
*समयबद्ध कार्यवाही के दिए निर्देश*
रायपुर, 25 अगस्त 2026/ रायपुर के दीनदयाल ऑडिटोरियम साइंस कॉलेज ग्राउंड में स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव की अध्यक्षता में स्कूल शिक्षा विभाग की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेश की शैक्षणिक गतिविधियों, अधोसंरचना विकास, डिजिटल शिक्षा और विभागीय योजनाओं की प्रगति की व्यापक समीक्षा की गई। मंत्री यादव ने अधिकारियों को लंबित कार्यों को समय-सीमा के भीतर निराकृत करने तथा शासकीय मंशा के अनुरूप योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
*डिजिटल शिक्षा और प्रशासनिक कार्यों में लाएं पारदर्शिता*
बैठक में शिक्षकों-कर्मचारियों की ऑनलाइन उपस्थिति, वीएसके व सीजी स्कूल पोर्टल में पंजीयन और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के लंबित आवेदनों की समीक्षा की गई। मंत्री ने स्पष्ट किया कि सभी विभागीय पोर्टलों पर डेटा समय पर अपडेट होना चाहिए। इसके अलावा, विगत दो वर्षों के निलंबन, बहाली और न्यायालयीन प्रकरणों में समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
*मूलभूत सुविधाओं और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान*
अधोसंरचना विकास के तहत स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय योजना के तहत गैप एनालिसिस और बालिका शौचालय विहीन स्कूलों में निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। पूर्ण हो चुके मरम्मत व निर्माण कार्यों का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। आगामी परीक्षाओं के दृष्टिगत पाठ्यक्रम को समय पर पूरा करने और सतत मूल्यांकन से छात्रों की प्रगति पर नजर रखने को कहा गया। स्मार्ट क्लास और आईसीटी संसाधनों का केवल प्रावधान ही नहीं, बल्कि कक्षाओं में नियमित उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। पीएम श्री योजना और समग्र शिक्षा के बजट का नियमानुसार और उद्देश्यपूर्ण उपयोग करने की हिदायत दी गई।
*सर्व-संवर्धन और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां*
मंत्री गजेंद्र यादव ने शनिवार को आयोजित होने वाले बैगलेस डे को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस दिन बच्चों को योग, खेलकूद, शारीरिक व रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाए। इसके साथ ही, विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने के लिए स्कूलों में एनएसएस (NSS), एनसीसी (NCC) तथा स्काउट-गाइड गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया।
*हर महीने होगी समीक्षा*
स्कूल शिक्षा मंत्री ने घोषणा की कि राज्य शासन के निर्देशों के क्रियान्वयन की समीक्षा अब प्रत्येक माह की जाएगी। अधिकारियों से मासिक प्रगति रिपोर्ट प्राप्त कर जिलेवार समीक्षा की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में लोक शिक्षण संचालनालय के समस्त संभागीय संयुक्त संचालक, जिला शिक्षा अधिकारी (DEO), जिला मिशन समन्वयक (समग्र शिक्षा), जिला क्रीड़ा अधिकारी एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) उपस्थित रहे।









