
धमतरी, 22 जून 2026 (IMNB NEWS AGENCY) भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और राष्ट्रीय गौरव से जनसामान्य को जोड़ने के उद्देश्य से सोमवार को जिले में “सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा” का शुभारंभ किया गया। यात्रा के तहत जिले के चारों विकासखंडों से चयनित 12 प्रबुद्धजन, जिन्होंने संस्कृति और समाज के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है, गुजरात स्थित सोमनाथ धाम के दर्शन एवं सांस्कृतिक भ्रमण के लिए रवाना हुए।
हरदिहा साहू परिसर में आयोजित कार्यक्रम में महापौर श्री रामू रोहरा ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ऐसी यात्राएं हमारी सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़ाव को मजबूत करने का माध्यम बनती हैं तथा नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपराओं से परिचित कराती हैं। इस अवसर पर डीएमसी श्री अनुराग त्रिवेदी, श्री डुमन लाल ध्रुव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से संचालित एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य देश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, ऐतिहासिक विरासत और आध्यात्मिक परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा राष्ट्रीय एकता एवं सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करना है।








