Friday, April 19

भव्यता से सम्पन्न हुआ चेम्बर का दीपावली मिलन समारोह

रायगढ़ – छ.ग. चेम्बर ऑफ कामर्स एण्ड इंडस्ट्रीज का दीपावली मिलन समारोह गत 16 नवम्बर को जिन्दल ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया था, जो कि नगर के गणमान्य जन व जिले के व्यापारी बंधु गण की उपस्थिति व रायगढ़ लोकसभा सांसद गोमती साय के मुख्य आतिथ्य और रायगढ़ विधायक प्रकाश नायक के अध्यक्षता में भव्यता से सम्पन्न हुआ। उक्त कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर की महापौर जानकी काटजू, भाजपा प्रदेश महामंत्री ओ. पी. चौधरी, भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत, छ.ग. चेम्बर के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्रीचंद सुन्दरानी व भारतीय उद्योग एवं व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष योगेश अग्रवाल, जिंदल स्टील एण्ड पावर लिमिटेड के ई. डी. सब्यसाची बंदोपाध्याय, ओ. पी. जिंदल स्कूल के प्राचार्य आर. के. त्रिवेदी जैसे गणमान्य जन मंच पर उपस्थित रहे।


व्यापारी बंधुओं ने दीपावली मिलन समारोह कि की भूरि-भूरि प्रशंसा
छ.ग. चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज के दीपावली मिलन समारोह को व्यापारी बंधुओं ने अद्वितीय बताया और कार्यक्रम की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उक्त कार्यक्रम के विषय में नगर के कई व्यापारी बंधुओं ने अपनी टिप्पणी में कहा कि छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कामर्स एण्ड इंडस्ट्रीज के प्रदेश उपाध्यक्ष सुशील रामदास व प्रदेश मंत्री शक्ति अग्रवाल के नेतृत्व एवं राजेश अग्रवाल चेम्बर के संयोजन तथा चेम्बर एक्शन कमिटी के 45 सदस्यों के श्रम से आयोजित किया गया दीपावली मिलन समारोह अद्वितीय रहा।
कार्यक्रम के केन्द्र में रहे मोटीवेशनल स्पीकर सोनू शर्मा
व्यापार को स्थानीय स्तर पर किस प्रकार समृद्ध बनाया जा सकता है के विषय पर मोटिवेशनल स्पीकर सोनू शर्मा द्वारा सभा को संबोधित किया गया। जो कि बहुत ही प्रभावशाली और अंतर्मन को स्पर्श करने वाला संबोधन रहा। उन्होंने अपने संबोधन में मुख्य रूप से स्थानीय बाजार को स्थानीय उत्पादों से अधिक गति देने पर जोर दिया और कहा कि कार्यों को निष्पादित करने में सबसे अधिक सहायक आपका अपना आत्मविश्वास होता है। वहीं समृद्धि का मूल-मंत्र अनुशासन और समय के प्रति पाबंद होने को बताया और उन्होंने अपने जीवन के अनुभव को साझा करते हुए टेलीविजन और मोबाइल पर खर्च किए जाने वाले समय को प्रगति में बाधक बताया।
कार्यक्रम को गोमती साय और प्रकाश नायक ने भी बताया अद्वितीय
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद गोमती साय और कार्यक्रम अध्यक्ष रायगढ़ विधायक प्रकाश नायक ने भी अपने संबोधन में कार्यक्रम को अद्वितीय बताया और उनके भी संबोधन में कुछ समानताएँ रहीं। नेता द्वय ने कहा कि व्यापार समाज का रीढ़ होता है और विकसित समाज का मानक भी उसका व्यापार व उसके द्वारा उत्पादित उत्पाद ही होता है। समाज की आर्थिक गतिविधियों के आकलन से ही आज समाज के समृद्ध होने का भी आकलन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम अध्यक्ष प्रकाश नायक ने कहा कि व्यापारी बंधुओं को मैं प्रताड़ित होते नहीं देख सकता और मेरे रहते कोई भी व्यापारी बंधुओं को प्रताड़ित नहीं कर सकता है। वहीं कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद गोमती साय ने कहा कि रायगढ़ एक ऐसा जिला है, जो राजस्व के मामले में प्रदेश मेें दूसरा स्थान रखता है, लेकिन विडम्बना यह है कि उसके अनुपात में यहां विकास कार्य नहीं हो रहा है। सड़कों के स्थिति को दयनीय बताते हुए उन्होंने कहा कि मैं सरकार से अधिक से अधिक धन उपलब्ध कराने का प्रयास करूंगी, किन्तु अधोसंरचना को विकसित करने पर विशेष रूप से ध्यान देने की आवश्यकता है। इसके अतिरिक्त पूर्व आई.ए.एस. ओपी चौधरी ने भी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था आज विश्व की पाचवीं सबसे बड़ी अर्थ व्यवस्था है। जो कि 2028 में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगी अर्थात् भारत टेकऑफ मोड में है। अतः जरूरत बस इस बात की है कि भारत में 10 हजार अम्बानी और 20 हजार अडानी जैसी सोच वाले व्यापारियों को विकसित किया जाए। उसके पश्चात् जिन्दल के ई.डी. ने भी चुटीले अंदाज में सभा को संबोधित किया, जिसकी जनता ने प्रशंसा की। उसके पश्चात् चेम्बर के पूर्व अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी और योगेश अग्रवाल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि व्यापार ही समाज का रीढ़ होता है। इसलिए व्यापारियों का सम्मान का ध्यान सरकारों को रखना चाहिए। अन्यथा व्यापारी सत्ता को बदलने और पुनरावृत्ति करने की शक्ति रखता है।
सुशील ने कहा कि व्यापारी बंधुओं की समस्याएँ हमारी अपनी समस्याएँ हैं
दीपावली मिलन समारोह के अवसर पर छ.ग. चेम्बर ऑफ कामर्स एण्ड इंडस्ट्रीज के प्रदेश उपाध्यक्ष सुशील रामदास ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि दीपावली मिलन में हम अपने व्यापारी बंधुओं से मिलने के लिए एकत्रित हुए हैं और हम सब अपने सुख को एक दूसरे से तो बांटते ही हैं। किन्तु मेरा यह विश्वास है कि जिले के हर व्यापारी की समस्या और उसके सुख-दुःख दोनों में हमारी बराबर सहभागिता रहती है। रायगढ़ के सड़कों पर दोनों जनप्रतिनिधियों का ध्यान केन्द्रित कराते हुए उन्होंने कहा कि यदि सड़कें अच्छी होंगी तो व्यापार भी उन्नत होगा। इसलिए हमारा सरकारों से आग्रह है कि हमारे जिले से प्राप्त राजस्व का कम से कम 10 प्रतिशत राशि यहां के अधोसंरचना पर खर्च किया जाए। ताकि व्यापार और जीवन स्तर में सुधार हो।
शक्ति अग्रवाल ने किया धन्यवाद ज्ञापन
छ.ग. चेम्बर ऑफ कामर्स एण्ड इंडस्ट्रीज के प्रदेश मंत्री शक्ति अग्रवाल ने सभा में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, व्यापारी बंधुओं और रायपुर से आये पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व भारतीय उद्योग एवं व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष सहित गणमान्य जन व पत्रकार बंधुओं को धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि बदलते हुए जमाने के साथ हमें भी व्यापार के तरिकों में बदलाव कर लेना चाहिए। साथ ही साथ यह भी देखने की जरूरत है कि जब तकनीक प्रधान हो तो हम भी तकनीक की जानकारी प्राप्त कर लें और अपने व्यापार को नये तकनीकी प्लेटफार्म पर भी रखें।
कार्यक्रम संयोजक ने प्रस्तुत किया प्रतिवेदन
कार्यक्रम संयोजक और चेम्बर के पूर्व प्रदेश मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि व्यापारिक हितों के संरक्षण के लिए छ.ग. चेम्बर प्रतिबद्ध है। यह संस्थान हिन्दुस्तान की सबसे बड़ी व्यापारिक संगठन है, जिसके वर्तमान में लगभग 21 हजार सदस्य हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *