
जिले में 122 कीटनाशी विक्रय परिसरों का निरीक्षण*
*- 9 कीटनाशी अनुज्ञप्तियां निलंबित, 22 विक्रय केंद्रों पर प्रतिबंध, 1 विक्रय केंद्र की अनुज्ञप्ति निरस्त*
राजनांदगांव 24 अगस्त 2026। कृषि विभाग द्वारा किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं मानक कृषि आदान उपलब्ध कराने तथा कीटनाशकों के अवैध एवं नियम विरूद्ध व्यापार पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जिले में कीटनाशी विक्रेताओं के विक्रय परिसरों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अब तक जिले में 122 कीटनाशी विक्रय परिसरों का निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की गई है। निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 9 कीटनाशी अनुज्ञप्तियों को निलंबित, 22 विक्रय केंद्रों पर कीटनाशकों के विक्रय पर प्रतिबंध तथा 1 विक्रय केंद्र की अनुज्ञप्ति निरस्त की गई है। इसके अतिरिक्त 8 अमानक कीटनाशकों के विक्रय पर प्रतिबंध लगाते हुए संबंधित कंपनियों को भी नोटिस जारी किया गया है।
उप संचालक कृषि श्री टीकम सिंह ठाकुर ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर विभिन्न कीटनाशी विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों में आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान लाल बहादुर नगर में साहू कृषि केंद्र, अभिषेक कृषि केंद्र, गायत्री कृषि केंद्र तथा देवांगन कृषि केंद्र डोंगरगढ़ में कीटनाशी अधिनियम एवं प्रचलित नियमों के विरूद्ध कीटनाशकों का व्यापार किया जाना पाया गया। निरीक्षण के दौरान संचालकों द्वारा बिना वैध दस्तावेज के कीटनाशकों का व्यापार करते पाए जाने पर विक्रय प्रतिबंध एवं अनुज्ञप्ति निलंबन की कार्यवाही की गई।
उप संचालक कृषि श्री टीकम सिंह ठाकुर ने बताया कि किसानों के हितों की रक्षा तथा गुणवत्तापूर्ण कृषि आदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिले में कीटनाशी, उर्वरक एवं बीज विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। नियम विरूद्ध व्यापार, अमानक कृषि आदानों के विक्रय अथवा आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में कृषि आदानों का व्यवसाय करने वाले विक्रेताओं के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।









