
खेल डेस्क। एशिया कप 2025 के सुपर 4 चरण के दूसरे मैच में रविवार (21 सितंबर) को भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हरा दिया। भारत ने लगातार 7वें मैच में पाकिस्तान को हराया। दुबई के दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पाकिस्तान ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 171 रन बना लिए। भारत ने 18.5 ओवर में 4 विकेट पर 174 रन बनाए।
अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने तूफानी बल्लेबाजी करके 172 रन के लक्ष्य को आसान बना दिया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 59 गेंद पर 105 रन की साझेदारी की। अंत में तिलक वर्मा ने जबरदस्त बल्लेबाजी करके मैच फिनिश किया। भारत इस जीत के साथ सुपर-4 में शीर्ष पर पहुंच गया। बांग्लादेश दूसरे नंबर पर है। श्रीलंका तीसरे और पाकिस्तान चौथे नंबर पर है। भारत का अगला मैच बांग्लादेश से 24 सितंबर को है। पाकिस्तान का अगला मैच 23 सितंबर को श्रीलंका से है।
पाकिस्तान के लिए ओपन करने आए फखर जमान 15 रन के स्कोर पर हार्दिक की गेंद पर आउट हुए। फरहान ने 34 गेंदों पर अर्धशतक लगाया और 58 के स्कोर पर आउट हुए। सैम अयूब 21 रन, हुसैन तलत 10, मोहम्मद नवाज 21, सलमान आगा 17 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। जबकि फहीम अशरफ 20 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की तरफ से शिवम दुबे ने 2 जबकि हार्दिक पंड्या और कुलदीप यादव ने एक-एक विकेट लिए।
भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने 74, शुभमन गिल ने 47 रन बनाए। तिलक वर्मा 30 रन बनाकर नाबाद रहे। संजू सैमसन 13 रन बनाकर आउट हुए। हार्दिक पंड्या 7 रन बनाकर नाबाद रहे। सूर्यकुमार यादव बगैर खाता खोले आउट हुए। पाकिस्तान के लिए हारिस रऊफ ने 2 विकेट लिए। अबरार अहमद और फहीम अशरफ ने 1-1 विकेट लिए।









