती हूं। इससे परिवार की जिम्मेदारियों को निभाने में मुझे मदद मिलती है। मैं इस राशि में से कुछ पैसे बचाकर भी रखती हूं, ताकि जरूरत पड़ने पर उनका उपयोग कर सकूं।”
श्रीमती बरेठ के अनुसार, नियमित आर्थिक सहायता मिलने से उन्हें अपनी जरूरतों के लिए हर बार परिवार पर निर्भर रहने की आवश्यकता कम हुई है। अब वे घरेलू उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी में योगदान देती हैं और बच्चों की पढ़ाई के लिए आवश्यक सामग्री समय पर उपलब्ध कराने का प्रयास करती हैं। राशि का उचित प्रबंधन करते हुए वे बचत की आदत भी विकसित कर रही हैं।
वे महतारी वंदन योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि इस योजना से उन्हें आर्थिक सहयोग मिला है। हर महीने मिलने वाली राशि से वे घर के खर्चों में हाथ बंटा पा रही हैं, बच्चों की शिक्षा संबंधी जरूरतें पूरी कर रही हैं और भविष्य की आवश्यकताओं के लिए थोड़ी-थोड़ी बचत भी कर रही हैं।

सपनों को मिली छत, रमतला पटेल के जीवन में आई खुशियों की नई सुबह
सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु शिविर में सौंपी गई आवास की चाबी
कोरबा 13 अक्टूबर 2026/हर परिवार का सपना होता है कि उसका अपना एक सुरक्षित और पक्का घर हो, जहां वह सुकून और सम्मान के साथ जीवन बिता सके। लेकिन आर्थिक कठिनाइयों के कारण कई परिवारों के लिए अपना घर बनाना आसान नहीं होता। ऐसे में शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के सपनों को साकार करने और उनके जीवन में नई उम्मीद जगाने का माध्यम बन रही हैं।
ऐसी ही एक प्रेरक कहानी कोरबा शहर के जमनीपाली निवासी रमतला पटेल, पति स्व. हीरू पटेल की है। आर्थिक कठिनाइयों के बीच उनके लिए पक्के घर का सपना पूरा करना चुनौतीपूर्ण था। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से उनके इस सपने को साकार किया गया और उन्हें अपना पक्का आवास प्राप्त हुआ।
दर्री जोन अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु शिविर में रमतला पटेल को उनके नए आवास की चाबी सौंपी गई। अपने घर की चाबी पाकर उनके लिए यह पल बेहद खास बन गया। अब उन्हें सुरक्षित छत के साथ अपने घर में सुकून और सम्मान से जीवन बिताने का अवसर मिला है।
प्रधानमंत्री आवास योजना जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास की सुविधा उपलब्ध कराकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। वहीं, सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु शिविर शासन की योजनाओं का लाभ हितग्राहियों तक पहुंचाने और उनके जीवन में खुशियों की नई शुरुआत सुनिश्चित करने का माध्यम बन रहे हैं।

समय-सीमा की बैठक में विभागीय योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की कलेक्टर ने की समीक्षा
लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने और डिजिटल क्रॉप सर्वे में तेजी लाने के दिए निर्देश
कोरबा, 13 अक्टूबर 2026/कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने आज समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने मुख्यमंत्री जनदर्शन, प्रधानमंत्री पोर्टल, कलेक्टर जनदर्शन सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर श्री दुदावत ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि जिन खसरों में धान की फसल लगी है, उनका सर्वेयर के माध्यम से सर्वे कराकर पोर्टल में सही प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पॉलीगॉन जियो-टैगिंग, धान के खसरों और सर्वे कार्य की प्रगति की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना की समीक्षा के दौरान कृषि, पशुपालन और उद्यानिकी विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
जिले में केंद्रीकृत किचन व्यवस्था के संबंध में कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को सात दिवस के भीतर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में स्कूलों में मध्यान्ह भोजन संचालन के लिए किचन की स्थापना और अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा भी की गई। महिला स्व-सहायता समूहों की भागीदारी से इस व्यवस्था को संचालित करने के संबंध में भी निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री दुदावत ने सांसद एवं विधायक निधि से स्वीकृत कार्यों और उनकी पूर्णता की समीक्षा करते हुए संबंधित निर्माण एजेंसियों तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को उपयोगिता प्रमाण-पत्र समय पर प्रस्तुत करने को कहा। डीएमएफ मद से स्वीकृत कार्यों की अद्यतन जानकारी और वर्तमान स्थिति दर्शाने वाली तस्वीरें प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी दिनों में इन कार्यों की प्रगति की पुनः समीक्षा करने की बात कही।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की भौतिक स्थिति का सत्यापन कर अद्यतन जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश सभी जनपद सीईओ को दिए गए। पूर्ण कार्यों के भुगतान के संबंध में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता को आवश्यक कार्यवाही करने तथा लंबित कार्यों को पूरा कराने के लिए संबंधित ठेकेदारों की बैठक आयोजित करने को कहा गया।
कलेक्टर श्री दुदावत ने स्वामित्व योजना अंतर्गत प्रक्रिया पूर्ण होने पर हितग्राहियों को पट्टा वितरण सुनिश्चित करने और सभी एसडीएम को तहसील स्तर पर योजना की समीक्षा कर प्रगति लाने को कहा। दुर्घटनाओं से संबंधित पीड़ितों को मुआवजा संबंधी प्रकरणों में मेडलेपार पोर्टल पर ऑनलाइन कार्यवाही कर आवश्यक जानकारी दर्ज करने के निर्देश भी दिए। स्वास्थ्य, पुलिस और राजस्व विभाग को इस संबंध में बैठक आयोजित करने को कहा गया।
कलेक्टर श्री दुदावत ने कॉलेज सहित अन्य महत्वपूर्ण शिक्षण संस्थानों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को शासन की  छात्रवृत्ति योजनाओं से लाभान्वित करने तथा पोर्टल पर जानकारी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग को दिए। उन्होंने प्राचार्यों की बैठक लेकर इस कार्य में प्रगति लाने को कहा। विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) परिवारों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर आयुष्मान कार्ड बनाने, आधार के माध्यम से हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने और उन्हें पात्र योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए।
निर्माण कार्यों की समीक्षा में लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जनपद पंचायतों, आदिवासी विकास विभाग, नगरीय निकायों, नगर पालिक निगम और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यों की स्थिति पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने जनपद सीईओ को स्कूल, आंगनबाड़ी, पीडीएस भवन और शौचालयों का गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने को कहा। पिछले वर्ष स्वीकृत धान खरीदी केंद्रों के निर्माण पूर्ण होने पर उनके आवश्यक क्रियान्वयन के निर्देश दिए। स्कूल और आंगनबाड़ी भवनों में नियमानुसार निर्माण एवं रंग-पोताई कराने तथा सभी निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करने को कहा।
कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंताओं को सड़कों की मरम्मत सहित अन्य कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को भी निर्माण कार्य समय पर पूर्ण कराने को कहा। कलेक्टर की अध्यक्षता में कोरबा अर्बन सोसाइटी के सदस्यों की बैठक हुई। जिमसें शहर में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के संचालन के लिए रूट चार्ट एवं अन्य तैयारियों की भी समीक्षा कर अनुमोदन किया गया।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडे, डीएफओ श्रीमती प्रेमलता यादव, श्री जितेंद्र उपाध्याय, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र कुमार पटेल, ओएसडी श्री तरुण कुमार किरण, सहायक कलेक्टर श्री इशांत, एसडीएम कटघोरा श्री विपिन दुबे और अपर कलेक्टर श्री ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

जन-जन तक पहुंच रही शासन की सेवाएं, शिविरों के माध्यम से योजनाओं का लाभ और समस्याओं का त्वरित निराकरण – कैबिनेट मंत्री श्री लखनलाल देवांगन
दर्री जोन में सेवा संकल्प शिविर का हुआ आयोजन
कोरबा, 13 अक्टूबर 2026/शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ नागरिकों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा हेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ शिविर का आयोजन दर्री जोन कार्यालय परिसर में किया गया। प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी तथा उनकी समस्याएं सुनीं।
कैबिनेट मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि केंद्र और राज्य शासन के निर्देशानुसार सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य नागरिकों को शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करना है। शिविरों के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार शासकीय कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है और शासन सीधे नागरिकों के बीच पहुंचकर उनकी जरूरतों को समझ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से लोगों को खाद्यान्न, आवास, आर्थिक सहायता तथा बेहतर जीवन की सुविधाएं मिल रही हैं।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी, तेंदूपत्ता का 5500 रुपये प्रति मानक बोरा संग्रहण पारिश्रमिक तथा महतारी वंदन योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की सहायता जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं। चरण पादुका योजना और रामलला दर्शन योजना के माध्यम से भी हितग्राहियों को लाभ मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) के माध्यम से कोरबा जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूल भवनों, स्वास्थ्य सुविधाओं, आश्रम-छात्रावासों और पुल-पुलियों सहित विभिन्न विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने आगे कहा कि कोरबा शहर में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में 18 अक्टूबर को सुभाष चौक में सड़क मरम्मत एवं डामरीकरण कार्य का भूमिपूजन किया जाएगा। इस कार्य के पूर्ण होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा तथा नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा। उन्होंने नागरिकों से शासकीय योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रतानुसार उनका लाभ उठाने की अपील की।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है। सेवा संकल्प शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण की पहल की जा रही है, जिससे लोगों को राहत मिल रही है।
नगर निगम सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर ने नागरिकों से शिविरों में पहुंचकर शासकीय योजनाओं की जानकारी लेने और पात्रतानुसार उनका लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

’विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को किया गया लाभांवित’

शिविर में कैबिनेट मंत्री श्री लखनलाल देवांगन, महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर एवं अन्य अतिथियों द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इस दौरान पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड, श्रद्धांजलि योजना के अंतर्गत सहायता राशि के चेक, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबी, मुख्यमंत्री सियान सदन योजना के अंतर्गत डेमो चेक तथा श्रम विभाग की मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। इसके साथ ही इंदिरा गांधी राष्ट्रीय पेंशन योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को वृद्धावस्था पेंशन की स्वीकृति भी प्रदान की गई।
इस अवसर पर एमआईसी सदस्य श्री नरेंद्र देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 के लिए आवेदन एवं पंजीयन प्रक्रिया की दी गई जानकारी
श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय में जागरूकता सत्र आयोजित, 70 से 80 छात्र-छात्राओं और शिक्षकगणों ने लिया हिस्सा
कोरबा, 13 अक्टूबर 2026/भारत सरकार द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 के संबंध में आज श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, कोरबा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोपहर 12.30 बजे आयोजित इस सत्र में छात्र-छात्राओं और शिक्षकगणों को चैलेंज से जुड़ी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उद्योग विभाग, कोरबा के अधिकारियों ने सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया और पंजीयन के संबंध में विस्तार से बताया। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य तथा इससे जुड़ी गतिविधियों की जानकारी भी साझा की। प्रतिभागियों को आवेदन और पंजीयन की प्रक्रिया समझाते हुए चैलेंज में भाग लेने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
जागरूकता सत्र में श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय के लगभग 70 से 80 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगणों की सहभागिता रही। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सेवा संकल्प अभियान और सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 के बारे में जानकारी प्राप्त हुई।

सेवा संकल्प अभियान के तहत सर्वमंगला जोन में लगेगा सेवा सेतु शिविर आज
कोरबा, 13 अक्टूबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा 14 अक्टूबर को सर्वमंगला जोन में सेवा सेतु शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। इसका उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं एवं आवेदनों के निराकरण में सहायता करना है।
शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, खाद्य, महिला एवं बाल विकास, श्रम, समाज कल्याण, विद्युत, सहकारिता, कौशल विकास, उद्योग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, परिवहन सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। नागरिक संबंधित सेवाओं की जानकारी ले सकेंगे और अपनी आवश्यकता के अनुसार आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपनी समस्या या आवेदन से जुड़े आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर इसका लाभ उठाएं।

  • Related Posts

    सीएम कैंप कार्यालय बगिया की त्वरित पहल से लकवा पीड़ितों को मिला सहारा, गुलो बाई और शिवचरण मिंज को प्रदान की गई व्हीलचेयर

    व्हीलचेयर मिलने से चलने-फिरने में असमर्थ दोनों बुजुर्गों को मिली राहत, मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के प्रति जताया आभार बगिया कैंप कार्यालय बना जरूरतमंदों की उम्मीद का केंद्र, रोजाना समस्याएं लेकर…

    Read more

    निर्यात प्रशिक्षण से धमतरी के स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की पहल

    दो दिवसीय प्रशिक्षण में उद्यमियों, किसानों, FPO एवं महिला स्व-सहायता समूहों को निर्यात प्रक्रिया, गुणवत्ता, पैकेजिंग और अंतरराष्ट्रीय व्यापार की दी गई जानकारी   RAMP योजना के तहत प्रतिदिन लगभग…

    Read more

    NATIONAL

    सऊदी अरब, इजरायल, इरबिल… क्या मिडिल ईस्ट में अमेरिकी सुरक्षा व्यवस्था बिखर रही है?

    सऊदी अरब, इजरायल, इरबिल… क्या मिडिल ईस्ट में अमेरिकी सुरक्षा व्यवस्था बिखर रही है?

    14 खामियां, 220 रुपये फीस कम… सुप्रीम कोर्ट में क्यों अटकी राहुल गांधी की याचिका?

    14 खामियां, 220 रुपये फीस कम… सुप्रीम कोर्ट में क्यों अटकी राहुल गांधी की याचिका?

    CJP Protest: जंतर-मंतर पर दिल्ली पुलिस का एक्शन, हिरासत में सौरव दास और आशुतोष रांका

    CJP Protest: जंतर-मंतर पर दिल्ली पुलिस का एक्शन, हिरासत में सौरव दास और आशुतोष रांका

    अपनी ही सरकार पर भड़के शिवराज सिंह चौहान, आदिवासियों के घर उजाड़ने पर अफसरों को सख्त चेतावनी

    अपनी ही सरकार पर भड़के शिवराज सिंह चौहान, आदिवासियों के घर उजाड़ने पर अफसरों को सख्त चेतावनी

    नवरात्र के पहले दिन 68 आदिवासी परिवारों को मिला अपने घर का उपहार, अदाणी फाउंडेशन ने कराया गृह प्रवेश

    नवरात्र के पहले दिन 68 आदिवासी परिवारों को मिला अपने घर का उपहार, अदाणी फाउंडेशन ने कराया गृह प्रवेश

    भाजपा महिला मोर्चा का राजधानी में जोरदार प्रदर्शन, कांग्रेस सांसद डॉ. बिमोल अकोइजम पर यौन दुर्व्यवहार के आरोपों को लेकर राजीव भवन का किया घेराव

    भाजपा महिला मोर्चा का राजधानी में जोरदार प्रदर्शन, कांग्रेस सांसद डॉ. बिमोल अकोइजम पर यौन दुर्व्यवहार के आरोपों को लेकर राजीव भवन का किया घेराव