
*- जनजातीय गौरव दिवस पर स्वास्थ्य मंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को किया सामग्री वितरण एवं उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित*
*- राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में शीघ्र स्थापित होगी एमआरआई मशीन, नवीन फिजियोथेरेपी कॉलेज भी होगा प्रारंभ*
*- जनजातीय क्षेत्र बूचाटोला के लिए 24 घंटे के भीतर एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की घोषणा*

राजनांदगांव 17 नवम्बर 2026। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल आज पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम राजनांदगांव में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल का पारंपरिक बायसन हॉर्न मुकुट पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उन्होंने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को सामग्री वितरित की तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं महिलाओं को सम्मानित किया। स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने जनजातीय क्षेत्र बूचाटोला के लिए 24 घंटे के भीतर नवीन एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की घोषणा की। साथ ही अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं एवं आवश्यक निर्माण कार्यों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जनजातीय गौरव दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनजातीय समाज छत्तीसगढ़ की पहचान और गौरव है। प्रकृति के प्रति प्रेम, जल-जंगल-जमीन के संरक्षण तथा समृद्ध कला, संस्कृति और परंपराओं को संजोए रखने में जनजातीय समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, रानी दुर्गावती तथा सिद्धू-कान्हू के त्याग, बलिदान एवं संघर्ष को स्मरण करते हुए कहा कि इन महानायकों ने समाज को स्वाभिमान, अधिकारों की रक्षा और स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, उत्थान एवं सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से जनजातीय बाहुल्य क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बस्तर अभियान के अंतर्गत लगभग साढ़े 33 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा एक लाख से अधिक जरूरतमंदों को उपचार उपलब्ध कराया गया। प्रदेश के जिला चिकित्सालयों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में अत्याधुनिक जांच सुविधाओं का विस्तार किया गया है, जहां 134 प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। यहां लगभग 8 करोड़ रूपए की लागत से सीटी स्कैन सुविधा उपलब्ध कराई गई है। एमआरआई मशीन की स्थापना के लिए स्वीकृति एवं निविदा प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है तथा शीघ्र ही इसकी सुविधा भी उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि राजनांदगांव में नवीन फिजियोथेरेपी कॉलेज स्वीकृत किया गया है, जिसमें आगामी शैक्षणिक सत्र से अध्ययन प्रारंभ करने की योजना है। प्रदेश में पांच नवीन मेडिकल कॉलेज, 14 नर्सिंग कॉलेज एवं सात फिजियोथेरेपी कॉलेज की स्वीकृति से युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। स्वास्थ्य मंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की प्रगति एवं युवाओं की सहभागिता से वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प साकार होगा।
सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है। देश की स्वतंत्रता एवं समाज के उत्थान में जनजातीय वीरों, क्रांतिकारियों और महापुरूषों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, तिलका मांझी, सिद्धू-कान्हू, गुंडाधूर सहित अनेक जनजातीय नायकों ने अंग्रेजी शासन के विरूद्ध संघर्ष किया और देश की आजादी में अपना अमूल्य योगदान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान एवं पहचान दिलाने का कार्य किया जा रहा है। जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन से नई पीढ़ी को अपने महान पूर्वजों के त्याग, बलिदान एवं संघर्ष की जानकारी मिल रही है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपरा एवं इतिहास को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
महापौर श्री मधुसूदन यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के उत्थान एवं विकास के लिए संकल्प लेने का दिन है। जनजातीय समाज सदैव जल, जंगल और जमीन का संरक्षक रहा है। भगवान बिरसा मुंडा सहित अनेक जनजातीय वीरों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके त्याग, संघर्ष एवं बलिदान से प्रेरणा लेकर समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जनजातीय क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति एवं विकास की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए गए हैं। उन्होंने राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन मशीन की सुविधा उपलब्ध कराने तथा एमआरआई मशीन स्थापित करने की घोषणा के लिए स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष श्री एमडी ठाकुर ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय समाज के महानायक एवं देश के स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी थे। उन्होंने अंग्रेजी शासन के अत्याचार, शोषण एवं दमन के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित कर संघर्ष किया। भगवान बिरसा मुंडा ने सीमित संसाधनों के बावजूद अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी। उनका जीवन जनजातीय समाज सहित पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वर्ष 2021 से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवम्बर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से जनजातीय बहुल क्षेत्रों में सड़क, बिजली, आवास, स्वास्थ्य एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इन योजनाओं से विशेष पिछड़ी जनजातियों सहित जनजातीय समुदाय के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। उन्होंने जनजातीय समाज से भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करते हुए शिक्षा, एकता एवं सामाजिक विकास की दिशा में आगे बढऩे का आह्वान किया।
कार्यक्रम में निक्षय पोषण योजना अंतर्गत 5 जनजातीय समूह के हितग्राहियों को डीबीटी के माध्यम से कुल 24000 रूपए की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की। इसके साथ ही 5 जनजातीय हितग्राहियों को नि:शुल्क उपचार हेतु आयुष्मान भारत कार्ड का वितरण किया गया। इस अवसर पर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मार्यादित राजनांदगांव के अध्यक्ष श्री सचिन बघेल, अध्यक्ष जनपद पंचायत राजनांदगांव श्री प्रतिमा चंद्राकर, राजगामी संपदा न्यास की अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती किरण साहू, जिला पंचायत सदस्य श्री प्रशांत कोड़ापे, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती बिरम मंडावी, जिला पंचायत सदस्य श्री गोपाल सिंह भुआर्य, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अनिता मंडावी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती देवकुमारी, पार्षद श्री सेवक उईके, राजगामी संपदा न्यास की उपाध्यक्ष श्री मनोज निर्वाणी, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मार्यादित राजनांदगांव के उपाध्यक्ष श्री भरत वर्मा, श्री कोमल सिंह राजपूत, श्री दिनेश गांधी, कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, वनमंडलाधिकारी श्री आयुष जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शीतल बंसल, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास सुश्री दीक्षा गुप्ता, जनजातीय समाज के प्रतिनिधि श्री आत्माराम चंद्रवंशी, श्री नीलकंठ गढ़े, श्रीमती सुशीला नेताम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, समाज के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।









