
Heavy snowfall: जम्मू-कश्मीर के डोडा में बर्फ में फंसे राष्ट्रीय राइफल्स यूनिट के 40 जवानों समेत 60 लोगों को सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने निकाल लिया है. बीआरओ ने 10500 फुट की ऊंचाई पर स्थित चतरगला दर्रे पर बचाव और सड़क बहाली अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया. यह दर्रा भद्रवाह-चतरगला मार्ग पर है.
सड़क पर पांच से छह फीट जमी बर्फ
35 सीमा सड़क कार्य बल (बीआरटीएफ) की 118 सड़क निर्माण कंपनी (आरसीसी) ने भारी बर्फबारी के एक दिन बाद 24 जनवरी को अभियान शुरू किया और लगभग 38 किलोमीटर सड़क को साफ किया. जो पांच से छह फीट बर्फ से ढकी हुई थी. बर्फबारी लगभग 40 घंटे तक जारी रही. 25 जनवरी की शाम तक मार्ग खोल दिया गया, जिससे फंसे हुए 20 नागरिकों और 4 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) के 40 जवानों को हथियारों व सामान के साथ सुरक्षित निकाला जा सका. बचाव अभियान 26 जनवरी की सुबह पूरा हो गया और इसमें कोई भी हताहत नहीं हुआ.

बर्फबारी के बाद मुगल रोड पर ट्रैफिक रोक दिया गया
घाटी में भारी बर्फबारी के कारण BRO पुंछ के 79 RCC द्वारा मुगल रोड पर युद्ध स्तर पर बर्फ हटाने का काम चल रहा है. बर्फबारी और फिसलन भरी स्थितियों के कारण सड़क बंद है, पीर की गली के रास्ते पुंछ से कश्मीर और हीरपुर के रास्ते कश्मीर से पुंछ तक मुगल रोड पर ट्रैफिक रोक दिया गया है.
बर्फबारी के कारण श्रीनगर हवाई अड्डे पर सभी उड़ानें रद्द, सैकड़ों पर्यटक फंसे
कश्मीर में बर्फबारी के कारण मंगलवार को श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे आने वाली और यहां से उड़ान भरने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी गईं. अधिकारियों ने बताया, जैसे ही मौसम में इस स्तर तक सुधार होगा कि रनवे को संचालन के लिए सुरक्षित घोषित किया जा सके तो उड़ानें फिर से शुरू कर दी जाएंगी. बर्फबारी के कारण कुल 58 उड़ानें रद्द की गई हैं जिनमें 29 आने वाली और 29 जाने वाली उड़ान शामिल हैं. उड़ानों के रद्द होने से उन सैकड़ों पर्यटकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं जो सप्ताहांत और गणतंत्र दिवस की छुट्टियां घाटी में बिताने के बाद घर लौटने वाले थे. फिलहाल ये सभी पर्यटक वहां फंसे हुए हैं.







