
जशपुरनगर 30 मार्च 2026/ छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण परियोजना पत्थलगांव के अंतर्गत प्रधानमंत्री जनमन बैच-1 वर्ष 2023-24 के पैकेज क्रमांक सी.जी. 07-114 के तहत एल.097-एल.-067 से बैगापारा तक 2.30 किलोमीटर लंबाई की सड़क का बीटी (बिटुमिनस) निर्माण कार्य कराया गया है। कार्यपालन अभियंता श्री संतोष नाग ने बताया कि उक्त सड़क के कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से क्षति होने की जानकारी प्राप्त होने पर विभाग द्वारा तत्परता से संज्ञान लेते हुए संबंधित ठेकेदार को आवश्यक सुधार कार्य हेतु निर्देशित किया गया था। सुधार कार्य के दौरान 14 मार्च 2026 को क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान विधायक श्रीमती रायमुनी भगत द्वारा भी सड़क के क्षतिग्रस्त बीटी भाग को सुधारते हुए पुनः निर्माण कराने के निर्देश दिए गए। प्राप्त निर्देशों एवं विभागीय कार्रवाई के तहत संबंधित सड़क में पुनः बीटी कार्य पूर्ण कर लिया गया है। कार्यपालन अभियंता द्वारा स्थल निरीक्षण करने पर वर्तमान में सड़क की स्थिति संतोषप्रद पाई गई है तथा बीटी कार्य पूर्ण रूप से व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण पाया गया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है तथा प्राप्त शिकायतों पर त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई की जाती है। बैगापारा सड़क में भी आवश्यक सुधार कार्य कराकर अब मार्ग को सुगम एवं सुरक्षित बना दिया गया है।








