Ro no D15139/23

जनजातीय समाज का सम्मान, अधिकारों की रक्षा और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता – मंत्री टंक राम वर्मा

*जनजातीय समाज का गौरव, संस्कृति का सम्मान और विकास का संकल्प : दुगली में दिखी जनजातीय गौरव दिवस की भव्यता*

 

*पीएम जनमन योजना से जनजातीय बच्चों को मिलेगी बेहतर शिक्षा और आवासीय सुविधा, 50 सीटर बालक छात्रावास भवन के निर्माण कार्य का शुभारंभ*

*प्रधानमंत्री आवास के हितग्राहियों को सौंपी घरों की चाबियां, समाज प्रमुखों और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान*

 

*36 सड़कों के निर्माण से दूरस्थ जनजातीय गांवों में विकास और आवागमन को मिलेगी नई गति*

 

रायपुर,17 नवंबर 2026/छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के अदम्य साहस एवं बलिदान को समर्पित जनजातीय गौरव दिवस का जिला स्तरीय समारोह धमतरी जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम दुगली में उत्साह, उमंग और गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। पारंपरिक लोकनृत्यों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और जनजातीय परंपराओं की मनमोहक छटा के बीच आयोजित समारोह में जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकारों की रक्षा और सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराया गया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के राजस्व, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा सहित महान जनजातीय जननायकों को नमन करते हुए कहा कि जनजातीय समाज की समृद्ध विरासत हमारी सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय गौरव का अभिन्न हिस्सा है।

 

मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय अंचलों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य केवल बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना नहीं, बल्कि जनजातीय परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, आजीविका और आत्मनिर्भरता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें विकास की मुख्यधारा में सशक्त भागीदार बनाना है।

 

*भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, स्वाभिमान और अधिकारों के संघर्ष की अमर गाथा*

 

मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर जनसमुदाय को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही जल, जंगल और जमीन की रक्षा, सामाजिक जागरूकता तथा अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का जो अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया, वह सदियों तक देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने समाज को संगठित कर स्वाभिमान, अधिकार और स्वतंत्रता की चेतना जगाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की पहल पर प्रतिवर्ष 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाती है। यह अवसर जनजातीय समाज के महान योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देने के साथ नई पीढ़ी को अपनी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बना है।

 

मंत्री श्री वर्मा ने छत्तीसगढ़ के महान जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह और अमर क्रांतिकारी गुंडाधुर सहित अन्य जननायकों के संघर्ष एवं बलिदान का स्मरण करते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता और सामाजिक चेतना के निर्माण में जनजातीय समाज का योगदान अविस्मरणीय है।

 

*पीएम जनमन से दूरस्थ अंचलों के जनजातीय बच्चों के सपनों को मिलेंगे नए पंख*

 

समारोह के दौरान मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के अंतर्गत शासकीय हाईस्कूल बाजारकुर्रीडीह में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के विद्यार्थियों के लिए 50 सीटर बालक छात्रावास भवन के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस छात्रावास के निर्माण से दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों के जनजातीय विद्यार्थियों को सुरक्षित आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी। इससे बच्चों को नियमित अध्ययन, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और अपनी प्रतिभा को निखारने के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम है। जनजातीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।

 

मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि पीएम जनमन योजना के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के परिवारों तक पक्के आवास, सड़क, बिजली, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के माध्यम से जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखी जा रही है।

 

*जनजातीय किसानों की आर्थिक समृद्धि और आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर*

 

मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। धान खरीदी और कृषक उन्नति योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से कम उत्पादन वाले जनजातीय क्षेत्रों के किसानों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान बेचना अनिवार्य नहीं है। कम उत्पादन वाले क्षेत्रों के किसानों को भी निर्धारित प्रावधानों के अनुसार आदान सहायता का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि जनजातीय अंचलों में कृषि, वनोपज, स्वरोजगार और आजीविका के अवसरों का विस्तार कर परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

 

*अटल बिहारी वाजपेयी ने रखी जनजातीय कल्याण की संस्थागत नींव*

 

मंत्री श्री वर्मा ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में जनजातीय समाज के कल्याण के लिए पृथक जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण भी उनके ऐतिहासिक निर्णयों में शामिल है, जिससे प्रदेश के विकास को नई दिशा मिली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान और विकास को राष्ट्रीय प्राथमिकता दी गई है। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का आसीन होना जनजातीय समाज सहित पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।

 

*जनजातीय समाज की प्रगति से ही सशक्त होगा विकसित भारत का संकल्प — सांसद श्री भोजराज नाग*

 

समारोह में लोकसभा सांसद श्री भोजराज नाग ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास साहस, संघर्ष, स्वाभिमान और प्रकृति के साथ सामंजस्य का जीवंत उदाहरण है। जनजातीय महापुरुषों ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ सामाजिक चेतना को भी नई दिशा दीl उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क और आजीविका की सुविधाओं का निरंतर विस्तार हो रहा है। बस्तर सहित दूरस्थ जनजातीय अंचलों में विकास कार्यों को गति मिल रही है। उन्होंने जनजातीय परिवारों से बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

 

*36 नई सड़कों से दूरस्थ गांवों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी*

 

समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण सार्वा ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस अपने पूर्वजों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने के साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का महत्वपूर्ण अवसर है। जनजातीय समाज ने प्रकृति संरक्षण, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने जनजातीय युवाओं से अपनी संस्कृति और परंपराओं को सहेजते हुए शिक्षा एवं कौशल विकास के माध्यम से आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कलेक्टर ने जिले के जनजातीय बहुल क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों की जानकारी दी l

 

*प्रधानमंत्री आवास की चाबी पाकर हितग्राहियों के चेहरों पर खिली मुस्कान*

 

समारोह में जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ वितरण के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को उनके पक्के आवास की चाबियां सौंपी गईं। अपने घर की चाबी प्राप्त कर हितग्राहियों के चेहरों पर खुशी और संतोष दिखाई दिया। पक्के आवास की सुविधा परिवारों के लिए सुरक्षित जीवन और बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

 

इस अवसर पर जनजातीय समाज के उत्थान, जनसेवा और शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले समाज प्रमुखों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।

 

*पारंपरिक लोकनृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन*

 

समारोह में जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की आकर्षक झलक देखने को मिली। पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय जीवनशैली, लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक विविधता को जीवंत किया।

 

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और विभागीय उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए गए। मंत्री श्री टंक राम वर्मा सहित अतिथियों ने स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी ली। ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई।

 

समारोह में छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, जनजातीय समाज के प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्राम दुगली में आयोजित यह समारोह जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक अस्मिता के सम्मान के साथ शिक्षा, सामाजिक सशक्तिकरण, आर्थिक आत्मनिर्भरता और समावेशी विकास के संकल्प का महत्वपूर्ण अवसर बना।

  • Related Posts

    (अम्बिकापुर समाचार) लुण्ड्रा के महोरा में आंगनबाड़ी सहायिका पद के लिए आवेदन आमंत्रित, 1 दिसंबर तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन

    अम्बिकापुर 17 नवम्बर 2026/  कार्यालय एकीकृत बाल विकास परियोजना, लुण्ड्रा द्वारा आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पद पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस भर्ती के तहत सेक्टर…

    Read more

    विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु महिला मेटों का एक दिवसीय क्षमता विकास प्रशिक्षण आयोजित

    जशपुरनगर 17 नवम्बर 2026/  जनपद पंचायत दुलदुला के मंगल भवन में VB-G-RAM-G योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं महिलाओं की सहभागिता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से महिला मेटों का एक दिवसीय…

    Read more

    NATIONAL

    प्रधानमंत्री मोदी के मनीला दौरे से लेकर Cyclone Akvan के खतरे तक, स्कूल असेंबली के लिए पढ़ें 17 नवंबर की

    प्रधानमंत्री मोदी के मनीला दौरे से लेकर Cyclone Akvan के खतरे तक, स्कूल असेंबली के लिए पढ़ें 17 नवंबर की

    CM Yogi Book: ‘योगी की पाती’ में CM योगी के वनटांगिया संघर्ष, स्कूल खोलने पर दर्ज मुकदमे और 23 गांवों के विकास की कहानी

    CM Yogi Book: ‘योगी की पाती’ में CM योगी के वनटांगिया संघर्ष, स्कूल खोलने पर दर्ज मुकदमे और 23 गांवों के विकास की कहानी

    चीन-पाकिस्तान से दो मोर्चों पर जंग का खतरा, SIR पर SC में 48 सवाल, इंदिरा से डरती थीं सोनिया

    चीन-पाकिस्तान से दो मोर्चों पर जंग का खतरा, SIR पर SC में 48 सवाल, इंदिरा से डरती थीं सोनिया

    राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पटना में परिचर्चा स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूती का आधार : श्रवण कुमार,सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री

    राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पटना में परिचर्चा  स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूती का आधार : श्रवण कुमार,सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री

    स्लग- उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व का समापन, भागलपुर में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई पूजा

    स्लग- उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व का समापन, भागलपुर में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई पूजा

    ASEAN के साथ रिश्ते भारत की Act East Policy का केंद्र, मनीला रवाना होने से पहले बोले PM मोदी

    ASEAN के साथ रिश्ते भारत की Act East Policy का केंद्र, मनीला रवाना होने से पहले बोले PM मोदी