
धमतरी, 25 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज बाजारकुर्रीडीह में जनमन योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन 50 सीटर हॉस्टल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए भवन के विभिन्न कक्षों का बारीकी से निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता, निर्धारित समय-सीमा की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय में प्रस्तावित कक्षों में पेयजल, शौचालय एवं विद्युत जैसी आवश्यक सुविधाओं के बारे में भी पूछा। साथ ही भवन की सुरक्षा और निर्धारित निर्माण मानकों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो। उन्होंने शेष कार्य को 20 दिनों के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस आवासीय विद्यालय के तैयार होने से कमार जनजाति के बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ आवासीय सुविधा भी उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि जनमन योजना के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और उनके बेहतर भविष्य के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री विमल साहू सहित क्षेत्र के पंचायत पदाधिकारी, जनजातीय एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









