
घरेलू गैस व पेट्रोल-डीजल पर्याप्त, कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई
अफवाहों से बचें, जरूरत के अनुसार ही लें गैस व ईंधन—कलेक्टर
धमतरी, 31 मार्च 2026/जिले में घरेलू गैस, डीजल एवं पेट्रोल की उपलब्धता पूरी तरह से सामान्य एवं पर्याप्त है। किसी भी प्रकार की कमी या आपूर्ति बाधित होने की स्थिति नहीं है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों को किसी भी तरह की अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा है कि वे पैनिक होकर अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर भरवाने या डीजल-पेट्रोल का भंडारण करने से बचें। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सभी आवश्यक ईंधनों की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है और भविष्य में भी इसकी निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। अतः किसी भी प्रकार की घबराहट या जल्दबाजी की आवश्यकता नहीं है।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने यह भी बताया कि घरेलू गैस, डीजल एवं पेट्रोल की कालाबाजारी अथवा जमाखोरी करने वालों के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा सतत निगरानी रखते हुए कड़ी कार्रवाई की जा रही है। संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे नियमित रूप से निरीक्षण करें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करें।
उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा है कि वे केवल आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन का उपयोग करें एवं अनावश्यक भंडारण से बचें, ताकि सभी को समान रूप से संसाधन उपलब्ध हो सकें। साथ ही, रसोई कार्यों के लिए वैकल्पिक ईंधनों का संतुलित उपयोग करने की भी सलाह दी गई है, जिससे संसाधनों का समुचित प्रबंधन किया जा सके।
कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिले में आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ सतत समन्वय स्थापित किया गया है। सभी वितरण केंद्रों एवं पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या उस पर विश्वास करने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कालाबाजारी की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें। प्रशासन द्वारा जिले में शांति एवं सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।









