
श्रद्धेय शिवराज वि. पाटिल, स्वराज कौशल, डॉ. राम विलास वेदान्ती और 10 दिसम्बर को सड़क दुर्घटना में दिवगंत आरक्षकों को श्रद्धांजलि अर्पित की
भोपाल (IMNB NEWS AGENCY)
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विधानसभा के 17 दिसंबर के विशेष सत्र में निधन संबंधी उल्लेख के अंतर्गत भूतपूर्व लोकसभा अध्यक्ष श्री शिवराज वि. पाटिल, भूतपूर्व राज्यपाल मिजोरम श्री स्वराज कौशल, भूतपूर्व लोकसभा सदस्य डॉ. रामविलास वेदांती और 10 दिसंबर 2025 को नेशनल हाईवे 44 पर बम डिस्पोजल स्क्वॉड के वाहन की कंटेनर से भिड़ंत में मृत आरक्षकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री शिवराज वि.पाटील का स्मरण करते हुए कहा कि लोकसभा के उपाध्यक्ष तथा अध्यक्ष पद को सुशोभित करने वाले श्री पाटिल अनेक संसदीय समितियों के सभापति तथा विभागीय परामर्शदात्री समितियों के सदस्य रहे। उनके निधन से देश ने एक वरिष्ठ राजनेता, संसदविद् एवं कर्मठ समाजसेवी खो दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्री स्वराज कौशल सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता तथा मिजोरम के एडवोकेट जनरल रहे। वे मिजोरम के राज्यपाल रहने के अतिरिक्त राज्यसभा के सदस्य भी निर्वाचित हुए। उनके निधन से देश ने एक वरिष्ठ नेता तथा कुशल न्यायविद खोया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि डॉ. राम विलास वेदान्ती के निधन से देश ने हिन्दू समाज के वरिष्ठ धार्मिक एवं आध्यात्मिक गुरु और राजनेता को खो दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि 7 अक्टूबर 1958 को गुढ़ जिला रीवा में जन्में डॉ. वेदान्ती विश्व हिन्दू परिषद तथा श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट राम जन्म भूमि मुक्ति अभियान से जुड़े थे। वे श्रीराम जन्म भूमि न्यास के कार्यकारी अध्यक्ष भी रहे। श्री वेदान्ती ग्यारहवीं और बारहवीं लोकसभा के सदस्य निर्वाचित हुए तथा अनेक संसदीय समितियों एवं विभागीय परामर्शदात्री समिति के सदस्य रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिनांक 10 दिसम्बर, 2025 को सागर जिले के बांदरी के पास बम डिस्पोजल स्क्वॉड के वाहन एवं एक कन्टेनर की टक्कर में आरक्षक श्री प्रद्युम्न दीक्षित, श्री अनिल कौरव, डॉग मास्टर श्री विनोद शर्मा एवं श्री परिमल सिंह तोमर की मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हुए चारों जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री श्री यादव ने सदन में दो मिनिट का मौन रखकर दिवंगतों के प्रति श्रदांजलि अर्पित की।








