
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल रायपुर द्वारा अमीन भर्ती परीक्षा-2025 आगामी 07 दिसम्बर को आयोजित की जाएगी। कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने परीक्षा की तैयारियों को लेकर आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि उक्त परीक्षा के लिए जिले में कुल 44 परीक्षा केन्द्र स्थापित किए गए हैं, जहां 09 हजार 554 पंजीकृत अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा पारदर्शिता और निष्पक्षतापूर्वक सम्पन्न हो, इसके लिए छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल रायपुर द्वारा अभ्यर्थियों हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा की नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आस्था बोरकर ने बताया कि कलेक्टर द्वारा जिले के परीक्षा केन्द्रों में व्यापमं द्वारा जारी निर्देश और मापदण्डानुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि व्यापमं द्वारा अभ्यर्थियों के लिए जारी दिशानिर्देश के अनुरूप परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने के कम से कम 2 घंटे पूर्व पहुंचना होगा, जिससे उनकी समय पर फ्रिस्किंग गहनता से की जा सके एवं पहचान पत्र का सत्यापन किया जा सके। यह भी बताया गया कि परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जायेगा।
व्यापमं द्वारा जारी निर्देशों का हवाला देते हुए नोडल अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षार्थी हल्के रंग की आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा देने आएं। काले, गहरे नीले, गहरे हरे. जामुनी, मैरून, बैगनी रंग व गहरे चॉकलेटी रंग का कपड़े पहनकर परीक्षा में सम्मिलित होने की अनुमति नहीं होगी। केवल साधारण स्वेटर (बिना पॉकेट) की अनुमति है। सुरक्षा जांच के समय स्वेटर को उतारकर सुरक्षा कर्मी से जांच कराना होगा। इसके अलावा फुटवियर के रूप में चप्पल पहनने के निर्देश दिए गए हैं, कानों में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित है। परीक्षा प्रारंभ होने के पहले आधा घंटा में एवं परीक्षा समाप्ति के आखिरी आधा घंटा में परीक्षा कक्ष से बाहर जाना वर्जित है। इसी तरह परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार का संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा। प्रवेश पत्र के सभी पेज का प्रिंट आउट लेकर और पेज के केवल एक तरफ प्रिंट कराने कहा गया है, क्योंकि प्रत्येक परीक्षा हेतु व्यापम की प्रति परीक्षा केंद्र में जमा हो जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि परीक्षार्थी को परीक्षा हेतु प्रवेश पत्र के साथ पहचान पत्र के रूप में मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, आधार कार्ड जिसमें अभ्यर्थी का फोटो हो, उसका एक मूल पहचान पत्र परीक्षा दिवस में परीक्षा केन्द्र में लाना अनिवार्य होगा। मूल पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं करने पर परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा, जिसके लिए अभ्यर्थी स्वयं जिम्मेदार होंगे। यदि इंटरनेट से प्राप्त प्रवेश पत्र पर फोटो नहीं आता है, तो अभ्यर्थी अपने साथ दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो लेकर परीक्षा केन्द्र में आएं। परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में केवल काले या नीले बाल पॉइंट पेन से ही उत्तर अंकित करने हेतु उपयोग में लाने के निर्देश व्यापमं द्वारा दिए गए हैं। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया है कि परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी। व्यापमं के इन निर्देशों का पालन नहीं करने पर अभ्यर्थी को परीक्षा देने से वंचित किया जा सकेगा।







