
एआई, आधुनिक विपणन, ब्रांडिंग और व्यवसाय विस्तार की रणनीतियों पर होगा मार्गदर्शन
धमतरी, 17 नवम्बर 2026। जिले के व्यापारियों, उद्यमियों एवं स्टार्टअप संचालकों को आधुनिक व्यावसायिक तकनीकों, विपणन रणनीतियों और व्यवसाय विस्तार के नए अवसरों से परिचित कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र (DTIC), धमतरी द्वारा 18 नवम्बर को विशेष सेमिनार ‘व्यापार से बाजार तक’ (From Business to Brand) का आयोजन किया जा रहा है।
यह सेमिनार स्वर्गीय संतोष नेताम महानदी सभागार, कम्पोजिट बिल्डिंग, जिला कलेक्ट्रेट, धमतरी में दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा। इसमें मुख्य वक्ता के रूप में चार्टर्ड अकाउंटेंट, लेखक एवं बिजनेस एजुकेटर सीए सौरभ केला व्यावसायिक विकास और व्यवसाय को एक मजबूत ब्रांड के रूप में स्थापित करने के संबंध में मार्गदर्शन देंगे।
सेमिनार में वर्तमान समय में व्यवसाय के लिए उपयोगी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के व्यावहारिक उपयोग, बिक्री एवं भंडार प्रबंधन, ग्राहक संबंध प्रबंधन (सीआरएम), आंकड़ों के आधार पर व्यावसायिक निर्णय लेने तथा ब्रांडिंग, बाजार में उत्पाद की पहचान और व्यवसाय विस्तार की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम में सीए सौरभ केला की पुस्तक ‘दुकान से ब्रांड तक’ में दिए गए महत्वपूर्ण व्यावसायिक सूत्रों को भी व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया जाएगा। इसमें उत्पाद एवं बाजार के बीच बेहतर तालमेल, ग्राहक व्यवहार की समझ, प्रभावी विपणन, बिक्री एवं ग्राहक प्रतिधारण, ब्रांड निर्माण, आकर्षक पैकेजिंग, वित्तीय अनुशासन तथा खुदरा व्यापार से थोक व्यवसाय तक विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल होंगे।
सेमिनार के दौरान जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, धमतरी के अधिकारी तथा जिला नोडल प्रशिक्षण एवं समन्वय एजेंसी सीजीएस नेटवर्क के विशेषज्ञ भी प्रतिभागियों को व्यवसाय स्थापना, उद्यमिता एवं स्टार्टअप विकास के संबंध में मार्गदर्शन देंगे। साथ ही केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत उपलब्ध ऋण, अनुदान, सब्सिडी एवं अन्य वित्तीय सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। छत्तीसगढ़ शासन की औद्योगिक विकास नीति तथा स्टार्टअप एवं इनोवेशन नीति के अंतर्गत उद्यमियों को मिलने वाले प्रोत्साहनों, सुविधाओं और संभावनाओं से भी अवगत कराया जाएगा।
यह सेमिनार दुकानदारों, खुदरा व्यापारियों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) संचालकों, स्टार्टअप संस्थापकों तथा नया व्यवसाय शुरू करने के इच्छुक युवाओं के लिए विशेष रूप से उपयोगी होगा। इसका प्रमुख उद्देश्य स्थानीय व्यापार एवं उद्योग को पारंपरिक कार्यप्रणाली से आगे बढ़ाकर आधुनिक तकनीक, नवाचार और प्रभावी व्यावसायिक प्रबंधन से जोड़ना है, ताकि स्थानीय व्यवसाय अधिक प्रतिस्पर्धी बन सकें और बाजार में अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकें।
सेमिनार में सहभागिता एवं अधिक जानकारी के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, धमतरी के मोबाइल नंबर 83032-85157 एवं 81037-18222 तथा सीजीएस नेटवर्क के मोबाइल नंबर 93017-27212 पर संपर्क किया जा सकता है।









