
*- सुशासन तिहार 2026 के तहत ग्राम खुटेरी में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित*
*- विधानसभा अध्यक्ष ने ग्राम खुटेरी में सीसी रोड निर्माण के लिए 15 लाख रूपए तथा मैदान समतलीकरण के लिए 5 लाख रूपए की घोषणा की*
*- जिले के 12 थानों के लिए 112 आपातकालीन सेवा के 12 नए वाहन उपलब्ध*
*- जिले को लगभग 65 लाख रूपए लागत का अत्याधुनिक फॉरेंसिक वाहन मिली*
राजनांदगांव 18 मई 2026। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज विधानसभा निवास कार्यालय रायपुर से सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत खुटेरी जनसमस्या निवारण शिविर में वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से शामिल हुए। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में 1 मई से सुशासन तिहार 2026 का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य गांव स्तर तक पहुंचकर जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से राजस्व प्रकरणों सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है तथा ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने शिविर में ग्राम पंचायत सरपंच द्वारा रखी गई मांगों पर ग्राम में सीसी रोड निर्माण के लिए 15 लाख रूपए तथा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में मैदान समतलीकरण के लिए 5 लाख रूपए की स्वीकृति की घोषणा की। इस अवसर पर सांसद श्री संतोष पाण्डेय नई दिल्ली से शिविर में वीडियों कॉफ्रेसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा ऊर्जा संरक्षण एवं संसाधनों के सदुपयोग तथा आवश्यक ईंधन का कम से कम उपयोग करने का आग्रह किया गया है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं लगातार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुशासन तिहार के शिविरों से जुड़कर ग्रामीणों से संवाद कर रहे हैं। सुशासन तिहार का महत्वपूर्ण उद्देश्य ग्राम स्तर पर समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करना है। राजस्व विभाग के माध्यम से नामांतरण, अविभाजित खाता, सीमांकन, डायर्वसन, आय एवं जाति प्रमाण पत्र, पेंशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, स्व-सहायता समूहों तथा रोजगारमूलक योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के आज रायपुर प्रवास के दौरान जिले के 12 थानों के लिए 112 आपातकालीन सेवा के 12 नए वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही लगभग 65 लाख रूपए लागत का अत्याधुनिक फॉरेंसिक वाहन भी जिले को मिला है, जिससे घटनास्थल पर साक्ष्य एकत्रित करने में मदद मिलेगी और अपराध नियंत्रण को मजबूती मिलेगी। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि धमधा-गैंदपुर 220 केवी विद्युत लाइन को नेशनल ग्रिड से जोड़े जाने से राजनांदगांव, कवर्धा, बेमेतरा, बलौदाबाजार एवं भाटापारा क्षेत्र को दोहरी विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा। इससे विद्युत गुणवत्ता में सुधार होगा। उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बताया कि खुटेरी क्लस्टर की 11 पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत वित्तीय वर्ष 2024 से 2026 अंतर्गत 999 आवास स्वीकृत किए गए हैं। जिसमें 624 आवास पूर्ण हो चुके हैं तथा 375 आवासों में से 332 आवास प्रगतिरत हैं। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने खुटेरी ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि सामुदायिक भवन, कबीर कुटीर, मैदान समतलीकरण, मिनी स्टेडियम, साइकिल स्टैंड एवं सीसी रोड जैसे कार्य कराए गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने बताया कि सिंचाई विभाग द्वारा चांदो नहर शिवनाथ डायवर्सन लाइनिंग कार्य 114 करोड़ 63 लाख रूपए की लागत से किया जा रहा है, जिससे 34 ग्राम पंचायतों को लाभ मिलेगा, जिनमें 20 पंचायते राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र की हैं। उन्होंने कहा कि मोखला-जंगलेश्वर एनीकट निर्माण के लिए 4 करोड़ 69 लाख रूपए की स्वीकृति दी गई है, जिससे कटाव रोकने एवं जल संरक्षण में मदद मिलेगी। वहीं सोमनी से खुटेरी तक 68 करोड़ रूपए की लागत से सर्विस लेन निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व से जानकारी ली। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व ने बताया कि खुटेरी क्लस्टर की 11 पंचायतों में अविभाजित नामांतरण के 43 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका निराकरण किया गया। अविभाजित खाता के 13, सीमांकन के 27 तथा त्रुटि सुधार के 18 आवेदन प्राप्त हुए हैं। प्राप्त सभी आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण किया गया है। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से पेयजल व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि खुटेरी क्लस्टर में वर्तमान में पेयजल की कोई समस्या नहीं है तथा धीरी मल्टी विलेज योजना के माध्यम से जलापूर्ति की जा रही है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने क्षेत्र में सिंचाई सुविधा के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शिवनाथ डायवर्सन नहर लाइनिंग कार्य तेजी से प्रगति पर है। बारिश पूर्व लाइनिंग कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे आगामी सिंचाई सत्र में किसानों को लाभ मिल सके। उन्होंने सोमनी-खुटेरी सर्विस लेन निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने लखपति दीदी एवं स्व-सहायता समूहों की महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि रेडी-टू-ईट, मसाला एवं पापड़ निर्माण जैसे कार्यों से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। इन उत्पादों को प्रदेश स्तर तक पहुंचाने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम है तथा आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जा रहा है।
सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने कहा कि सुशासन तिहार शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गरीब, किसान, महिला एवं युवाओं के हित में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति, स्व-सहायता समूहों एवं लखपति दीदी योजना महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता है। सांसद श्री पाण्डेय ने कहा कि जनसमस्या निवारण शिविरों के माध्यम से नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, रोजगार, पेयजल सहित विभिन्न समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिल रही है। इस अवसर पर सरपंच ग्राम पंचायत खुटेरी श्रीमती उम्मी साहू ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, अध्यक्ष जनपद पंचायत श्रीमती प्रतिमा चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य श्री देवकुमार साहू, विधायक प्रतिनिधि श्री संतोष अग्रवाल, श्री खूबचंद पारख, श्री राजेन्द्र गोलछा, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सुरूचि सिंह, एसडीएम श्री गौतम पाटिल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, 11 ग्राम पंचायतों के सरपंच तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।









